ग्राम निवारी में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

ग्राम निवारी में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

  • शासकीय भूमि पर अवैध कॉलोनी का निर्माण ध्वस्त
  • कॉलोनाइजर के कब्जे से मुक्त हुई 0.160 हेक्टेयर सरकारी जमीन
  • एसडीएम के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर के ग्राम निवारी में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आशुतोष महादेव ठाकुर के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन को अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराया।जानकारी अनुसार ग्राम निवारी स्थित खसरा नंबर 434 कुल रकबा 0.845 हेक्टेयर में से लगभग 0.160 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर कॉलोनाइजर चंद्रकांत गढ़ेवाल द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। उक्त भूमि पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था और नाली निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका था।

जेसीबी से ढहाया गया निर्माण 

मामले की शिकायत और पुष्टि होने के बाद तहसीलदार हरि सिंह धुर्वे की उपस्थिति में राजस्व अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के कॉलोनी का निर्माण और शासकीय भूमि पर कब्जा करना कानूनन अपराध है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की अपील 

एसडीएम आशुतोष महादेव ठाकुर ने आम नागरिकों और कॉलोनाइजरों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निर्माण से पहले वैध प्रशासनिक अनुमति अवश्य लें। जिले में अवैध कॉलोनियों पर नकेल कसने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक पुरुषोत्तम शिव, हल्का पटवारी आशीष उईके सहित राजस्व विभाग का अन्य अमला और पुलिस बल मौजूद रहा।


 

Leave a Comment