श्रद्धा और उत्साह के साथ निकलेगी भगवान झूलेलाल की विशाल वाहन रैली
- शहर में गूंजेंगे जय झूलेलाल के जयकारे, चेटीचंड महोत्सव आज
- शोभायात्रा और भंडारे के साथ सिंधी समाज मनाएगा अपना नववर्ष
मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी समाज के इष्ट देव, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल साईं के जन्मोत्सव चेटीचंड के अवसर पर आज पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर रहेगा। सिंधु नवयुवक मंडल और मातृशक्ति के नेतृत्व में विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महोत्सव का शुभारंभ सुबह 9 बजे श्री गुरुद्वारा साहिब से एक विशाल वाहन रैली के साथ होगा। विशेष ड्रेस कोड में सज-धजकर समाज के पुरुष, महिलाएं और युवा इस रैली का हिस्सा बनेंगे। पूज्य सिंधी पंचायत के वरिष्ठ जनों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाने वाली यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुन: गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी।
भजन-कीर्तन और लंगर का आयोजन
गुरुद्वारा साहिब में भाई साहब हरनाम उदासी के सान्निध्य में विशेष भजन-कीर्तन और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के साप्ताहिक पाठ के भोग डाले जाएंगे। आध्यात्मिक कार्यक्रम के बाद सामाजिक लंगर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
शाम को सुसज्जित झांकियों के साथ निकलेगी शोभायात्रा
शाम के समय भगवान झूलेलाल जी, संत कंवर राम जी और अन्य महापुरुषों की आकर्षक झांकियों के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के साथ यह यात्रा नगर भ्रमण करते हुए रंगरेज घाट स्थित मां नर्मदा के तट पर पहुंचेगी। यहाँ भगवान झूलेलाल की विशेष पल्लव पूजा के साथ शोभायात्रा का समापन होगा।
श्री झूलेलाल मंदिर में विशेष साज-सज्जा
अंबेडकर वार्ड स्थित श्री भगवानी बाई केवल राम श्री झूलेलाल मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। यहाँ सुबह शहनाई वादन और कीर्तन के बाद स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शाम को बहिराणा साहब की पूजा-अर्चना के बाद पालकी यात्रा निकाली जाएगी। पंडित वासुदेव शर्मा के मार्गदर्शन में सभी विधि-विधान संपन्न कराए जाएंगे।









