20 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा चेटीचण्ड महोत्सव
- सजेगी भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा, तैयारियों में जुटा सिंधी समाज
- फूड फेस्टिवल, सिंधी नाट्य मंचन और वाहन रैली समेत होंगे विविध आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. सिंधी समाज के इष्ट देव, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल सांई जी का 1076वां जन्मोत्सव चेटीचंड महोत्सव के रूप में आगामी 20 मार्च को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए सिंधी समाज द्वारा बैठक आयोजित कर कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। महोत्सव की शुरुआत भगवान झूलेलाल के चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई।
आयोजन की श्रृंखला में 14 मार्च को अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में प्रात: 6 बजे अमृत वेला में श्री गुरुग्रंथ साहिब जी का पाठ आरंभ किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम विशेष आरती व पूजा आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
समाज की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 15 मार्च को चित्रकला प्रतियोगिता, महिलाओं द्वारा आनंद मेला फूड फेस्टिवल और संगीत निशा, 18 मार्च को बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, फैंसी ड्रेस, खेलकूद और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 19 मार्च को सास-बहू जोड़ी डांस, क्विज प्रतियोगिता और सिंधी नाट्य मंचन मुहंजी शादी करायो जिसमें बाल कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
निकाली जाएगी वाहन रैली और विशाल शोभायात्रा
महोत्सव के मुख्य दिन 20 मार्च को सुबह 9 बजे अंबेडकर वार्ड से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो मंडला और महाराजपुर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करेगी। इसके पश्चात श्री गुरुग्रंथ साहिब के पाठ का भोग एवं आम लंगर भंडारा आयोजित होगा। सायं काल में पूज्य मुखी साहब की मौजूदगी में पंडित वासुदेव शर्मा द्वारा श्री बहिराणा साहिब जी की पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद निकलने वाली विशाल शोभायात्रा में भगवान झूलेलाल जी, संत कंवर राम जी और श्री राम दरबार की आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी। बैंड-बाजों के साथ यह यात्रा नगर भ्रमण कर माँ नर्मदा के तट पर पल्लव पूजा के साथ संपन्न होगी।










