एनएच-30 पर काल बनकर टूटी शनिवार की रात

एनएच-30 पर काल बनकर टूटी शनिवार की रात

दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों की दर्दनाक मौत

  • बीजाडांडी क्षेत्र में पुलिया से नीचे गिरी तेज रफ्तार बाइक
  • हाईवे मार्ग में कंटेनर पलटने के बाद पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की देर रात दो भीषण सड़क हादसे हुए। इन हादसों में जहाँ एक ओर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के पुलिया से नीचे गिर जाने के कारण चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक अनियंत्रित कंटेनर पलटने के बाद पीछे से आ रहा ट्रक फिर पलटे कंटेनर से टकरा गया।

पहला हादसा-पुलिया से गिरी बाइक, चार घर के चिराग बुझे

जानकारी अनुसार पहला और सबसे दर्दनाक हादसा भैंसवाही ग्राम के पास हुआ। यहाँ एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक तेज रफ्तार में जा रहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस कर रही शिनाख्त 

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने चारों युवकों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।


दूसरा हादसा – एनएच 30 पर कंटेनर पलटा, पीछे से ट्रक भी टकराया 

बताया गया कि शनिवार देर रात ही नेशनल हाईवे 30 पर स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बीजाडांडी के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे अचानक पलट गया। तेज रफ्तार कंटेनर मार्ग किनारे बनी एक झोपड़ी में पलटा था, गनीमत रही कि हादसे के दौरान वहां कोई नहीं था, जिसके कारण एक बड़ा हादसा और जनहानि टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंटेनर के पलटने के तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पलटे कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कंटेनर में सवार चालक, परिचालक बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटे आई। जिन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया।

जांच में जुटी पुलिस 

इन दोनों हादसों के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बीजाडांडी थाना पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है और हादसों के सटीक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



 

Leave a Comment