मवेशी तस्करों पर मंडला पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक
16 चक्का ट्रक से 26 भैंसें बरामद, तस्कर गिरफ्तार
- टिकरिया थाना पुलिस की कार्रवाई
- क्रूरता पूर्वक ले जाई जा रही भैंसों से भरा ट्रक पकड़ा
- फूलसागर, पड़रिया गौशाला भेजे गए मवेशी
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध मवेशी परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत टिकरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी प्रदीप पांडे की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक 16 चक्का ट्रक को पकड़ा है, जिसमें अत्यंत क्रूरता के साथ मवेशियों को भरकर जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा था।
जानकारी अनुसार टिकरिया पुलिस को सूचना मिली थी कि मंडला की ओर से एक ट्रक अवैध रूप से मवेशी लेकर निकलने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने सक्रियता दिखाते हुए रात्रि लगभग 10 बजे थाने के सामने घेराबंदी की और बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। ट्रक के भीतर ठूस-ठूस कर 26 नग भैंसें भरी हुई थीं।
गौशाला भेजी गईं भैंसें, आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने मवेशियों को तत्काल ट्रक से मुक्त कराया और सुरक्षित रूप से फूलसागर पड़रिया स्थित गौशाला भिजवाया। ट्रक चालक और उसके साथियों को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
क्षेत्र में पुलिस की कड़ी निगरानी
थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि क्षेत्र में मवेशी तस्करी की शिकायतों को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस कार्रवाई में मेजर अभिषेक मिश्रा सहित टिकरिया पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस मुस्तैदी से मवेशी तस्करों के बीच हड़कंप का माहौल है।










