आग का तांडव, डुडवा खापा में भीषण आग

आग का तांडव, डुडवा खापा में भीषण आग

पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

  • पुराने खपरैल मकान में लगी आग से लाखों का सामान जलकर खाक
  • डुडवा खापा में मची अफरा तफरी
  • बीजाडांडी में धू-धू कर जला आशियाना

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम डुडवा खापा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशाल पुराने खपरैल मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटे देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया। इस हादसे में घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

विकराल हुई लपटें, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा 

आग की शुरुआत होते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए इसे बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन लकड़ी और खपरैल का ढांचा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।

सभी की सक्रियता ने आग पर पाया काबू 

हादसे की जानकारी मिलते ही बीजाडांडी सरपंच डुमारी कुम्हरे संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वयं पानी का टैंकर लेकर मौके पर पहुँचे। वहीं बीजाडांडी पुलिस बल ने भी घटनास्थल पर मोर्चा संभाला और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। कुछ ही समय में दो फायर ब्रिगेड गाडिय़ाँ भी मौके पर पहुँच गईं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की घंटों की संयुक्त मशक्कत के बाद अंतत: आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग को पड़ोस के अन्य मकानों में फैलने से रोका गया।

तहसीलदार ने किया मौका मुआयना 

प्रशासनिक स्तर पर सूचना मिलते ही तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी भी तत्काल मौके पर पहुँचे और पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जाँच प्रशासन और पुलिस द्वारा की जा रही है। पीडि़त परिवार ने शासन से उचित मुआवजे की मांग की है।



 

Leave a Comment