65वें जन्मदिन को यादगार बनाएंगे बाबूलाल
बबलिया में होगा भव्य 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ
- जीवन में पहली बार मना रहे जन्मोत्सव
- मंडला सांसद और पीएचई मंत्री संपतिया उइके होगी शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-निवास मार्ग पर स्थित ग्राम देवरीकला बबलिया के पूर्व उपसरपंच एवं भाजपा जिला सदस्य बाबूलाल यादव अपना 65वां जन्मदिवस एक अनोखे और आध्यात्मिक अंदाज में मनाने जा रहे हैं। अपने जीवन के इस पड़ाव को यादगार बनाने के लिए उन्होंने भव्य 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के आयोजन का संकल्प लिया है। बाबूलाल यादव का कहना है कि उन्होंने आज तक अपना जन्मदिन नहीं मनाया है, इसलिए इस बार वे अपने सभी सहपाठियों, मित्रों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर इसे पूरे उत्साह और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाना चाहते हैं।
बताया गया कि इस दिन को विशेष बनाने के लिए दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की रूपरेखा बनाई गई है। अखिल विश्व गायत्री परिवार और ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह महायज्ञ आगामी 24 और 25 मार्च को पुराना बालक छात्रावास बस स्टैंड बबलिया परिसर में संपन्न होगा। 24 मार्च मंगलवार दोपहर 3 बजे शिव मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 25 मार्च बुधवार सुबह 7.30 बजे से गायत्री महायज्ञ और विभिन्न वैदिक संस्कार होंगे। शाम 6 बजे भव्य दीप महायज्ञ के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
नेता, जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
बताया गया कि इस विशेष अवसर पर जिले के दिग्गज नेताओं की उपस्थिति भी होगी। इस जन्मोत्सव सह धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं मप्र शासन की पीएचई मंत्री संपतिया उइके शामिल होंगी। विशेष अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते और जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच देवचरण पन्द्राम और उपसरपंच संजय सोनी द्वारा की जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गायत्री परिवार ने क्षेत्र की जनता से इस पावन उत्सव में सम्मिलित होने की अपील की है।










