पुलिस की मुस्तैदी से लौटीं परिवार की खुशियां

पुलिस की मुस्तैदी से लौटीं परिवार की खुशियां

  • बरगी से सकुशल मिली अपहृत बालिका

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में गुमशुदा नाबालिग बच्चों की खोज के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत बीजाडांडी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नाबालिग अपहृता को रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र चंद घंटों के भीतर ही सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशानुसार और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीजाडांडी थाने में बीएनएस के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।

घेराबंदी कर ग्राम तिंसी से किया दस्तयाब 

गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम तिंसी थाना बरगी से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। अपनी मासूम बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका 

इस त्वरित सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता कुड़ापे, उपनिरीक्षक पंकज विश्वकर्मा, आरक्षक प्रतीक रजक, आरक्षक विजय छिरा, महिला आरक्षक सौदामनी लोधी और सायबर सेल से आरक्षक सुरेश भटेरे एवं सूर्यचंद्र बघेल की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।


 

Leave a Comment