अंजनिया पुलिस ने जप्त किया 20 लाख का गांजा

इंटरस्टेट ऑपरेशन-राजस्थान पुलिस की इनपुट पर अंजनिया पुलिस का एक्शन

  • अंजनिया पुलिस ने जप्त किया 20 लाख का गांजा
  • उड़ीसा से राजस्थान जा रही खेप पकड़ी गई
  • झाडिय़ों में छिपाकर रखा 40 किलो गांजा बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29| पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत अंजनिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ एक साझा ऑपरेशन में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य का अवैध गांजा जप्त किया है।

कैसे हुआ खुलासा?

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को राजस्थान ए.एन.टी.एफ. से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध वाहन (क्रमांक RJ-06-GB-5152) में मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। राजस्थान के झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में जब इस वाहन को चेकिंग के लिए रोका गया, तो चालक राजेन्द्र (58 वर्ष) ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया।

आरोपी चालक ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर राजस्थान जा रहा था, लेकिन पुलिस की सख्त नाकेबंदी के डर से उसने गांजे की खेप को मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र में ‘मटरू ढाबा’ के पास एक पुलिया के समीप झाड़ियों में छिपा दिया था।

अंजनिया पुलिस का त्वरित एक्शन

सूचना मिलते ही अंजनिया चौकी पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस को पुलिया के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है।

मामला दर्ज, टीम रवाना

थाना बम्हनी में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।

सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में उपनिरीक्षक प्रवीण शर्मा, एएसआई राजेश सराठे, आरक्षक रोहित, कीर्ति, सुनील तथा राजस्थान एएनटीएफ के आरक्षक इंदर शेखावत की विशेष भूमिका रही। इस बड़ी कामयाबी पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।



Leave a Comment