परीक्षा को उत्सव की तरह लें, बोझ की तरह नहीं

उत्कृष्ट विद्यालय में गूंजा पीएम मोदी का सफलता मंत्र

  • विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ देखा परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण
  • परीक्षा को उत्सव की तरह लें, बोझ की तरह नहीं
  • विशेषज्ञों ने छात्रों को दी मोबाइल से दूर रहने और समय प्रबंधन की सीख

मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा के नवम संस्करण का आयोजन किया गया। विद्यालय के सभागार में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना। इस दौरान पीएम मोदी ने परीक्षा के तनाव को दूर करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और बेहतर समय प्रबंधन के लिए विद्यार्थियों को बहुमूल्य टिप्स दिए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुशराम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को तनाव के बजाय एक उत्सव की तरह लेना चाहिए। उन्होंने स्मार्ट वर्क और निरंतर प्रयास को सफलता का मूल मंत्र बताया। वहीं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग वंदना गुप्ता ने विद्यार्थियों को अपना आत्मविश्वास हमेशा ऊंचा रखने और मन से परीक्षा का डर निकालने की प्रेरणा दी।

लिखने की आदत और श्रेष्ठ प्रदर्शन पर दिया जोर 

जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े ने विद्यार्थियों को मोबाइल की लत से दूर रहने और लिखकर याद करने की पारंपरिक एवं प्रभावी पद्धति अपनाने की सलाह दी। कैरियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। हमारा उद्देश्य केवल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होना चाहिए, क्योंकि इम्तिहान इंसान को परिपक्व बनाते हैं।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित 

प्राचार्य कल्पना नामदेव के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षक मुक्ता खाखा, वंदना श्रीवास्तव, रंजना पांडे और सुजाता शर्मा सहित एनसीसी और एनएसएस के प्रभारियों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में आरके हरदहा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विष्णु सिंगोंर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के संवाद को शिक्षाप्रद और भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।



 

Leave a Comment