पतंजलि योगपीठ ने फूलों की होली के साथ मनाया रंगोत्सव

पतंजलि योगपीठ मंडला ने फूलों की होली के साथ मनाया रंगोत्सव

  • विश्व शांति का दिया संदेश, कवियों और गायकों ने बांधा समां
  • अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृशक्ति का हुआ सम्मान

मंडला महावीर न्यूज 29. पतंजलि योगपीठ मंडला इकाई द्वारा इस वर्ष भी रंग पंचमी के पावन अवसर पर भव्य रंगोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ बीके राय, एसके यादव, सुरेश्वर जी और डॉ. करमहे जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

मातृशक्ति का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुति 

संयोगवश अंतर्र्राष्ट्रीय महिला दिवस होने के कारण कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित सभी मातृ शक्तियों का इकाई द्वारा आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात महिलाओं ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कला और हास्य का संगम 

होली के इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए जिले का नाम रोशन करने वाले प्रसिद्ध गायक श्री श्याम बैरागी जी और नवीन जैन अकेला जी सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। हास्य-व्यंग्य की इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। परिसर उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

योग और संस्कार का संदेश 

रंग पंचमी के अवसर पर केडी दुबे और राकेश गुप्ता ने उपस्थित जनों को सांकेतिक रूप से योगाभ्यास कराया। पतंजलि योगपीठ के जिला प्रमुख सुनील बाली ने स्वामी रामदेव के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि होली अहंकार के त्याग और अंतर्मन के विकारों को दहन करने का पर्व है। हमें प्राकृतिक रंगों और फूलों से होली खेलकर पर्यावरण और पानी का संरक्षण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि फूलों की होली न केवल पानी बचाती है, बल्कि त्वचा के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित है।

आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन 

पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश ठाकुर जी ने अपने चिरपरिचित हास्य और व्यंग्य शैली में किया, जिससे लोग खिलखिला उठे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को स्वल्पाहार कराया गया और आभार प्रदर्शन के साथ उत्सव का विधिपर्वत समापन हुआ।



 

Leave a Comment