तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त

मवई में तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त

  • बिजली गुल, सीएचसी मवई के सामने बिजली खंबे पर गिरा पेड़

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र मवई में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ लगभग चार घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान ओले भी गिरे, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ।

गुरुवार दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगीं। इसके तुरंत बाद जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिसके साथ ओले भी गिरने लगे। मूसलाधार बारिश के कारण मवई की सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों के घरों तक पहुंचना भी कठिन हो गया।

बारिश और तूफान का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई के ठीक सामने एक विशाल पेड़ तेज हवाओं के कारण वहां लगे बिजली के खंभे पर गिर गया। इस घटना से बिजली का खंभा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते पूरे मवई क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे की मरम्मत का कार्य शुक्रवार तक ही पूरा हो पाएगा। इस कारण मवई के निवासियों को पूरी रात और अगले दिन भी बिजली के बिना ही गुजारना पड़ेगा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

सरई के पेड़ में गिरी आकाशीय बिजली 

मौसम के इस प्रकोप के बीच मवई के पुराने कटोरा तालाब के पास एक सरई के पेड़ पर आकाशीय बिजली भी गिरी। बिजली पेड़ के मध्य भाग में गिरी, जिससे पेड़ बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन पेड़ का क्षतिग्रस्त होना प्रकृति के प्रकोप की भयावहता को दर्शाता है।

तालाब बन गई सड़क 

मवई में हुईजोरदार बारिश के बाद मवई बस स्टैंड के पास नाली जाम हो जाने के कारण वहां तालाब जैसा पानी भर गया है। वार्ड नंबर 06 और 07 का पूरा गंदा पानी सड़क पर आ गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में बीमारियों और मच्छरों के बढऩे की आशंका बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली की सफाई कराने की मांग की है जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिल सके और बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।

अंधेरे में मवईवासी 

गुरुवार को मवई में आए इस अप्रत्याशित मौसम के बदलाव ने सामान्य जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बिजली गुल होने से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है, वहीं जलभराव और ओलावृष्टि से दैनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई है। स्थानीय प्रशासन को उम्मीद है कि मौसम जल्द ही सामान्य होगा और बिजली आपूर्ति को भी जल्द बहाल कर दिया जाएगा।

रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई



 

Leave a Comment