पुल और मार्ग की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल

Advertisements
  • पुल और मार्ग की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
  • गिरते पानी के बीच भरे पुल के गड्डे
  • बनने से पहले ही उखड़ गया एनएच 30
  • हाईवे में लगा रहे थिगड़े, राहगीर हो रहे परेशान

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 में बिना रूके सफर करने का इंतजार जिलेवासी कर रहे है, लेकिन इस करोड़ों की सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी होने के साथ गुणवत्ताविहीन मार्ग के कारण हादसे भी आए दिन हो रहे है। जगह-जगह मार्ग में गड्डे, क्रेक के कारण वाहन अनियंत्रित हो रहे है। जिससे हादसे का अंदेशा बना रहता है। एनएच 30 मार्ग निर्माण में इसकी गुणवत्ता को लेकर समझौता किया गया है। सड़क का कार्य जैसे तैसे कर पूर्ण किया जा रहा है। करीब 09 वर्षों से सड़क निर्माण का कार्य जारी है, बावजूद इसके यह पूरा नहीं हो सका है।

जानकारी अनुसार गुणवत्ताविहीन कार्य को छुपाने के लिए कंपनी द्वारा सड़क और पुलों में थिगड़े लगाए जा रहे है, जो हफ्ते, दो हफ्ते में दोबारा उखड़ रहे है। फूलसागर पुल से लेकर कटरा बायपास तिराहा तक सड़क के हाल देखकर कोई भी बता सकता है कि सड़क कितनी गुणवत्ता से बनाई गई है। कदम कदम पर सड़क निर्माण में लापरवाही साफ देखी जा सकती है। वहीं नारायणगंज क्षेत्र में भी जगह-जगह चौड़ी दरारे, गड्डे और बलई पुल के गड्डे राहगीरों की मुसीबत बन गए है। ग्राम कुम्हा क्षेत्र का हाईवे मार्ग में क्षतिग्रस्त हो गया है।

बताया गया कि नारायणगंज क्षेत्र में बलई नदी में बने पुल पर बड़े-बड़े गड्डे हो गए थे, जिसके हादसे का अंदेशा बना हुआ था, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा फूलसागर पुल, बलई पुल समेत अन्य स्थानों पर डामलीकरण कर मरम्मत के नाम पर इतिश्री कर ली गई, लेकिन जैसी झमाझम बारिश हुई तो इस मरम्मत की पोल खुल गई। दोनों पुलों पर फिर बड़े बड़े गड्डे हो गए है। जिससे हादसे का अंदेशा बना हुआ है। एनएच 30 मार्ग निर्माण में इतने कम समय में मरम्मत कार्य होना इस मार्ग की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहा है।

पुल में नहीं हुआ गुणवत्तायुक्त कार्य 

नेशनल हाईवे 30 में स्थित पुलों की मरम्मत का कार्य विगत दिनों किया गया था। इस मरम्मत कार्य में भी गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया है। पुल में डामल डालकर डामलीकरण कर दिया गया, लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं टिक सका। इन पुलों के जख्म गुणवत्ताविहीन कार्य के कारण फिर उभर आए। अब इन जख्मों को छुपाने के लिए निर्माण एजेंसी गड्डों को भर रही है, लेकिन इस कार्य में हद दर्जे की लापरवाही बरती जा रही है। फिलहाल जिले में झमाझम बारिश का दौर चल रहा है, जहां बारिश हो रही है, वहीं इस बारिश के बीच पुलों के गड्डों को भरा जा रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन गड्डों की मरम्मत में कितनी गुणवत्ता होगी और कितने दिन तक ये गड्डे समतल रह सकेगे। बारिश रूकते ही ये थिगड़े फिर उभर आएंगे।

जगह-जगह हुए गड्डे 

जिलेवासी पिछले छह 09 से नेशनल हाईवे निर्माण पूर्ण होने का इंतजार कर रहे है। टूकड़ों में मंडला-जबलपुर एनएच 30 मार्ग का निर्माण किया गया है। जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टुकड़ों में बनी सड़क में इतने गड्ड और क्रेक हो गए है कि मार्ग में चलने वाले यात्री वाहन हिचकोले लेते हुए 100 किलोमीटर का सफर पूरा करते है। जिसके कारण यात्रियों के साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण ऐंजसी की लापरवाही के कारण पूरे हाईवे मार्ग में दरारे और गड्डें हो गए है। गुणवत्ताविहीन निर्माण कार्य किया गया है। इस कार्य को छुपाने के लिए एजेंसी द्वारा अब गड्डों को गुणवत्ताविहीन भरा जा रहा है।

Leave a Comment