नैनपुर जनपद गबन कांड
करोड़ों की हेराफेरी में पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन आरोपी गिरफ्तार
- सरकारी खजाने में सेंध, तीनों आरोपी भेजे गए जेल
- फर्जीवाड़े के जरिए निजी खातों में भेजी गई राशि
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नैनपुर में करोड़ों रुपये के सरकारी धन के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से चल रही जांच के बाद पुलिस ने इस वित्तीय अनियमितता में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया गया कि जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर आवंटित राशि का दुरुपयोग किया। आरोपियों ने मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित कागजी कार्यवाही के जरिए सरकारी धन को अपने निजी बैंक खातों में स्थानांतरित कर लिया था।
बैंक खातों से खुली पोल
पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त जांच में वित्तीय लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। जांच के दौरान सामने आया कि मामले के मुख्य आरोपी जितेंद्र जंघेला द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खातों में क्रमश: 4 लाख रुपये और 1 लाख 53 हजार रुपये की राशि भेजी गई थी। बैंक स्टेटमेंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गबन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
अन्य संदिग्धों पर भी पुलिस की नजर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। सोमवार शाम 4 बजे तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घोटाले की परतें अभी और खुल सकती हैं। विभाग में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां होने की प्रबल संभावना है।









