मंडला में चैत्र नवरात्र और रामनवमी की भव्य तैयारी

मंडला में चैत्र नवरात्र और रामनवमी की भव्य तैयारी

सर्व हिंदू समाज ने बनाई रणनीति

  • भव्य होगी इस बार की रामनवमी
  • बिझिंया से निकलेगी विशाल वाहन रैली, वार्ड स्तर पर तैनात होंगे वॉलिंटियर्स
  • सनातनी उत्साह: रामनवमी पर डीजे और शोभायात्रा की धूम
  • मंडला में सर्व हिंदू समाज की बैठक में लिए गए बड़े निर्णय।

मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्र एवं रामनवमी के पावन पर्व को इस वर्ष ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए बुधवार को स्थानीय राम मंदिर में सर्व हिंदू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण रूपरेखा तय की।

आयोजन के मुख्य निर्णय:

वाहन रैली का शुभारंभ: इस वर्ष वाहन रैली का भव्य आगाज बड़ी खैरमाई माता मंदिर, बिझिंया से होगा। यह रैली पारंपरिक उल्लास के साथ निर्धारित मार्ग से निकाली जाएगी।

वार्ड स्तर पर व्यवस्था: नगर पालिका क्षेत्र और आसपास की ग्राम पंचायतों को पांच-पांच वार्डों के समूहों में बांटा गया है। सनातन धर्म उत्सव परिवार द्वारा प्रत्येक समूह के लिए एक-एक डीजे उपलब्ध कराया जाएगा।

समयबद्ध संचालन: शोभायात्रा को समय पर संपन्न कराने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। जिस वार्ड या पंचायत में डीजे पहुंचेगा, वहां से श्रद्धालुओं को समय पर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक लाने की जिम्मेदारी स्थानीय वॉलिंटियर्स की होगी।

प्रचार-प्रसार: बैठक में नागरिकों से अपील की गई है कि वे निजी स्तर पर भी भगवान श्री राम के चित्रों वाले होर्डिंग्स लगाएं, जिसमें रैली की तिथि और समय स्पष्ट रूप से अंकित हो।

रूट में बदलाव: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए इस बार वाहन रैली के मार्ग को थोड़ा छोटा रखने का निर्णय लिया गया है।

कार्यक्रम की रूपरेखा:

निर्धारित योजना के अनुसार, रामनवमी के दिन सुबह 9 बजे ‘जय श्री राम’ के जयघोष के साथ वाहन रैली प्रारंभ होगी। शाम को गरिमामय शोभायात्रा निकाली जाएगी।

अगली बैठक गुरुवार को:

आयोजन को अंतिम रूप देने और व्यापक सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से अगली बैठक गुरुवार को नगरपालिका टाउन हॉल में आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से इस बैठक में उपस्थित होने और अपने सुझाव साझा करने का आग्रह किया है।



रिपोर्टर – गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला 


 

Leave a Comment