मानसिक रोग से निपटने संवाद सबसे आवश्यक
- उमंग कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य और उपलब्ध सेवाओं की दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और स्टाफ के बीच मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यशाला सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती और महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता डॉ. डीके मरकाम, जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं कार्यक्रमम नोडल अधिकारी ने की।
कार्यशाला का आरंभ महाविद्यालय के खेल अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. गुलबहान खान ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर संक्षिप्त जानकारी के साथ किया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य की महत्ता पर प्रकाश डाला। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहसिन अंसारी ने मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि मानसिक रोगों से निपटने के लिए संवाद सबसे आवश्यक है, क्योंकि इसके माध्यम से रोगों की पहचान आसानी से की जा सकती है। डॉ. अंसारी ने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं, उनके निराकरण और संबंधित रोगों के उपचार पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार शारीरिक रोगों का उपचार कराया जाता है, उसी प्रकार मानसिक रोगों का भी उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मनहित मोबाइल एप्लिकेशन और टेलीमानस निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी प्रदान की, जो मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए उपलब्ध हैं।
डॉ. डीके मरकाम ने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले विभिन्न कारणों पर प्रकाश डाला और बताया कि मानसिक स्वास्थ्य से प्रभावित लोगों के उपचार एवं परामर्श के लिए जिला चिकित्सालय में मनकक्षा स्थापित किया गया है। उन्होंने समझाया कि मनकक्षा के माध्यम से प्रशिक्षित चिकित्सक एवं नर्सिंग ऑफिसर की मदद से मानसिक समस्याओं का निदान संभव होता है।
किशोर स्वास्थ्य समन्वयक हेमंत राहंगडाले ने उमंग कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष भर संचालित की जाने वाली गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने किशोरों व युवाओं के स्वास्थ्य परामर्श के लिए उमंग निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 14425 और एआई आधारित चैटबॉट खुल के पूछो की भी जानकारी दी। कार्यशाला में उपस्थित विद्यार्थियों ने मानसिक रोग से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिन पर उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय से चिकित्सा अधिकारी डॉ. रीतेश अग्रवाल, नर्सिंग ऑफिसर पारुल यादव, महाविद्यालय से प्राध्यापक डॉ. पीपी मिश्रा, डॉ. बीटेम्भरे, डॉ. एसएस ज्योतिषि, डॉ. बीएल झारिया, डॉ. राजेश धुर्वे, किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता अंजुनिशा, स्वाति चौरसिया एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यशाला में उपस्थित रहे।











