ओडिशा से राजस्थान तक फैली गांजा सप्लाई चेन ध्वस्त

मंडला पुलिस का बड़ा एक्शन

ओडिशा से राजस्थान तक फैली गांजा सप्लाई चेन ध्वस्त

  • 20 लाख का माल किया था जप्त
  • सप्लायर और खरीददार समेत 5 गिरफ्तार
  • उड़ीसा के अंर्तराज्यीय तस्कर को पुलिस ने दबोचा
  • ट्रक से हो रही थी तस्करी

मादक पदार्थ तस्करों पर मंडला पुलिस का प्रहार, अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश

मंडला महावीर न्यूज 29.  पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बम्हनी पुलिस और अंजनिया चौकी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गांजा तस्करी की एक संगठित सप्लाई चेन को तोड़ते हुए सप्लायर, खरीददार और परिवहन में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

20 लाख का गांजा बरामद

कार्यवाही की शुरुआत 25 जनवरी 2026 को हुई, जब पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर मटरू ढाबा के पास एक ट्रक से 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक राजेन्द्र के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ओडिशा से राजस्थान तक दबिश

आरोपी चालक से पूछताछ के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने राजस्थान के बारा, झालावाड़ और कोटा में छापेमारी कर ट्रक कंडक्टर और खरीददारों सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस की टीम ओडिशा के बरगढ़ पहुँची, जहाँ से मुख्य गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। यह सप्लायर पूर्व में भी तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है।

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के जरिए क्षेत्र में सक्रिय गांजा सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सकेगा।

सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक के.सी. चौव्हान, उनि प्रवीण शर्मा, उनि अरुण भदौरिया, उनि पुनीत वाजपेई, सउनि राजेश सराठे सहित आरक्षक रोहित, कीर्ति, सुनील, सुरेश और सूर्यचंद बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Leave a Comment