संकुल बबलिया की अनूठी पहल, कापा में शिक्षा सम्मेलन संपन्न

संकुल बबलिया की अनूठी पहल, कापा में शिक्षा सम्मेलन संपन्न

  • मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय अभियान के तहत हर स्कूल को ए-ग्रेड बनाने का संकल्प
  • 80 शिक्षकों ने किया शालाओं का शैक्षणिक भ्रमण
  • स्कूलों के भ्रमण से सीखा नवाचार, खिन्हा प्राथमिक शाला को ए-ग्रेड ट्रॉफी से किया सम्मानित

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के सुदूरवर्ती क्षेत्र कापा की एकीकृत माध्यमिक शाला में गत दिवस एक संकुल स्तरीय शिक्षा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम की समीक्षा करना और संकुल के प्रत्येक विद्यालय को ए-ग्रेड की श्रेणी में लाने के लिए कार्ययोजना तैयार करना था।सम्मेलन में संकुल के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लगभग 80 शिक्षक और संस्था प्रमुख शामिल हुए। संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर और कन्या हाई स्कूल बबलिया की प्राचार्य श्रीमती सावित्री आर्मो के नेतृत्व में एक दल ने संकुल की 9 शालाओं का सघन भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यालयों में किए गए नवाचारों, रंग-रोगन, और सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग को धरातल पर देखा गया।

इन स्कूलों के प्रयास सराहे गए, कहीं मिले सुधार के निर्देश 

प्राथमिक शाला खिन्हा में विद्यार्थियों की 99 प्रतिशत उपस्थिति और बेहतरीन नवाचारों की जमकर प्रशंसा हुई। ए-ग्रेड प्राप्त करने पर विद्यालय को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पीएम श्री विद्यालय छपरा, एकीकृत माध्यमिक शाला मुकासकला और चकदेही के कार्यों की सराहना की गई। इसके साथ ही प्राथमिक शाला भिलवा टोला, महुआ टोला और पिपरिया टोला में शिक्षकों को सुधार के लिए आवश्यक परामर्श और दिशा-निर्देश दिए गए।

पालकों से जुड़ाव और गुणात्मक सुधार पर दें जोर 

स्कूलों के भ्रमण के बाद आयोजित सभा में संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर ने शिक्षकों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में न केवल भौतिक सुधार रंग-रोगन दिख रहा है, बल्कि बच्चों के व्यवहार और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आया है। प्राचार्य ने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहां कि एक दिन भी अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के पालकों से तत्काल संपर्क करें। पालकों के व्हाट्सएप गु्रप बनाकर विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी साझा करें। शैक्षिक संवाद के दौरान सामूहिक रूप से टीएलएम का निर्माण करें। बच्चों में शिष्टाचार और सामान्य ज्ञान विकसित करने पर विशेष ध्यान दें।

नवाचारों का अनुभव किया साझा 

सभा में प्राचार्य हरि लाल वरकड़े, सुरेंद्र कुर्वेती, संजय वरकड़े और प्रधानाध्यापक श्रीमती राजश्री सरवटे व श्रीमती रेखा लोधी ने अपने विद्यालयों के सफल अनुभव और सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक दिलीप मरावी द्वारा किया गया। प्राचार्य ने घोषणा की कि भविष्य में भी इसी तरह के सम्मेलन और स्कूलों के भ्रमण का सिलसिला जारी रहेगा ताकि संकुल का हर विद्यालय आदर्श बन सके।



 

Leave a Comment