महिला सशक्तिकरण की अनूठी पहल
साक्षी बनीं राम तो शीतल ने निभाया सीता का किरदार
- 18 से 50 वर्ष की 25 महिलाओं ने किया शानदार मंचन
- सर्री गांव में 60 साल पुरानी परंपरा में हुआ बदलाव
- रामलीला के मंच पर पहली बार उतरीं बेटियां और महिलाएं, निभाया अहम किरदार
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के बम्हनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्री में इस वर्ष की नवरात्रि और रामलीला बेहद खास और ऐतिहासिक बन गई है। वर्ष 1964 से अनवरत चली आ रही इस रामलीला के इतिहास में पहली बार गांव की बेटियों और महिलाओं ने मंच पर उतरकर विभिन्न प्रमुख किरदार निभाए। सृजेता नवयुवक मंडल द्वारा की गई यह अनूठी पहल क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम मानी जा रही है।
एक पखवाड़े की कड़ी मेहनत लाई रंग
इस ऐतिहासिक मंचन के लिए गांव की 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 25 बेटियों और महिलाओं ने पिछले 15 दिनों से रिहर्सल कर कड़ी मेहनत की थी। रामलीला महोत्सव के तहत 15 अक्टूबर को गौरी पूजन का सुंदर मंचन किया गया। इसके बाद 18 अक्टूबर को राम विवाह और भव्य बारात का अत्यंत सजीव एवं मनमोहक मंचन किया गया, जिसे देखकर ग्रामीण और दर्शक भावविभोर हो गए।
इन महिलाओं ने निभाए प्रमुख किरदार
इस खास रामलीला में महिलाओं का अभिनय देखने लायक था। भगवान राम का प्रभावशाली किरदार साक्षी हरदहा ने निभाया, जबकि लक्ष्मण की भूमिका में शिवानी जंघेला और माता सीता के रूप में शीतल जंघेला ने शानदार अभिनय किया। इसके साथ ही भरत का किरदार सीमा जंघेला और शत्रुघ्न का किरदार सोनम सिंगौर ने निभाया। मंचन में राजा दशरथ की गंभीर भूमिका चित्रलेखा सिंगौर, राजा जनक की भूमिका माया सिंगौर और रानी सुनैना की भूमिका पूनम सिंगौर ने बखूबी अदा की। सभी महिला कलाकारों के उत्कृष्ट और आत्मविश्वासी अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया।
अगले वर्ष पूरी रामलीला करने का उत्साह
सृजेता नवयुवक मंडल समिति अध्यक्ष आनंद सिंगौर ने इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि पहली बार रामलीला के मंच पर अभिनय करने वाली महिलाओं और बेटियों में गजब का उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है। उनका आत्मविश्वास इस कदर बढ़ गया है कि वे अगले वर्ष संपूर्ण रामलीला का मंचन स्वयं करने की इच्छा जता रही हैं। बेटियों की इस सशक्त पहल की पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है।











