ग्राम विकास को मिलेगी नई गति

ग्राम विकास को मिलेगी नई गति

  • मोहगांव में प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण संपन्न
  • प्रशिक्षण के जरिए प्रस्फुटन समितियों और सखियों को सिखाए विकास के गुर

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में विकासखंड निवास के पंचायत भवन मोहगांव में एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्था आदिवासी जनकल्याण विकास संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों और नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ग्राम पंचायत मोहगांव की सरपंच श्रीमती सुनीता उलाड़ी द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यशाला में ग्राम बसगढ़ी, मोहगांव, हीरापुर, जवैधा एवं तौरदरा की समितियों से कुल 32 प्रतिभागियों ने शिरकत की।संस्था प्रतिनिधि उमा गणेश लोधी ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ग्राम स्तर पर जनसहभागिता के माध्यम से सतत विकास सुनिश्चित करना ही इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य है। मुख्य प्रशिक्षक एवं परामर्शदाता उत्तम परस्ते ने समितियों की भूमिका और दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशा मुक्ति और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर समितियों को सक्रिय होने का आह्वान किया।

शासकीय योजनाओं पर दिया जोर 

कार्यशाला में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि प्रस्फुटन समितियां ग्रामीणों और सरकार के बीच एक सेतु का कार्य करें, जिससे पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंच सके। प्रशिक्षण के अंत में सभी 32 प्रतिभागियों को उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए नवांकुर संस्था द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संस्था ने सभी जनप्रतिनिधियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।



 

Leave a Comment