विद्यार्थी परिषद ने किया नारी शक्ति का सम्मान
समाज की नींव को सराहा
- अभाविप कार्यकर्ताओं ने सब्जी विक्रेताओं से लेकर सफाईकर्मियों तक पहुँचकर बढ़ाया महिलाओं का मनोबल
मंडला महावीर न्यूज 29. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मंडला नगर इकाई द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक अनूठी पहल करते हुए नारी शक्ति का सम्मान किया गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न स्थानों पर जाकर उन महिलाओं का विशेष अभिनंदन किया, जो कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
श्रम के प्रति सम्मान का भाव
विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने महिला सब्जी विक्रेताओं, सफाईकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला होटल संचालिकाओं के पास पहुंचकर उन्हें शॉल भेंट की और मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया। इस दौरान वातावरण अत्यंत प्रेरणादायी रहा और इन महिलाओं के चेहरों पर खुशी देखी गई।
सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता
इस अवसर पर परिषद की विभाग छात्रा प्रमुख तनुश्री बरमैया ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने आज उन मातृशक्तियों तक पहुँचने का प्रयास किया है, जो जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए समाज की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा, “अभाविप नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति का स्थान सर्वोपरि है और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव अग्रणी रहा है।”
कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी
इस गरिमामयी आयोजन में अभाविप की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान विभाग छात्रा प्रमुख तनुश्री बरमैया, आस्था, कुमकुम, जिला संगठन मंत्री जितेंद्र यादव, प्रिंस सिंह, वागीश पटेल और शिवांग मार्को सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
परिषद के इस सराहनीय कार्य की नगर में चारों ओर प्रशंसा हो रही है, जिससे समाज में कामगार महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव और अधिक सुदृढ़ हुआ है।










