148वीं वाहिनी सीआरपीएफ कैंप में गूंजे माता के जयकारे
- विधि-विधान से हुई कलश स्थापना, कमांडेंट ने की पूजा-अर्चना
- जवानों और उनके परिवारों को दी नवरात्रि की शुभकामनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. देश की आंतरिक सुरक्षा में मुस्तैदी से तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148वीं वाहिनी, पुलिस लाइन मंडला में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। नवरात्रि के प्रथम दिन वाहिनी के कैंप स्थित सर्वधर्म प्रार्थना स्थल में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ।
वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि ने मां दुर्गा की आराधना कर कलश स्थापना की। इस अवसर पर उन्होंने बल के सभी जवानों और उनके परिजनों की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कमांडेंट ने सभी को नवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का संचार करते हैं।
जवानों में दिखा उत्साह
कठिन ड्यूटी के बीच भी जवानों ने भक्ति भाव के साथ माता की सेवा का संकल्प लिया। कलश स्थापना के इस कार्यक्रम में रत्नेश कुमार सिंह द्वितीय कमान अधिकारी और मनोरंजन कुमार उप कमांडेंट सहित वाहिनी के अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। पूरा परिसर जय माता दी के जयकारों से गुंजायमान रहा।










