160 लाड़ली बहनों ने कराया दुर्घटना बीमा

  • 160 लाड़ली बहनों ने कराया दुर्घटना बीमा
  • दुर्घटना सुरक्षित लाड़ली बहना ग्राम अभियान के लिए सरपंच को किया सम्मानित


मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय डाक घर जबलपुर संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन व मंडला अधीक्षक डाकघर के नेतृत्व में विगत दिवस शाखा डाकघर जंतीपुर मंडला में दुर्घटना सुरक्षित लाड़ली बहना ग्राम अभियान के अंतर्गत प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजित प्रोत्साहन समारोह में ग्राम की सभी महिलाएं, आंगनवाडी कार्यकर्ता और ग्राम की सरपंच समेत गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत जंतीपुर में लाड़ली बहना के हितग्राही 213 है। इन सभी लाड़ली बहनों का दुर्घटना बीमा करने का अभियान डाकघर के पोस्टल बैंक शाखा द्वारा चलाया जा रहा है। अभियान की शुरूआत 1 जून से की गई थी। जिसके अंतर्गत एक माह में अब तक करीब 160 लाड़ली बहनों का बीमा किया जा चुका है। शेष हितग्राहियों का दुर्घटना बीमा आने वाले दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


पोस्टल बैंक की ज्योत्सना श्याम ने बताया कि ग्राम पंचायत जंतीपुर को संपूर्ण दुर्घटना सुरक्षित लाड़ली बहना ग्राम घोषित कर अभियान को सफल बनाया गया है। इसी अभियान के तहत पोस्ट ऑफिस के निरीक्षक संभागीय उप निरीक्षक, क्षेत्रीय प्रबंधकर्ता, पोस्टल बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा जंतीपुर ग्राम के सरपंच संतलाल मरावी को दुर्घटना सुरक्षित लाड़ली बहना ग्राम बनाने में सहयोग करने के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान कर अवार्ड से सम्मानित किया है।


बताया गया कि ग्राम जंतीपुर में दुर्घटना सुरक्षित लाड़ली बहना ग्राम बनाने के लिए पोस्ट ऑफिस की कार्यकर्ता गजाला अंजुम द्वारा कार्य किया जा रहा है। शेष बचे हितग्राहियों का बीमा जल्द करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। ग्राम को संपूर्ण दुर्घटना सुरक्षित बनाना की इस पहल को पूरा करने में डाक विभाग ने ग्राम के लोगों से सहयोग की अपील की है।


ग्राहकों को पंसद आ रही डाकघर की दुर्घटना स्वास्थ्य बीमा पालिसी

  • एक वर्ष के लिए 755 रूपए में 15 लाख का बीमा
  • बीमा पॉलिसी में दुर्घटना से लेकर शादी, बच्चो की शिक्षा के लिए राशि तय
  • बीमा क्षेत्र में डाक विभाग की अनूठी योजना

भारतीय डाक विभाग ने इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से एक निजी कंपनी के साथ मिलकर एक नई दुर्घटना बीमा योजना की शुरुआत की है। इस योजना के अंतर्गत इस बीमा की प्रीमियम राशि को बहुत ही कम रखा गया है, जिससे दुर्घटना से हुई मृत्यु पर आश्रितों को 15 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। मंडला जिले में भी इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के उपभोक्ताओं को इस नई बीमा योजना से दुर्घटना व स्वास्थ्य बीमा देना शुरू हो गया है। बताया गया कि यह बीमा योजना मंडला डाकघर में विगत पांच वर्ष से चल रही है। इस बीमा योजना को अब अपडेट किया गया है। अपडेट के बाद जनवरी माह से मंडला जिले में इस बीमा योजना की नई शुरूआत हुई और अप्रैल माह से इस बीमा पॉलिसी ने अपनी रफ्तार पकड़ ली। दो माह में मंडला जिले से करीब 500 लोगों ने इस पॉलिसी को ले चुके है। डाक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इतनी कम राशि में अधिक बीमा कवर देने की सुविधा इस पॉलिसी में है। जिससे इस बीमा पॉलिसी को लोग पंसद कर रहे है।

जानकारी अनुसार डाक विभाग ने बीमा पॉलिसी में नए अपडेट के साथ महज 755 रुपये में 15 लाख रुपये की बीमा योजना की शुरुआत की है। नीवाबूपा एक्सडेंटल पॉलिसी लेने के लिए इंडिया पोस्टल बैंक में खाता होना चाहिए। 18 से 65 वर्ष के व्यक्ति सालाना 755 रुपये जमा कर बीमा योजना का लाभ ले सकता है। इस बीमा पॉलिसी में 15 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाएगा। बीमा पॉलिसी में दुर्घटना से लेकर शादी विवाह, बच्चों की शिक्षा, दुर्घटना, अंतिम संस्कार तक के लिए अलग अलग श्रेणी में राशि तय की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए व्यक्ति डाकघर में इंडिया पोस्टल बैंक में आकर खाता खुलवा सकता है।

मंडला के सभी निजी और शासकीय अस्पताल मेें सुविधा 

महंगे प्रीमियम पर बीमा कराने में असमर्थ लोगों के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा चलाई जा रही इस इंश्योरेंस पॉलिसी से मंडला जिले के शासकीय सर्टिफाइड अस्पतालों में भी उपचार कराया जा सकता है। इस बीमा पॉलिसी के लिए डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने निजी इंश्योरेंस कंपनी से अनुबंध किया है, इसके तहत हेल्थ प्लस और एक्सप्रेस हेल्थ प्लान इंश्योरेंस पॉलिसी लांच की गई हैं। इसमें मात्र 755 रुपए के सालाना प्रीमियम पर 15 लाख रुपए तक का दुर्घटना मुआवजा दिया जाएगा। महंगी बीमा पॉलिसी कराने में असमर्थ लोगों के लिए यह पॉलिसी वरदान साबित हो रही है। इस पॉलिसी के कवर मेें दुर्घटना में मृत्यु के बाद मुआवजे के अलावा बच्चे की शादी व पढ़ाई पर एक लाख रुपए की सहायता भी दी जाएगी। इसके साथ ही देश भर में 10 हजार से ज्यादा इमपेनल्ड हॉस्पिटल्स से फ्री इलाज की सुविधा दी गई है। जिन क्षेत्रों में कोई अस्पताल इमपेनल्ड नहीं है उन्हें इलाज, दवा आदि पर खर्च होने वाली राशि के बिल के पुनर्भरण की सुविधा भी दी गई है। मंडला जिले के सभी प्राईवेट और शासकीय अस्पताल में भी इस बीमा पॉलिसी से उपचार कराया जा सकता है।

दुर्घटना में हड्डी टूटी तो भी मिलेगा 25 हजार रुपये 

सहायक संबंध प्रबंधक जबलपुर संभाग ज्योत्सना श्याम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की दुर्घटना में हड्डी टूट जाती है तो 25 हजार रुपये का लाभ दिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति जल जाता है तो उसे 10 हजार रुपये का लाभ मिलेगा। पॉलिसी के तहत यदि किसी व्यक्ति ने 755 रुपये जमा किए हैं। वह पूरे साल घर बैठे चिकित्सकों से सलाह ले सकता है। यदि किसी व्यक्ति के साथ दुर्घटना हो जाती है। वह निजी अस्पताल में उपचार कराता है तो उसे साधारण कमरे के 1000 रुपये प्रतिदिन दिया जाएगा। यदि आईसीयू में है तो दो हजार रुपए प्रति दिन का लाभ दिया जाएगा। इसी तरह गर्भवती महिला के प्रसव के दौरान साधारण कमरे का एक हजार रुपये व आईसीयू कमरे के लिए दो हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से लाभ दिया जाएगा।

इस पॉलिसी का जिले में मिल चुका मुआवजा 

सहायक संबंध प्रबंधक ज्योत्सना श्याम ने बताई कि डाक घर की यह बीमा पॉलिसी उन परिवारों के लिए बेहतर है, जो मंहगी बीमा पॉलिसी नहीं करा सकते। आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में अभी तक करीब 500 बीमा पॉलिसी लोगों ने ले ली है। इसके साथ ही इस बीमा पॉलिसी कराने के बाद बहुत से बीमित व्यक्तियों को इसका मुआवजा भी मिल चुका है। मंडला जिले में इस बीमा पॉलिसी से सड़क दुर्घटना, जलने के केस के साथ अन्य में लोगों को इस बीमा पॉलिसी का क्लेम दिया जा चुका है। जिसके कारण लोगों का भरोसा डाक घर द्वारा शुरू की गई इस बीमा पॉलिसी पर बना हुआ है।



Leave a Comment