पूज्य सिंधी पंचायत का गरिमामय होली मिलन समारोह संपन्न
- सिंधी समाज ने पेश की मानवता की मिसाल
- शोकाकुल परिवारों को गुलाल लगाकर मनाया होली का पर्व
- सुख-समृद्धि के लिए गुरु दरबार में की अरदास
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूज्य सिंधी पंचायत द्वारा रंगों का पावन पर्व होली मिलन समारोह अत्यंत श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में आयोजित इस कार्यक्रम में सिंधी समाज के महिला-पुरुषों और बच्चों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से भगवान श्री गणेश की आरती और पूजन के साथ हुआ। इसके बाद श्री गुरुद्वारा साहिब में विराजमान श्री राम दरबार, इष्ट देव भगवान श्री झूलेलाल जी एवं राधा-कृष्ण की विशेष आरती व माल्यार्पण कर स्तुति की गई। समाज के सभी परिवारों की सुख-शांति और खुशहाली के लिए विशेष पल्लव पूजा की गई और गुरु अरदास के साथ मंगल कामना की गई।
एक अनूठी परंपरा, शोकाकुल परिवारों के साथ होली
समारोह की सबसे विशेष कड़ी वह रही जब सिंधी समाज ने अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए उन परिवारों के साथ होली मनाई, जिनके घर बीते एक वर्ष में किसी सदस्य का निधन हुआ था। समाज के वरिष्ठों और सदस्यों ने शोकाकुल परिवारों के सदस्यों को रंग-गुलाल का तिलक लगाकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। इस भावुक पहल का उद्देश्य दुख की घड़ी से उबर कर परिवारों को पुन: खुशियों के साथ समाज की मुख्यधारा से जोडऩा था।
नगर के प्रमुख मंदिरों में टेका माथा
धार्मिक अनुष्ठान के बाद सामाजिक सदस्य अंबेडकर वार्ड स्थित श्री झूलेलाल मंदिर, धनानी परिवार स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब एवं सराफा स्थित श्री राम मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रसादी और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।










