- गौवंश वध पर 11 पर एफआईआर दर्ज
- 150 जीवित गौवंश को कराया मुक्त
- नैनपुर के भैसवाही में पुलिस ने दी दबिश
- मंडला पुलिस की गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत बड़ी कार्यवाही
- अवैध शासकीय भूमि में बने 11 घरों में चलाए जा रहे बुलडोजर
- 11 घरों से जब्त किए गए मृत गौवंश के अवशेष

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के विकासखंड नैनपुर की ग्राम पंचायत भैंसवाही में लंबे समय अवैध कारोबार चल रहा था। यहां गौवंश तस्करी और उनके वध की भी शिकायतें मिल रही थी। जिसके चलते मंडला पुलिस ने सख्ती बरतते हुए बीती रात मंडला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में ग्राम भैंसवाही में दबिश दे दी। जहां घरों की तालाशी ली गई। तालाशी के दौरान ग्राम के 11 घरों में गौवंश के अवशेष मिले। गौवंश वध करने वालों के ऊपर सख्त कार्रवाई करते हुए 11 व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। सभी 11 आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है, जो ग्राम में अवैध रूप से शासकीय भूमि पर बनाए गए है।

जानकारी अनुसार थाना नैनपुर अंतर्गत ग्राम भैंसवाही में गौवंश की तस्करी एवं गौवंश को लाकर वध किये जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन पर एसडीओपी नैनपुर नेहा पच्चसिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी नैनपुर निरीक्षक बलदेव सिंह मुजालदा द्वारा थाना नैनपुर की पुलिस टीम के साथ ग्राम भैसवाही में दबिश दी गई। दबिश के दौरान ग्राम भैसवाही में 11 घर ऐसे मिले जहां पर गौवंश व उनके अवशेष प्राप्त हुए। जिन्हें जब्त करते हुए पुलिस टीम द्वारा सभी 11 आरोपियों के विरूद्ध थाना नैनपुर में पशु क्रूरता अधिनियम व गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस टीम द्वारा दबिश के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार की है, जिससे पूछताछ जारी हैं। शेष अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई गई है। जिनकी तालाश जारी है।
दबिश में मिले गौवंश व गौवंश अवशेष
पुलिस टीम द्वारा ग्राम भैंसवाही में शुक्रवार की देर रात दबिश दी गई। दबिश के दौरान 11 घरों में गौवंश के अवशेष, घरों के आसपास खेतों व तबेले में लगभग 150 की संख्या में जीवित गौवंश मिले थे। जिन्हें पुलिस टीम द्वारा मुक्त कराया गया एवं 85 पशुओं को प्रशासन के सहयोग से सुरक्षित गौशाला पहुंचाया गया।
आरोपियों के खंगाले जा रहे रिकार्ड
थाना नैनपुर पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। थाना नैनपुर पुलिस द्वारा एफआईआर किये गये सभी 11 अपराधियों के रिकार्ड खंगाल रही है। जिनमें से दो आरोपी ऐसे भी हैं जिनके विरूद्ध पूर्व के भी अपराध पाये गये हैं। उनके विरूद्ध पृथक से विधिवत् नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।
11 घरों में चलाया जा रहा बुलडोजर
पुलिस टीम द्वारा की जा रही कार्यवाही के दौरान घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई। जिसमें राजस्व विभाग द्वारा घरों को चैक करने पर सभी 11 घर पूर्णत: अवैध रूप से अतिक्रमण होना पाया गया। भैंसवाही के सभी 11 घरों में राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने से संबंधित कार्यवाही पृथक से की जा रहीं है। बताया गया कि भारी सुरक्षा के बीच राजस्व विभाग द्वारा बुलडोजर से कार्यवाही करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाये जा रहें हैं।
मौके पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स
ग्राम भैसवाही में दी गई दबीश एवं कार्यवाही के दौरान देर रात पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित भारी मात्रा में थाना नैनपुर जिला मुख्यालय व थाना का पुलिस बल उपस्थित रहा।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से निवेदन
मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंसवाही में मकान पर बोलडोजर की कार्रवाई को लेकर संदेह की स्थिति पैदा हो रही है। प्रशासन के द्वारा जिन 11 मकान को तोड़ा गया है वह यह बताकर तोड़ा गया है कि इनके द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकान है और मकान पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई है। प्रशासन को इसकी जांच करना चाहिए कि उनकी वास्तविक मलिकाना हक वाला मकान कहां पर है एवं उस मकान पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाही की जाना चाहिए। यदि घास मद की जमीन अवैध कब्जा पर बुलडोजर चलाकर तोड़ा जाना केवल औपचारिकता कार्रवाही कहलाएगी। असली कार्यवाही उनके वास्तविक मकानो को तोड़कर होनी चाहिए।


















