दो दिन से प्रसव पीड़ा से तड़प रही गाय का सफल सिजेरियन

दो दिन से प्रसव पीड़ा से तड़प रही गाय का सफल सिजेरियन

डॉक्टरों ने बचाई जान

  • अंजनिया के पशुपालक की गाय का हुआ जटिल ऑपरेशन
  • जिला पशु चिकित्सालय की टीम ने पेश की मिसाल

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला पशु चिकित्सालय मंडला के डॉक्टरों ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए एक गाय का सफल सिजेरियन ऑपरेशन किया है। पिछले दो दिनों से गंभीर प्रसव पीड़ा से जूझ रही गाय अब पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित है।

जानकारी अनुसार बिछिया विकासखंड के ग्राम अंजनिया निवासी पशुपालक भानु मरावी की गाय पिछले दो दिनों से प्रसव नहीं कर पा रही थी और असहनीय पीड़ा में थी। पशु चिकित्सालय में जब विशेषज्ञों ने जांच की, तो पाया गया कि गर्भ में पल रहे बछड़े की मृत्यु हो चुकी थी। स्थिति इतनी जटिल थी कि सामान्य प्रसव कराना संभव नहीं था, जिससे गाय की जान को भी बड़ा खतरा पैदा हो गया था।

चिकित्सकों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन

उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. यू.एस. तिवारी के मार्गदर्शन में प्रभारी शल्य चिकित्सा विंग डॉ. सुमित कुमार पटेल और डॉ. श्रुति गौर के नेतृत्व में तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया गया। टीम में रामचंद्र शुक्ला, पारिता जैन, आशुतोष चौधरी एवं सहायक स्टाफ शामिल रहा। डॉक्टरों की इस टीम ने घंटों चली मेहनत के बाद सफलतापूर्वक सिजेरियन सर्जरी कर मृत बछड़े को बाहर निकाला और गाय की जान बचाई।

पशुपालक ने जताया आभार

ऑपरेशन के बाद गाय की स्थिति सामान्य बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। समय पर मिले इलाज और सफल ऑपरेशन से खुश होकर पशुपालक भानु मरावी ने जिला पशु चिकित्सालय की पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।



Leave a Comment