मोहगांव में 13 दिनों से जारी है अनिश्चितकालीन धरना
- प्रशासनिक बेरुखी से फूटा आंदोलनकारियों का गुस्सा
- मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे पीछे
- जनपद सदस्य बोध सिंह मरकाम के नेतृत्व में बड़ चौराहे पर डटे ग्रामीण
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत मोहगांव के मुख्यालय स्थित मंडला-डिंडोरी सड़क मार्ग के बड़ चौराहा पर अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन और तेज होता जा रहा है। जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-08 के सदस्य बोध सिंह मरकाम के नेतृत्व में जारी यह अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आज 13वें दिन में प्रवेश कर गया है। कड़ाके की ठंड और खुले आसमान के नीचे बैठे आंदोलनकारियों में प्रशासन के रवैये को लेकर भारी नाराजगी व्याप्त है।
प्रशासन की चुप्पी से बढ़ा असंतोष
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जनपद सदस्य बोध सिंह मरकाम ने बताया कि क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों की मांगों को लेकर वे पिछले 13 दिनों से धरने पर बैठे हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई भी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर उनकी सुध लेने नहीं पहुँचा है। प्रशासन की यह चुप्पी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और आम जनता की समस्याओं के प्रति उनकी उदासीनता को दर्शाती है।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा संघर्ष
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी जायज मांगों का निराकरण नहीं किया जाता और ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक धरना स्थल खाली नहीं किया जाएगा। आंदोलन के कारण मुख्य मार्ग पर गहमागहमी बनी हुई है और स्थानीय ग्रामीणों का भी इस प्रदर्शन को भरपूर समर्थन मिल रहा है।
अब देखना यह है कि प्रशासन कब नींद से जागता है और कब इस गतिरोध को खत्म करने के लिए ठोस पहल की जाती है।









