लघु उद्योग विकास परिषद ने धौरगांव और ठरका में शुरू किए रोजगार प्रशिक्षण केंद्र
- बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण
- महिलाओं को मिलीं सिलाई मशीनें और स्वरोजगार के उपकरण
मंडला महावीर न्यूज 29. आत्मनिर्भर भारत और हर हाथ में रोजगार, हर घर रोजगार के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लघु उद्योग विकास परिषद मंडला द्वारा ग्राम पंचायत धौरगांव एवं ठरका में दो नए केंद्रों का शुभारंभ किया गया। इस दौरान न केवल शिक्षा का दीप जलाया गया, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत उज्जवला शिक्षा मिशन के तहत जरूरतमंद बच्चों को पठन-पाठन की सामग्री का वितरण किया गया। परिषद द्वारा बच्चों को बैग, पुस्तक, कॉपी, पहाड़ा चार्ट और बोर्ड जैसी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि ग्रामीण अंचल के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
वही औद्योगिक प्रशिक्षण महिला विकास योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए सिलाई-कढ़ाई सामग्री और सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा, जिससे वे घर बैठे अपनी आजीविका अर्जित कर सकेंगी।
ग्रामीणों में उत्साह
केंद्रों के शुभारंभ अवसर पर लघु उद्योग विकास परिषद के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। परिषद के प्रतिनिधियों ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य हर घर तक रोजगार पहुँचाना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उपस्थित ग्रामीणों ने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा और आत्मनिर्भरता की एक नई लहर आएगी।









