8 कमरों का कच्चा मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

निवास के थानमगांव में भीषण अग्निकांड

8 कमरों का कच्चा मकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

  • दमकल की दो गाडिय़ों ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
  • आगजनी के पीछे साजिश की आशंका से फैली सनसनी

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के ग्राम थानमगांव मटिया टोला में एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कतनू सिंह नरेटी के कच्चे मकान में लगी आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते घर की पूरी गृहस्थी, अनाज, जेवर और नगदी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि घर में मौजूद एक वृद्ध महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।बताया गया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय स्तर पर बुझाने के प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलते ही निवास थाना प्रभारी गोपाल घासले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और तत्काल निवास से दमकल वाहन मंगवाया। आग की तीव्रता को देखते हुए जिला मुख्यालय मंडला से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलवाना पड़ा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आसपास के दर्जनों कच्चे मकानों पर भी आग का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन बीच में एक पक्के मकान के होने से बड़ा हादसा टल गया।

साजिश की चर्चाएं, पुलिस जुटी जांच में 

इस अग्निकांड ने न केवल घर का आशियाना उजाड़ दिया, बल्कि गाँव में दहशत भी फैला दी है। घटना के बाद से ही ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। कुछ ग्रामीणों ने इस आग के पीछे पड़ोस के ही एक व्यक्ति की संदिग्ध भूमिका होने की आशंका जताई है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम मौके पर नुकसान का आकलन कर रही है। निवास पुलिस ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।



रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे

Leave a Comment