मानवता की मिसाल
148वीं वाहिनी सीआरपीएफ के जवान ने रक्तदान कर बचाई एक और जान
- ब्लड बैंक में रक्त की कमी के बीच सिपाही दीपक कुमार ने किया ए-पॉजिटिव रक्तदान
- पेश की सेवा की नजीर
मंडला महावीर न्यूज 29. केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148वीं वाहिनी के जवान न केवल देश की सुरक्षा में तैनात हैं, बल्कि वे विपरीत परिस्थितियों में आम नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए भी सदैव तत्पर रहते हैं। इसी मानवीय कड़ी में 148वीं वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के निर्देशन में जवान दीपक कुमार ने रक्तदान कर एक जरूरतमंद की जान बचाई है।
जानकारी अनुसार ग्राम मोहगांव निवासी 30 वर्षीय चौधरी उद्दे को उपचार के दौरान रक्त की अत्यंत आवश्यकता थी। जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की सलाह दी, परंतु ब्लड बैंक में उक्त ग्रुप का रक्त उपलब्ध नहीं था। ऐसी आपात स्थिति में परिजनों ने 148वीं वाहिनी सीआरपीएफ से संपर्क किया। सूचना मिलते ही वाहिनी में तैनात सिपाही, चालक दीपक कुमार ने बिना देरी किए जिला चिकित्सालय पहुँचकर 12 मार्च की शाम को एक यूनिट ए-पॉजिटिव रक्तदान किया।
जवान ने दिया रक्तदान का संदेश
रक्तदान के बाद सिपाही दीपक कुमार ने अन्य नागरिकों को भी रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रक्तदान करना पूर्णत: सुरक्षित है और इससे शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी के जीवन में नई आशा का संचार कर सकता है।
लगातार मिल रहा बल का सहयोग
148वीं वाहिनी सीआरपीएफ मंडला जिले के जरूरतमंदों की नियमित रूप से सहायता करने के लिए जानी जाती है। कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के नेतृत्व में वाहिनी के जवान न केवल अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं। जवान के इस सराहनीय कार्य की अस्पताल प्रशासन और स्थानीय जनों ने हृदय से सराहना की है।









