करियर मार्गदर्शन-बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के सिखाए गुर
- लफरा स्कूल में विजयपथ कार्यशाला आयोजित
- करियर काउंसलर ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
- कलेक्टर की चिट्टी का हुआ वाचन
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लफरा में करियर मार्गदर्शन प्रकल्प विजयपथ के अंतर्गत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक करना और आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था।
मुख्य वक्ता और करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 10वीं कक्षा छात्र के जीवन का वह महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहाँ से भविष्य की नींव रखी जाती है। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को भेड़चाल से बचकर अपनी रुचि, कौशल और व्यक्तित्व के आधार पर ही विषयों का चयन करना चाहिए। सही दिशा का चयन न केवल तनाव कम करता है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
आधुनिक करियर विकल्पों पर चर्चा
कार्यशाला में विज्ञान, वाणिज्य और कला जैसे पारंपरिक क्षेत्रों के साथ वर्तमान समय के उभरते हुए करियर विकल्पों जैसे डिजिटल मार्केटिंग, डेटा साइंस और वोकेशनल कोर्सेज पर पीपीटी के माध्यम से विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कलेक्टर की चिट्टी और दिए परीक्षा के टिप्स
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के समक्ष कलेक्टर की चिट्टी का वाचन किया गया, जो छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी। काउंसलर ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं को प्रभावी ढंग से लिखने के तरीके और समय प्रबंधन के विशेष टिप्स साझा किए। प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने अपनी जिज्ञासाओं को रखा, जिनका विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएच खान ने करियर मार्गदर्शन को छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शिक्षक यतीन्द्र पटेल, नयन हरदहा, निखिल सिंगौर, नितिन चौरसिया, प्रमोद चौरसिया, योगेश सैयाम सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।










