पड़ोसियों के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद खत्म

नेशनल लोक अदालत में 20 प्रकरणों का आपसी सहमति से निपटारा

  • 57 पक्षकार हुए लाभान्वित, 9 लाख से अधिक की राशि के अवार्ड हुए पारित
  • मजिस्ट्रेट की समझाइश से पड़ोसियों के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद खत्म

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तहसील विधिक सेवा समिति बिछिया में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला न्यायाधीश कमल जोशी के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मजिस्ट्रेट मीनल गजबीर द्वारा माँ सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

लोक अदालत के दौरान न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों को रखा गया। कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद कुल 7 सिविल और 13 क्रिमिनल प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया, जिससे 57 पक्षकारों को त्वरित न्याय का लाभ मिला। इसके अतिरिक्त बैंकों और नगर परिषद भुआबिछिया के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों पर भी सुनवाई हुई, जिसमें कुल 9,08,620 रुपए की राशि के अवार्ड पारित किए गए।

पड़ोसियों ने गिले-शिकवे भुलाकर मिलाया हाथ 

इस लोक अदालत की एक बड़ी सफलता वार्ड क्रमांक 14 निवासी अनिल यादव और रोहित यादव के बीच चल रहा पुराना विवाद रहा। मई 2024 से चल रहे प्रकरण (207/24) में न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनल गजबीर, एडीपीओ कामेंद्र परस्ते और अधिवक्ता विजय चौरसिया की समझाइश रंग लाई। दोनों पड़ोसियों ने आपसी सहमति से राजीनामा किया और भविष्य में सद्भावना पूर्वक रहने का संकल्प लिया।

इनकी रही उपस्थिति 

इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय चौरसिया, सचिव पीयूष पांडेय, बलराम शर्मा, जेपीएन मिश्रा, थानेश्वर तेकाम, संदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, एडीपीओ कामेंद्र सिंह परस्ते, विभिन्न विभागों के अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment