मंडला के गर्म पानी कुंड में उमड़ रही पर्यटकों की भीड़
- कुदरत का अनूठा करिश्मा
- प्राकृतिक औषधीय जल और नर्मदा तट के सौंदर्य का केंद्र बना गर्म पानी कुंड
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रकृति की गोद में बसे मंडला जिले में वैसे तो सौंदर्य की कमी नहीं है, लेकिन जिला मुख्यालय से महज 22 किलोमीटर दूर स्थित गर्म पानी कुंड इन दिनों पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए पहली पसंद बना हुआ है। नर्मदा तट के समीप स्थित यह स्थल न केवल अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यहाँ जमीन से निकलने वाला औषधीय गर्म जल आकर्षण का मुख्य केंद्र है।
मान्यता है कि इस कुंड के गर्म जल में स्नान करने से त्वचा संबंधी रोगों और कई शारीरिक व्याधियों में लाभ मिलता है। यही कारण है कि छुट्टियों के दिनों में यहाँ परिवारों और मित्र समूहों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा सकती है। शहर की भागदौड़ से दूर शांत वातावरण, चारों ओर फैली हरियाली और पवित्र नर्मदा का सानिध्य इस स्थल को एक बेहतरीन पिकनिक स्पॉट बनाता है।
कैसे पहुँचें पर्यटक
यह स्थल मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे पर स्थित ग्राम बबैहा से मात्र 3 किलोमीटर अंदर है। जिला मुख्यालय से इसकी दूरी लगभग 22 किलोमीटर है, जिससे यहाँ पहुँचना बेहद सुलभ है। यदि प्रशासन यहाँ बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन विकास पर थोड़ा और ध्यान दे, तो यह प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शुमार हो सकता है।
पर्यटकों के लिए सलाह
प्रशासन और स्थानीय जानकारों ने यहाँ आने वाले पर्यटकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिसमें बताया गया कि कुंड में उतरने से पहले पानी का तापमान जरूर जाँच लें। बुजुर्ग, हृदय रोगी और हाई बीपी के मरीज अधिक समय तक स्नान न करें। बच्चों को कुंड के पास अकेला न छोड़ें। पथरीले और फिसलन वाले रास्तों पर सावधानी से चलें। पर्यटन स्थल की मर्यादा बनाए रखें। प्लास्टिक और कचरा यहां, वहां न फेंककर निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें। संसाधनों को नुकसान न पहुँचाएँ और नर्मदा तट की पवित्रता का सम्मान करें।










