सूने मकान में 13 लाख की चोरी

Advertisements

सूने मकान में 13 लाख की चोरी

अष्टमी पर मंदिर गया था परिवार, ताले तोड़कर जेवर, नगदी ले उड़े बदमाश

  • मनेरी चौकी क्षेत्र में बेखौफ चोर
  • सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए तीन संदिग्ध
  • पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के औद्योगिक क्षेत्र मनेरी से लगे आदर्श ग्राम मेढ़ी में अष्टमी की रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राम मेढ़ी के नया मोहल्ला निवासी पुरोहित सुरेंद्र मिश्रा के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लगभग 13 लाख रुपये के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।जानकारी अनुसार सुरेंद्र मिश्रा पिछले लगभग 15 वर्षों से इसी क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। अष्टमी पर्व के अवसर पर पूरा मिश्रा परिवार जबलपुर जिले के कुंडारी उमरिया स्थित माँ महाकाली के दर्शन करने गया हुआ था। घर सूना होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जब रात्रि लगभग 11 बजे परिवार दर्शन कर वापस लौटा, तो घर के सामने के दोनों मुख्य गेट खुले मिले और उन पर लगे ताले टूटे हुए थे।

दो पेटियों से उड़ाए जेवर और 50 हजार नगद 

घर के अंदर प्रवेश करने पर देखा गया कि अज्ञात चोरों ने दो स्टील की पेटियों के ताले तोड़कर उसमें रखे कीमती सोने-चांदी के जेवर और लगभग 50 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान पार कर दिया है। चोरी गए कुल माल की अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी गई है।

सीसीटीवी में नजर आए तीन संदिग्ध 

चोरी की सूचना तत्काल मनेरी पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। प्रारंभिक जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीन अज्ञात युवक घर के अंदर जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।


Leave a Comment