खबर का असर-3 महीने से बंद हैंडपंप हुआ चालू

3 महीने से बंद हैंडपंप हुआ चालू, बड़झर ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

  • प्रशासन ने लिया संज्ञान, विभाग की टीम ने पहुंचकर सुधारा हैंडपंप
  • ग्रामीणों ने जताया आभार

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत बड़झर के वार्ड क्रमांक 2 के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले तीन महीनों से खराब पड़े हैंडपंप को प्रशासन और संबंधित विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए सुधार दिया है। इस समस्या को मंडला महावीर न्यूज 29 द्वारा 12 मार्च को प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद महज 24 घंटे के भीतर विभाग हरकत में आया और 13 मार्च को हैंडपंप की मरम्मत पूरी कर दी गई।

पानी के लिए जूझ रहे थे 50 परिवार 

बताया गया कि ग्राम पंचायत बड़झर के वार्ड नंबर 2 में लगा वर्षों पुराना हैंडपंप तीन महीने से खराब था, जिससे 50 से अधिक परिवारों को पेयजल के लिए एक किलोमीटर दूर नर्मदा नदी तक जाना पड़ रहा था। भीषण गर्मी के बीच यह समस्या ग्रामीणों के लिए अत्यंत कष्टकारी बनी हुई थी। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब विभाग ने सुनवाई नहीं की, तो खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

ग्रामीणों ने जताया आभार 

हैंडपंप चालू होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मंडला महावीर न्यूज 29 का विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मीडिया के हस्तक्षेप से ही उनकी बड़ी समस्या का समाधान संभव हो सका। स्थानीय निवासियों ने विभागीय अधिकारियों से यह अपेक्षा भी जताई है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं को लेकर वे अधिक संवेदनशील रहें और शिकायत मिलते ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें ताकि आम जनता को बार-बार दर-दर न भटकना पड़े।


 

Leave a Comment