फिल्मी स्टाइल में बदमाश गिरफ्तार

फिल्मी स्टाइल में बदमाश गिरफ्तार

  • अवैध पिस्टल लेकर प्रेमिका के ससुराल पहुँचा बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
  • खौफ का अंत-कट्टा लहराकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
  • भागते समय पुलिस वाहन को मारी टक्कर, पलटी कार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ककैया क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को मंडला पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार किया है। आरोपी न केवल अवैध हथियार लेकर अपनी कथित प्रेमिका को धमका रहा था, बल्कि भागते समय उसने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर जान जोखिम में डालने की कोशिश भी की।जानकारी अनुसार आरोपी रामकुमार गुप्ता निवासी नौरोजाबाद, जिला उमरिया प्रेम प्रसंग के चलते ककैया पहुँचा था। वह अपनी कथित प्रेमिका के ससुराल पहुँचकर उसे जबरन साथ ले जाने के लिए देसी कट्टा लहराते हुए धमकाने लगा। हथियार देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

पीछा कर पकड़ा, बरामद हुई 9 नंबर प्लेट्स 

पुलिस की आहट पाते ही आरोपी अपनी इंडिका कार से मंडला की ओर भागा। डायल 112 ने उसका पीछा शुरू किया, तो आरोपी ने पदमी पेट्रोल पंप के पास पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और बिछिया की ओर भाग निकला। तेज रफ्तार के कारण उसकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद बम्हनी थाना पुलिस और बंजर 112 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और 9 अलग-अलग नंबर प्लेट्स बरामद की हैं।

9 अपराधों का पुराना इतिहास 

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी रामकुमार गुप्ता के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाने का फरार आरोपी भी है। पीडि़त परिवार की शिकायत पर अब आरोपी के खिलाफ बलात्कार और अवैध हथियार रखने की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।



 

Leave a Comment