148वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने मनाया सीआरपीएफ दिवस

148वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने हर्षोल्लास के साथ मनाया सीआरपीएफ दिवस

  • कमांडेंट ने दी सलामी
  • आंतरिक सुरक्षा में बल के अदम्य साहस और बलिदान को किया याद

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में तैनात 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा सीआरपीएफ दिवस गौरव और समारोह पूर्वक मनाया गया। इस विशेष अवसर पर वाहिनी के मुख्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बल के गौरवशाली इतिहास और देश सेवा के संकल्प को दोहराया गया। समारोह का शुभारंभ क्वार्टर गार्ड पर नया ध्वज फहराकर किया गया। वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि सहित अन्य अधिकारियों और जवानों ने सीआरपीएफ के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कमांडेंट ने बल की सफलता की कामना करते हुए समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को इस विशेष दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
संबोधन के दौरान कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि ने बताया कि 19 मार्च 1950 को तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने इस बल को निशान (ध्वज) प्रदान किया था, इसी समय से इस गौरवशाली दिन को सीआरपीएफ दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ आज देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ है।

देश-विदेश में दी उत्कृष्ट सेवाएं 

कार्यक्रम में बल की बहुआयामी भूमिका पर चर्चा की गई, जिसमें प्रमुख बिंदु जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आतंकवाद व पूर्वोत्तर में उग्रवाद के विरुद्ध निर्णायक भूमिका। मध्य भारत में वामपंथी उग्रवाद नक्सलवाद का डटकर सामना करना। चुनाव सुरक्षा, दंगा नियंत्रण और वीवीआईपी सुरक्षा में समर्पण। प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत एवं बचाव कार्य। संयुक्त राष्ट्र संघ के तत्वाधान में विदेशों में शांति स्थापना हेतु साहसिक कार्य।

सांस्कृतिक और खेल आयोजन 

दिवस के उपलक्ष्य में शाम को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही सभी भोजनालयों में बड़े खाने (प्रीतिभोज) का आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भोजन कर आपसी भाईचारे का परिचय दिया। इस अवसर पर रत्नेश कुमार सिंह द्वितीय कमान अधिकारी, मनोरंजन कुमार उप कमांडेंट सहित वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारी एवं भारी संख्या में जवान उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment