होली मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, भजनों की धुन पर कार्यकर्ताओं संग थिरके मंडला सांसद
- जेवरा-रिपटा में ब्रज की होली का सजीव चित्रण
- फूलों की होली ने मंत्रमुग्ध किए हजारों श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. रंगपंचमी के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के निज निवास जेवरा-रिपटा स्थित खेल मैदान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। भक्ति, रंग और उत्साह के इस त्रिवेणी संगम में पूरा क्षेत्र सराबोर नजर आया, जहाँ राजनीति की औपचारिकताओं को पीछे छोड़ एक परिवार जैसा माहौल दिखाई दिया।
समारोह का सबसे यादगार क्षण वह रहा जब भजनों की स्वर लहरियां गूंजी और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते स्वयं को रोक नहीं पाए। वे अपने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ जमकर थिरके। अपने जनप्रिय नेता को इस सहज अंदाज में अपने बीच पाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया।
वृंदावन की होली का सजीव चित्रण ने बांधा समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वृंदावन से आए सुप्रसिद्ध श्याम कन्हैया ठाकुर रास आर्ट गु्रप की शानदार प्रस्तुति रही। कलाकारों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों और नृत्य के माध्यम से ब्रज की होली का सजीव चित्रण किया। फूलों की होली और लठमार होली के दृश्यों ने उपस्थित हजारों दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
देर शाम तक चलता रहा उत्सव
कुलस्ते परिवार द्वारा आयोजित इस स्नेह मिलन में इष्ट-मित्रों, सगे-संबंधियों और आम नागरिकों का भारी हुजूम उमड़ा। भीड़ इतनी अधिक थी कि खेल मैदान छोटा नजर आने लगा। दोपहर से शुरू हुआ यह सांस्कृतिक उत्सव देर शाम तक चलता रहा, जहाँ सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस आयोजन के माध्यम से कुलस्ते परिवार ने क्षेत्रीय जनता को एक मंच पर लाकर भक्ति और अपनी जड़ों से जुड़ी संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के समापन पर कुलस्ते परिवार ने सभी आगंतुकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।










