गहराई और तेज धार के बीच सेल्फी

  • लाखों खर्च के बाद नहीं है सुरक्षा के इंतजाम
  • अथाह गहराई और तेज धार के बीच लोग ले रहे सेल्फी
  • घुघरा जलप्रपात में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड निवास स्थित घुघरा जलप्रपात को पर्यटन स्थल घोषित कर 56 लाख 53 हजार रूपए की लागत से कायाकल्प किया गया। जिसके बाद यह घुघरा जल प्रपात पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बारिश के दिनों में जलप्रपात की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं। इन मनमोहक नजरों के कारण यह जलप्रपात सेल्फी पॉइंट बन गया है और आस-पास के युवा बड़ी संख्या में यहां सेल्फी लेने पहुंचते है।

यहां पर्यटन विभाग ने सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपए का निर्माण कराया, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं करने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हालांकि सुरक्षा के लिए यहां कभी कभार पुलिस का जवान तैनात रहते है, लेकिन यह काफी नहीं है। जलप्रपात के किनारे रेलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे लोग सुरक्षित रहते हुए इस मनोरम दृश्य को अपने कैमरों में कैद कर सके।

जानकारी अनुसार लाखों खर्च करने के बाद निवास के एकमात्र पर्यटक स्थल में सौंदर्यीकरण तो कर दिया गया है, लेकिन यहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं है। लोगों की मांग के बाद घुघरा जलप्रपात का कायाकल्प किया गया। इसे पर्यटक स्थलों की सूची में शामिल भी कर लिया गया। पर्यटन स्थल में लाखों रूपए खर्च किए गए है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा सके हैं। घुघरा जलप्रपात बरसात के दिनों में अपने पूरे शबाव पर रहता है। जहां बारिश के दौरान मनमोहक दृश्य को निहारने व कैमरे में कैद करने के लिए युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है।

नजदीक जाकर ले रहे वॉटर फॉल का आनंद 

बताया गया कि युवाओं में सेल्फी का चलन भी बढ़ा है। जिससे दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है। कुछ वर्ष पूर्व ही एक युवती यहां से नीचे छलांग लगा दी थी जिससे उसकी मौत हो गई थी। अब भी लोग खाई के नजदीक पहुंचकर वॉटर फॉल का आनंद ले रहे हैं जो कि काफी जोखिम भरा रहता है। सुरक्षा के लिए कभी-कभी पुलिस जवान की तैनाती कर दी जाती है। लोगों का कहना है कि जलप्रपात के किनारे रैलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे लोग सुरक्षित रहते हुए इस मनोरम दृश्य को अपने कैमरों में कैद कर सकते। रैलिंग न होने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी लेते देखे जा सकते है।

सुरक्षा व्यवस्था की मांग 

घुघरा जलप्रपात को पर्यटन स्थल के रूप में मान्यता मिलने के बाद ही पर्यटन विभाग ने यहां सौंदर्यीकरण के कार्य किए हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब जन मांग है कि यहां सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जाएं। इससे लोग निश्चित होकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद उठा सकें।

रेलिंग के लिए की गई थी मांग 

विगत वर्ष निवास के घुघरा जलप्रपात को पर्यटन स्थल के रूप में मान्यता मिलने के बाद ही यहां के स्थानीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं पूर्व क्षेत्रीय विधायक डॉ अशोक मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण का भूमि पूजन किया गया था। जिसमें सौंदर्यीकरण के साथ रैलिंग लगाने की मांग रखी गई थी, लेकिन अब तक इस स्थल पर रैलिंग नहीं लग पाई है। जनमांग है कि यहां पर्यटन स्थल पर जल्द से जल्द रैलिंग लगाई जाए। जिससे दुर्घटना की आशंक ना बने।

इनका कहना है

जल्द ही सुरक्षा के इंतजाम ओर बाकी के बचे काम को लेकर पर्यटन विभाग से संपर्क कर अधूरे कार्य को पूरा कराने का प्रयास करूंगा। वही पर्यटन क्षेत्र में बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोगो से अपील हैं कि जान जोखिम में डालकर सेल्फी को न लें न ही बड़ी बड़ी चट्टानों से नीचे न उतरे।


चैन सिंह वरकड़े, निवास विधायक

निवास तहसील का एकमात्र वाटर फाल घुघरा में है, जिसको देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आते हैं, यहां सुरक्षा के इंतजाम ना होने के कारण जान जोखिम में डालकर सेल्फी लेते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है, इसको लेकर प्रशासन ने कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। यहां जल्द ही सुरक्षा के इंतजाम किया जाना चाहिए।


अंकित यादव, समाजसेवी

दर्शनीय स्थल घुघरा जलप्रपात को पर्यटन के नक्शे में जोड़कर इसके सौंदर्यीकरण के लिए प्रयास तो किए गए हैं लेकिन यहां रैलिंग के अभाव में बड़ी दुर्घटना से नकारा नहीं जा सकता। यहां जलप्रपात के समीप रैलिंग का निर्माण होना चाहिए। जिससे हादसों से बचा जा सके।


रोहित चौकसे, समाजसेवी

रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे

Leave a Comment