अंजनिया में एकजुटता की मिसाल
रोजा इफ्तार में एक साथ शामिल हुए हिंदू-मुस्लिम समाज
- सामाजिक सौहार्द का संदेश
- रेस्ट हाउस परिसर में भाईचारे के साथ खोला गया रोजा
- क्षेत्रवासियों ने दी ईद की अग्रिम बधाई
मंडला महावीर न्यूज 29. पवित्र रमजान माह के अवसर पर अंजनिया के रेस्ट हाउस परिसर में शनिवार को आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की एक अनुपम मिसाल बन गया। इस कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए और आपसी प्रेम व सद्भाव का परिचय दिया।
एक दस्तरखान पर बही भाईचारे की बयार
कार्यक्रम के दौरान दोनों समुदायों के लोग एक साथ बैठकर रोजा इफ्तार में शामिल हुए। रोजा खोलने के उपरांत सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर आगामी ईद-उल-फितर की अग्रिम बधाई दी। उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने समाज में शांति, अखंडता और आपसी सम्मान को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस सहभागिता ने क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब की गौरवशाली परंपरा को पुनः जीवंत कर दिया।
एकजुटता का संदेश
आयोजन में अंजनिया सदर फिरोज खान, सादिक खान, इमरान खान, उपसरपंच विनोद पटेल, केबी पटेल, संतोष मूलचंदानी, समीर झा और संतोष झारिया सहित दोनों समुदायों के अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना अत्यंत मजबूत है, जहाँ सभी लोग धर्मों की सीमाओं से ऊपर उठकर मिलजुलकर पर्व-त्योहार मनाते हैं।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️










