जर्जर पुलिया बनी काल, क्षेत्र में मातम

जर्जर पुलिया बनी काल, क्षेत्र में मातम

प्रशासनिक लापरवाही ने ली चार घर के चिरागों की जान

  • अधूरी सड़क और सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी से 20 फिट गहरी खाई में गिरी बाइक
  • अंधेरे में नहीं दिखी टूटी पुलिया, सीधे पाइप से टकराए युवक

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। कालपी से भैंसवाही के बीच स्थित एक जर्जर और टूटी हुई पुलिया से मोटरसाइकिल सीधे 20 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक घटना में एक ही बाइक पर सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा न केवल तेज रफ्तार का नतीजा है, बल्कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क और विभाग की घोर लापरवाही का प्रमाण है।जानकारी अनुसार ग्राम भैंसवाही और टिकराटोला के बीच करीब पांच साल पहले लगभग ढाई किमी की बनाई गई सड़क की यह पुलिया पिछली बरसात में ही क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा होने के बावजूद न तो यहाँ कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। रात के अंधेरे में युवक टूटी हुई पुलिया को देख नहीं पाए और बाइक अनियंत्रित होकर नीचे रखे सीमेंट के पाइपों से जा टकराई, जिससे चारों की तत्काल मृत्यु हो गई।

मृतकों में कोई इकलौता पुत्र, तो कोई लाया था नई बाइक 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा और एसडीओपी पीएस वालरे दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। मृतकों की पहचान में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतकों में प्रमोद नरेती (24), निवासी रमतिला परिवार का इकलौता पुत्र था, जो बाहर कंपनी में काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था। संतलाल उइके (23) निवासी बस्तरी निवास ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी और घर आया हुआ था। शिवम यादव (17) एवं गंगाराम उइके (22), निवासी मांडोगढ़ टिकरिया दोनों ही युवा इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।

गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार 

रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में चारों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद अपने-अपने पैतृक गांवों में रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और ग्रामीणों में प्रशासनिक अनदेखी को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है। बीजाडांडी पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

रात्रि में ही मौके पर पहुंचा पुलिस बल 

बताया गया कि घटना शनिवार की रात्रि लगभग आठ बजे हुई। घटना की जानकारी जैसे ही मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा को लगी तो वह मंडला से घटना स्थल के लिए रवाना हुए। वहीं निवास एसडीओपी पीएस वालरे के साथ निवास थाना प्रभारी गोपाल घासले, बीजाडांडी थाना प्रभारी सहित पूरा बल मौके पर पहुंचा और घटना स्थल से शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी पहुंचाया गया।



रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


एनएच-30 पर काल बनकर टूटी शनिवार की रात – Mahaveer News 29

एनएच-30 पर काल बनकर टूटी शनिवार की रात

Leave a Comment