मंडला में चैत्र नवरात्रि की धूम
जय माता दी के जयकारों से गूंजे मंदिर और शक्तिपीठ
- हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का भव्य आगाज
- बड़ी खैरमाई और ज्वाला जी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज समूचा मंडला जिला शक्ति की उपासना में डूब गया है। घट स्थापना के साथ ही नौ दिवसीय इस महापर्व का विधिवत शुभारंभ हुआ। जिले के प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्त माता रानी को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
प्रमुख मंदिरों में भक्तों का तांता
नवरात्रि के प्रथम दिन प्रसिद्ध बड़ी खैरमाई मंदिर (बिंझिया) में जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहाँ आकर्षक सजावट के बीच सुबह की आरती के साथ दर्शनों का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। इसके अलावा किला वार्ड स्थित देवी मंदिर, महाराजपुर ज्वाला जी मंदिर, सिंह वाहिनी माता मंदिर, शीतला माता मंदिर और चौगान मढ़िया जैसे सिद्ध स्थलों पर भक्तों ने ज्योत कलश प्रज्वलित कर मन्नतें मांगीं।
हिंदू नववर्ष और गुड़ी पड़वा का उल्लास
आज से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का भी प्रारंभ हो गया है। नई शुरुआत और सकारात्मक ऊर्जा के इस प्रतीक दिवस पर मंडला में महाराष्ट्रीयन समाज द्वारा गुड़ी पड़वा का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घरों के बाहर सुंदर गुड़ी सजाई गई और नव संवत्सर का स्वागत किया गया।
नर्मदा तट पर आस्था की डुबकी
नवरात्रि और नववर्ष के संगम पर माँ नर्मदा के तटों पर भी विशेष रौनक रही। श्रद्धालुओं ने नर्मदा स्नान के पश्चात तट स्थित मंदिरों में पूजन-अर्चन किया। घर-घर में माँ शैलपुत्री की पूजा के साथ दुर्गा सप्तशती के पाठ गूंज रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया है।
नैनपुर में विशेष आयोजन और रामनवमी की तैयारी
नैनपुर क्षेत्र के मां शीतला खेरमाई मंदिर, वार्ड 14 की छोटी खेरमाई और निवारी स्थित शक्ति धाम में भी भक्तों की भारी भीड़ रही। यहाँ नौ दिनों तक भजन-कीर्तन और विशेष अनुष्ठान चलेंगे।
विशेष आकर्षण
नवरात्रि के समापन पर रामनवमी के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की मनमोहक झांकियां शामिल होंगी।










