उदयपुर और अंजनिया में ईद-उल-फितर पर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

उदयपुर और अंजनिया में ईद-उल-फितर की धूम: सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

ईदगाह में गूँजी अमन की दुआ” और “‘गांधी चौक’ पर ईद-नवरात्रि मिलन

  • उदयपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाई ईद-उल-फितर
  • ईदगाह में गूँजी अमन-चैन की दुआ, गले मिलकर दी मुबारकबाद
  • आपसी सौहार्द की मिसाल बने विभिन्न समाजों के लोग

मंडला महावीर न्यूज 29. इस्लाम के पवित्र माह रमजान के 30 रोजों के मुकम्मल होने पर मुस्लिम समाज द्वारा ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। बरकतों वाले इस महीने में इबादत और रोजों के बाद रब की तरफ से मिले इस ईद के तोहफे को लेकर समाज के हर वर्ग में भारी खुशी देखी गई।ईद के पावन अवसर पर सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग नए परिधान पहनकर और इत्र लगाकर मस्जिदों व ईदगाह की ओर रवाना हुए। नगर की आला मस्जिद के इमाम आबिद रजा साहब ने ईद की विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान खुतबा पढ़ा गया और देश में अमन, चैन व खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ मांगी गई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद पेश की।

सांप्रदायिक सौहार्द की दिखी झलक 

इस खुशी के मौके पर केवल मुस्लिम समुदाय ही नहीं, बल्कि अन्य समाजों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे और गले मिलकर अपने मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी। त्यौहार के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया, जो अपनी नई पोशाकों में सज-धजकर अपने बड़ों से ईदी मांगते नजर आए। नमाज के बाद दिन भर दावतों का दौर चलता रहा, जहां लोगों ने शीर-खुरमे और लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।

प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य जन रहे उपस्थित 

समारोह में मुख्य रूप से कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मूलचन्द मसराम, उपसरपंच जगदीश यादव, पूर्व जनपद अध्यक्ष धनराज वरकडे, इकबाल अहमद, अब्दुल गनी, मो. सब्बीर, शेख धनी मो., मो. ताहिर, शेख रमजान, मो. साबिर, महबूब मन्सूरी, दाऊद मन्सूरी, नोसाद मन्सूरी और हैदर अली सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी और नागरिक उपस्थित रहे।


अंजनिया में दिखी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने गले मिलकर दी ईद और नवरात्रि की बधाई

  • गांधी चौक पर नर्मदा सेवा समिति ने आयोजित किया ईद मिलन समारोह
  • देश में अमन-चैन के लिए मांगी दुआ

मंडला महावीर न्यूज 29.  ग्राम अंजनिया में इस वर्ष ईद-उल-फितर का पर्व विशेष उत्साह, भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश के साथ मनाया गया। जहाँ एक ओर मुस्लिम समाज ने मस्जिद और ईदगाह में नमाज अदा कर देश की तरक्की की दुआ मांगी, वहीं दूसरी ओर हिंदू भाइयों के साथ मिलकर खुशियां साझा कर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग नए वस्त्र पहनकर ईदगाह पहुँचे, जहाँ मदीना मस्जिद के इमाम साहब की सदारत में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित धर्मावलंबियों ने अल्लाह से देश में शांति, आपसी भाईचारा और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ की। नमाज के पश्चात सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

नर्मदा सेवा समिति का भव्य ईद मिलन आयोजन 

नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोग जब नगर के गांधी चौक बस स्टैंड पहुँचे, तो वहाँ नर्मदा सेवा समिति द्वारा गांधी मंच पर एक भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर के दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यहाँ हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी, जो आपसी प्रेम और सौहार्द का जीवंत उदाहरण बना।

नवरात्रि और ईद की दी शुभकामनाएं 

समारोह के दौरान आपसी भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला, जब मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने हिंदू भाइयों को चैत्र नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने कहा कि अंजनिया की यह संस्कृति विविधता में एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम और एकता की भावना और अधिक मजबूत होती है।

लिया संकल्प, मिलकर मनाएंगे हर त्योहार

समारोह में नगर के सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, बुजुर्ग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इसी तरह एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाएंगे और क्षेत्र में शांति व सौहार्द का वातावरण बनाए रखेंगे।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


 

Leave a Comment