नारायणगंज में अतिक्रमण पर पंचायत का प्रहार
बीच सड़क पर सजी सब्जी दुकानों को प्रशासन ने हटाया
- यातायात में बाधा डालने वाले दुकानदारों पर सख्ती
- ग्राम पंचायत पड़रिया ने टिकरिया पुलिस के साथ की कार्रवाई
- पुलिस के सहयोग से हटाए गए अस्थायी निर्माण
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय को व्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बार-बार समझाइश के बाद भी सड़क पर दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने वाले सब्जी दुकानदारों पर शनिवार को कार्रवाई की गई।
नगर में अतिक्रमण की समस्या के कारण आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा था। इसी के मद्देनजर ग्राम पंचायत के अधिकारियों, सरपंच और पंचायत सदस्यों ने टिकरिया पुलिस के सहयोग से मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क के बीचों-बीच लगाई गई सब्जी दुकानों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को मौके से हटाया गया।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
पंचायत अमले ने कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कब्जा न करें। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इससे पूर्व भी कई बार दुकानदारों को समझाइश दी जा चुकी थी, लेकिन नियमों की अनदेखी के कारण यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
नगर को व्यवस्थित बनाने की प्राथमिकता
ग्राम पंचायत प्रशासन का कहना है कि सुचारू यातायात व्यवस्था और नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्रदान करना उनकी शीर्ष प्राथमिकता है। पंचायत ने सभी दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही अपनी दुकानें लगाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में पुन: अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










