भपसा पंचायत में भ्रष्टाचार की अंतिम सीमा
श्मशान घाट की पुलिया का पैसा डकार गए जिम्मेदार
- 7 लाख रुपए स्वीकृत, एक साल से काम अधूरा
- पंचों और ग्रामीणों ने सरपंच-उपसरपंच पतियों पर लगाए बंदरबांट के आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत मंडला के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भपसा में भ्रष्टाचार का एक ऐसा मामला सामने आया है, जहाँ अब मुर्दों की अंतिम यात्रा का रास्ता भी सुरक्षित नहीं रह गया है। यहाँ श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग पर स्वीकृत पुलिया सह स्टॉपडैम का कार्य एक वर्ष बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है, जबकि आरोप है कि इसकी 7 लाख रुपए की राशि निकाल ली गई है।
ग्राम पंचायत के पंच अंकित कछवाहा, श्याम सिंगौर और अन्य ग्रामीणों ने सीधा आरोप लगाया है कि पंचायत में सरपंच और उपसरपंच पतियों का बोलबाला है। उनके हस्तक्षेप और मनमानी के कारण नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्य गुणवत्ताविहीन कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि नियमों को ताक पर रखकर फर्जी बिलों के माध्यम से राशि निकाली जा रही है और सरपंच-उपसरपंच पतियों के निजी खातों में सरकारी पैसा डाला जा रहा है।

पारदर्शिता का अभाव और कागजी खेल
पंचों का कहना है कि पंचायत के निर्वाचित सदस्यों को भी विकास कार्यों की जानकारी नहीं दी जाती। पंचायत में पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और जिम्मेदार अधिकारियों को किसी भी जांच का डर नहीं है। पुलिया का काम अधूरा होने के कारण शव यात्रा को लंबे और घुमावदार रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
प्रभारी मंत्री से लगाई गुहार
उच्चाधिकारियों से लगातार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से परेशान ग्रामीणों ने अब जिले के प्रभारी मंत्री से उम्मीद लगाई है। पास के ग्राम हिरदेनगर में एक धार्मिक कार्यक्रम में आए रहे प्रभारी मंत्री से ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि वे एक बार भपसा पंचायत आकर इन अधूरे और गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें, जिससे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।










