नर्मदा के कछार में आबकारी का छापा
रेत में दबाकर रखा 950 किलो महुआ लाहन बरामद
- मौके पर किया नष्ट
- अवैध शराब माफियाओं पर नकेल
- खड़देवरी में आबकारी विभाग की कार्रवाई
- एक लाख से अधिक की मदिरा व सामग्री जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला के ग्राम खड़देवरी में नर्मदा नदी के कछार क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब पर कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंडला आबकारी टीम ने नदी किनारे अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण के अड्डों को ध्वस्त किया। बताया गया कि यह कार्रवाई मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने शनिवार को अवैध शराब के विरूद्ध छापामार कार्रवाई की है।
जानकारी अनुसार कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को नदी किनारे रेत में दबाकर रखे गए 95 डब्बे महुआ लाहन बरामद हुए। प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलो लाहन भरा हुआ था। विभाग ने कुल 950 किलो महुआ लाहन को बरामद कर घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त अड्डों से लगभग 75 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब भी जब्त की गई।

आरोपी फरार, मामला किया दर्ज
आबकारी विभाग की टीम को आता देख शराब निर्माण में संलिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए। विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। जब्त शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 6 हजार 250 रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस सफल दबिश में आबकारी उपनिरीक्षक शैली सैयाम, सर्वेश नागवंशी, मुख्य आरक्षक हरेसिंह उइके, दुर्जन कुलेश, भानु पुसाम सहित आरक्षक नेतराम काकोटिया, महेश पटेल, रघुनाथ उइके, सत्यपाल मरावी, शकुंतला सैयाम, प्रिया नायडू और कन्हैया उइके की सक्रिय भूमिका रही।










