आरंभ – एक नई उड़ान 2026: द ऑर्किड फन स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा

आरंभ – एक नई उड़ान 2026″: द ऑर्किड फन स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा

  • आरंभ-एक नई उड़ान 2026, नन्हे कलाकारों ने मोहा मन
  • द ऑर्किड फन स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा
  • वार्षिकोत्सव में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और कलेक्टर रहे मौजूद
  • द ऑर्किड फन स्कूल का भव्य वार्षिक समारोह
  • सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
  • कैबिनेट मंत्री ने की शैक्षणिक गुणवत्ता की प्रशंसा

 द ऑर्किड फन स्कूल का भव्य वार्षिक समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह, मंत्री ने की शैक्षणिक गुणवत्ता की प्रशंसा

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान ‘द ऑर्किड फन स्कूल’ का वार्षिक समारोह “आरंभ – एक नई उड़ान 2026” रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से न केवल मंच पर आत्मविश्वास दिखाया, बल्कि उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उइके (कैबिनेट मंत्री, म.प्र. शासन) द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कलेक्टर सोमेश मिश्रा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने की। इसके अलावा उप संचालक (IFS) पुनीत गोयल और डीएफओ ईस्ट प्रीथा एस. एम. ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

संस्कृति और प्रतिभा का संगम

वार्षिक समारोह के दौरान स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य, प्रेरणादायक नाट्य मंचन और सुमधुर समूह गीतों की श्रृंखला पेश की। बच्चों की हर प्रस्तुति में कड़ी मेहनत और विद्यालय के बेहतर मार्गदर्शन की झलक दिखाई दी। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नन्हे कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

अतिथियों ने सराहा विद्यालय का प्रयास

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि, “द ऑर्किड फन स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्ट शिक्षा की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।” कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बच्चों के आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में संस्कार और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए आवश्यक हैं।

आभार प्रदर्शन और समापन

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संचालक सौरभ तिवारी एवं प्राचार्या आकांक्षा तिवारी ने सभी अतिथियों का सम्मान किया और अभिभावकों व स्कूल स्टाफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामूहिक वंदे मातरम् के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के गौरव से भर उठा।



Leave a Comment