आस्था का सैलाब, किक्रेट, महोत्सव, कार्यक्रम, धर्म-कर्म, श्रीमद् भागवत, अनोखी पहल, आयोजन, हादसा, अभियान, शिविर
आस्था की अनूठी गूँज
- महाराजपुर में औघड़ संत दादा धनीराम की 56 वीं पुण्यतिथि
- गालियाँ थीं आशीर्वाद और हाथ में बंधा था हँसिया
- मानव कल्याण को समर्पित थे महान तपस्वी दादा धनीराम
- श्रृद्धा और विश्वास से मानते है इनके अनुयायी, भंडारे में उमड़ेंगे हजारों भक्त
मंडला महावीर न्यूज 29. महिष्मती नगरी मंडला आस्था की नगरी है। यहां एक से बढ़कर एक संत है, जिन पर लोगों की आस्था है। जिले के सैकड़ों धार्मिक स्थल भी आस्था का केन्द्र है। इन्हीं में एक ऐसे औघड़ संत जिले में थे, जिनकी प्रसिद्धी चहुंओर फैली हुई है। जिले में ये संत एक लौते थे, जो गालियां देकर लोगों को आर्शीवाद देते थे और उनके एक हाथ में हमेशा हंसिया रहता था। बता दे कि मंडला के उपनगर महाराजपुर में नर्मदा नदी के दूसरे तट पर इस औघड़ संत का आश्रम था। ये संत दादा धनीराम के नाम से प्रसिद्ध है।
बता दे कि उपनगरीय क्षेत्र महाराजपुर में नर्मदा किनारे दादा धनीराम की समाधी आस्था का केन्द्र है। मंडला में औघड़ संत दादा धनीराम के प्रति लोगों में काफी आस्था है। मंडला में दादा के कई चमत्कार भी है, जिससे लोग काफी प्रभावित हुए। दादाजी के भक्त देश विदेश तक हैं। हजारों भक्त आज भी उनकी सामधी स्थल पर पहुंचकर माथा टेकते हैं। कहा जाता था कि दादा जी के गालियां भक्तों के लिए वरदान साबित होती थी। गालियां खाने के बाद भक्त खुशकिस्मत समझते थे।
दादा के है अनेक चमत्कार
बताया गया कि संत धनीराम दादा ने अपना जीवन मानव कल्याण के लिए समार्पित कर दिया। वे शिवशंकर और मां नर्मदा के परम भक्त थे। उनके चमत्कार और हठी तपस्या के कारण लोग उनसे जुड़ते गए। उनके निधन के 55 साल बाद भी हजारों भक्त उनसे जुड़े हुए हैं। उनकी समाधी दादा धनीराम आश्रम के नाम से पहचानी जाती है। आश्रम का संचालन ट्रस्ट के द्वारा किया जा रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि दादाजी के भक्त जिले के साथ ही रायपुर, मुम्बई, नागपुर, बालाघाट, सिवनी सहित कुछ विदेशों में भी है, जो समय समय पर आश्रम पहुंचते हैं। दादा धनीराम औघड़ संत थे। उन्होंने 1927 से 1970 तक महाराजपुर में रहकर मानव कल्याण के लिए कार्य किया। उनकी गालियां लोगों के लिए आशीर्वाद होती थी। दादा ने अनेक चमत्कार किए, जिनके अनुयायी आज भी उन्हें पूरी श्रद्धा और विश्वास से मानते हैं।
माँ नर्मदा के थे परम भक्त
उपनगर महाराजपुर के नर्मदा के किनारे बने दादा धनीराम महाराज का आश्रम पहले एक छोटी सी कुटिया के रूप में थी। यहीं कुटिया के पास इमली का पेड़ और पेड़ के नीचे कुत्तों के साथ खाते खेलते थे, जिन्हेें देखकर नहीं लगता था कि वे एक महान संत हैं। दादा औघड़ संत थे। दादा धनीराम को औघड़दानी भगवान शिवशंकर का आशीर्वाद प्राप्त था। इसके साथ ही दादा धनीराम मां नर्मदा के परम भक्त भी थे। लोगों के रोग, दुख तकलीफ दूर करना दादा का काम था। दादा की भद्दी और अश्लील गालियां भक्तों के लिए आशीर्वाद बनकर बरसती थी। लोग बताते है कि दादा जिसे भी गालियां दे देते थे, समझो वह धन्य हो गया।
महान तपस्वी और औघड़ संत थे दादा
दादा के भक्त बताते है कि दादा धनीराम बहुत ही तपस्वी और हठी संत थे। दादा का मनाना था कि वे जीवन पर्यंत जो भी काम करेंगे, एक हाथ से ही करेंगे और इसलिए उन्होंने अपने एक हाथ में हंसिया बांध रखा था। यहीं दादा का तप था। उनके हठ और तप के कारण ही उनके एक हाथ में हमेशा हंसिया बंधा रहता था। दादा धनीराम एक महान तपस्वी और औघड़ संत थे। दादा धनीराम मंडला ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों व अन्य प्रांतों में भी प्रसिद्ध थे। दादा के चमत्कार से लोग उनसे प्रभावित थे। दादा के भक्त दादा की समाधि स्थल पर साल भर आते रहते है। दादा ने जन कल्याण और मानव सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया। दादा के भक्त आज भी इनकी समाधि स्थल पर आते हैं।
दादाजी की 56 वीं पुण्यतिथि आज
दादा धनीराम जी की 56 वीं पुण्यतिथि दादा धनीराम आश्रम में 27 जनवरी को मनाई जाएगी। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्य ने बताया कि सुबह दादा जी का अभिषेक, पूजन, हवन, आरती की जाएगा। नर्मदाजी को प्रसाद चढ़ाया जाएगा। 11 बजे से भंडारा प्रारंभ किया जाएगा जो कि शाम 05 बजे तक चलेगा। ट्रस्ट ने सभी भक्तों से आयोजन में आने की अपील की है। भक्तों ने बताया कि दादा जी के समक्ष सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मनोकामनाएं पूर्ण होने के बाद यहाँ भंडारा कराने की मान्यता है। यहाँ माता अन्नपूर्णा का वास है।
श्रद्धा और विश्वास का संगम
- महाराजपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब
- औघड़ संत दादा धनीराम की मनाई 56वीं पुण्यतिथि
- देर शाम तक चला विशाल भंडारा
- दादा धनीराम आश्रम में दूर-दूर से पहुंचे भक्त
- महाआरती और अभिषेक के साथ मनाई पुण्यतिथि
मंडला महावीर न्यूज 29. उपनगर महाराजपुर स्थित नर्मदा तट पर विराजे सिद्ध औघड़ संत श्री दादा धनीराम जी की 56वीं पुण्यतिथि पूर्ण गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दादा धनीराम आश्रम में आध्यात्मिक कार्यक्रमों की धूम रही और सुबह से लेकर देर शाम तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक अनुष्ठानों से गूंजा आश्रम
पुण्यतिथि महोत्सव की शुरुआत पूर्व संध्या पर भव्य महाआरती के साथ हुई। मुख्य दिवस पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ दादाजी के विशेष पूजन-अर्चन, अभिषेक और श्रृंगार के साथ हुआ। माँ नर्मदा और दादाजी को भोग लगाने के बाद सुबह 11 बजे से भंडारा प्रारंभ किया गया, जो अनवरत शाम तक चलता रहा।
दूर-दूर से जुटे अनुयायी
दादा धनीराम जी की ख्याति और उनके प्रति अटूट श्रद्धा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस कार्यक्रम में मंडला जिले के साथ-साथ रायपुर, मुंबई, नागपुर, बालाघाट और सिवनी जैसे शहरों सहित विदेशों से भी उनके अनुयायी महाराजपुर पहुँचे। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष और सदस्यों ने बताया कि दादाजी के प्रति लोगों का विश्वास समय के साथ और गहरा होता जा रहा है।
चमत्कारिक व्यक्तित्व और अटूट मान्यता
भक्तों ने बताया कि दादा धनीराम एक ऐसे संत थे जिन्होंने 1927 से 1970 तक महाराजपुर में रहकर मानव कल्याण के लिए कार्य किया। उनकी अश्लील समझी जाने वाली गालियां भी भक्तों के लिए आशीर्वाद बन जाती थीं। मान्यता है कि दादा के दरबार में मांगी गई हर मुराद पूरी होती है और मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त यहाँ आकर भंडारा कराते हैं। आश्रम परिसर के बारे में कहा जाता है कि यहाँ साक्षात् माता अन्नपूर्णा का वास है, जिसके कारण हजारों लोगों के भोजन के बाद भी कभी कमी नहीं आती।
मानव सेवा को समर्पित जीवन
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि दादा धनीराम जी का जीवन हठ योग और जनसेवा का प्रतीक था। उनके द्वारा किए गए चमत्कारों की कहानियां आज भी भक्तों की जुबान पर हैं। पुण्यतिथि के इस सफल आयोजन में ट्रस्ट के समस्त सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।
सिंधी प्रीमियर लीग का रोमांच: महाराजपुर में क्रिकेट का जुनून, मैदान में चौके-छक्कों के साथ उमड़ रही खेल प्रेमियों की भीड़
सिक्सर और सोशल बॉन्डिंग: एसपीएल में रॉयल सिंधी वॉरियर्स, सुभाष वार्ड और वी-8 ने दर्ज की धमाकेदार जीत
- मंडला में सिंधी प्रीमियर लीग की धूम
- चौके-छक्कों के साथ सामाजिक सौहार्द्र का अनूठा संगम
- दिन में कामकाज, रात में क्रिकेट का रोमांच
- सिंधी समाज के महाकुंभ में उमड़ रहा उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29 | श्री झूलेलाल क्रिकेट काउंसिल मंडला के तत्वावधान में आयोजित ‘सिंधी प्रीमियर लीग’ क्रिकेट प्रतियोगिता इन दिनों शहर में खेल और सामाजिक सौहार्द्र का मुख्य केंद्र बनी हुई है। महानगरों की तर्ज पर शुरू की गई इस आठ दिवसीय प्रतियोगिता में समाज की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। रात्रि कालीन रोशनी में हो रहे इन रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे खेल परिसर पहुँच रहे हैं।
राष्ट्रगान के साथ होता है आगाज
प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक मैच की शुरुआत राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ की जाती है। मैदान पर खिलाड़ी और दर्शक मिलकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाते हैं और भारत माता का जयघोष करते हैं। यह आयोजन युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों और बाल खिलाड़ियों के लिए भी एक साझा मंच साबित हो रहा है।
मैच में उत्साह
पौड़ी महाराजपुर खेल परिसर में आयोजित ये मैच टी-16 प्रारूप (कुल 16 ओवर, प्रति टीम 8 ओवर) में खेले जा रहे हैं। रात्रि 8 बजे से शुरू होने वाली इस लीग को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। मैदान पर पहुँची महिलाओं ने बताया कि अपने परिवार के सदस्यों को खेलते देखना गर्व की बात है, वहीं बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिला है।
तीसरे दिन के परिणामों पर एक नजर:
-
पहला मैच: मंडला स्टार्स बनाम रॉयल सिंधी वॉरियर्स। इस मुकाबले में रॉयल सिंधी वॉरियर्स ने एकतरफा खेल दिखाते हुए 67 रनों से जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए दक्ष जेठमलानी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
-
दूसरा मैच: सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स बनाम फैंसी क्रिकेट टीम। इस मैच में सुभाष वार्ड की टीम ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की। यश क्षेतीजा को उनके शानदार खेल के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
-
तीसरा मैच: एलाइट टीम बनाम वी-8 टीम। इस कड़े मुकाबले में वी-8 ने अपनी पकड़ मजबूत रखी और 34 रनों से जीत दर्ज की। विक्की मोहनानी को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
सामाजिक एकता और युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस लीग का फाइनल मुकाबला आगामी दिनों में होगा। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से मैदान पहुँचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
मंडला जिला अस्पताल में हंगामा
- डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, गर्भ में ही नवजात की मौत
- समय पर नहीं हुआ इलाज, तड़पती रही गर्भवती
- परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल एक बार फिर विवादों के घेरे में है। इलाज में कथित लापरवाही के चलते एक गर्भवती महिला के बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों का सीधा आरोप है कि डॉक्टरों की संवेदनहीनता और समय पर जांच न होने के कारण उन्होंने अपना बच्चा खो दिया है।
परिजनों ने बताया कि गर्भवती महिला को सुबह नियमित चेकअप और प्रसव संबंधी परामर्श के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि सुबह से लेकर शाम तक महिला अस्पताल में ही रही, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों या स्टाफ ने उसकी स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने बार-बार जांच की गुहार लगाई, लेकिन न तो समय पर अल्ट्रासाउंड किया गया और न ही बच्चे की हार्टबीट चेक की गई।
शाम को मिली मौत की खबर
दिन भर की अनदेखी के बाद जब शाम को आखिरकार बच्चे की हार्टबीट चेक की गई, तो डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की गर्भ में ही मौत हो चुकी है। यह सुनते ही परिजनों का सब्र टूट गया। उनका कहना है कि अगर सुबह ही सही समय पर जांच कर उपचार शुरू कर दिया जाता या समय रहते धड़कन चेक कर ली जाती, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।
अस्पताल में रहा तनाव का माहौल
घटना से आक्रोशित परिजनों और उनके परिचितों ने अस्पताल के गलियारों में जोरदार नारेबाजी की और जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में गरीब मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस को भी सूचित किया गया है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषी स्टाफ पर कार्यवाही नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे।
इनका कहना है
विवेक सिधिंया की पत्नि गर्भवती थी, जिसे नियमित चैकअप के लिए सुबह लाया गया था, जिन्हें डॉ. मालती उइके देख रही है। सुबह भी डॉक्टर को दिखाया था और तीन दिन पहले भी इन्हें दिखाया था, जहां डॉक्टर ने कहां था कि सब कुछ ठीक है, लेकिन शाम को जब जांच की गई तो अस्पताल स्टाफ ने कहां कि बच्चा गर्भ में ही खत्म हो गया है। अस्पताल की लापरवाही के कारण एक बच्चे की गर्भ में मौत हो गई। इस मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
परिजन
सुबह से ही अस्पताल स्टाफ द्वारा लापरवाही की जा रही है, अस्पताल स्टाफ परिजनों पर उल्टा आरोप लगा रहे है कि हमारी लापरवाही है, जबकि इनके द्वारा लापरवाही बरती गई है। अवकाश होने के कारण चिकित्सक नहीं थे, डॉक्टर आई थी सिर्फ सीजर करने के लिए, हमारे मरीज को उन्होंने देखा नहीं।
परिजन
भोपाल में 30 जनवरी को संविदा कर्मचारियों का महाकुंभ
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि
- अभी नहीं तो कभी नहीं के नारे के साथ जुटेंगे प्रदेशभर के संविदा कर्मी
- भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले होगा शक्ति प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के समस्त विभागों में कार्यरत संविदा अधिकारी और कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर आगामी 30 जनवरी को राजधानी भोपाल के न्यू दशहरा मैदान में एक विशाल महासम्मेलन आयोजित करने जा रहे हैं। संविदा संयुक्त संघर्ष मंच द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे ।
इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों संविदा अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। यह आयोजन भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले किया जा रहा है। सम्मेलन की विशेष बात यह है कि इसमें मुख्यमंत्री के आगमन का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिससे संविदा कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
संविदा संयुक्त संघर्ष मंच के पदाधिकारियों प्रदेश संयोजक दिनेश तोमर, डी. के. उपाध्याय, महामंत्री सजल भार्गव, अभय वाजपेई, सुरेन्द्र रघुवंशी, तथा संस्थापक प्रांताध्यक्ष मोबाइल स्त्रोत सलाहकार संघ म.प्र. श्री के. के. शर्मा एवं श्री अरविंद यादव के संयुक्त आवाहन पर यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
संविदा संयुक्त मंच के जिलाध्यक्ष जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार उपाध्याय ने बताया कि इस महासम्मेलन में सर्व शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य विभाग, आजीविका मिशन, मनरेगा, महिला एवं बाल विकास, वाटरशेड और कृषि सहित शासन के सभी विभागों और योजनाओं में कार्यरत संविदा कर्मचारी हिस्सा लेंगे । भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध इस मंच का दावा है कि इस बार संविदा कर्मियों के हित में ऐतिहासिक और सकारात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं।
मंडला जिला अध्यक्ष ने की अपील
संविदा संयुक्त मंच मंडला के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार उपाध्याय ने जिले के सभी संविदा साथियों से अभी नहीं तो कभी नहीं की भावना के साथ अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचने की अपील की है । उन्होंने कहा कि सभी संविदा साथियों की जायज मांगें मुख्यमंत्री महोदय के समक्ष पहले ही ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तुत की जा चुकी हैं ।
कलेक्टर से कार्यमुक्त करने का अनुरोध
मंच के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर मंडला को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि सम्मेलन में भाग लेने वाले कर्मचारियों को 30 जनवरी को कार्य दिवस मानते हुए मुख्यालय छोडऩे की अनुमति प्रदान की जाए और आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
सफलता का विजय पथ, विशेषज्ञों ने दिए भविष्य निर्माण के टिप्स
- उत्कृष्ट विद्यालय में करियर कार्यशाला आयोजित
- दृढ़ संकल्प और सही प्लानिंग से मिलेगी कामयाबी
- उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में छात्रों को बताया बैंकिंग, सीए और उच्च शिक्षा का मार्ग
मंडला महावीर न्यूज 29| शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मण्डला में “विजय पथ” करियर मार्गदर्शन एवं गाइडेंस प्रकल्प के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना और करियर चयन के विभिन्न विकल्पों से अवगत कराना था।
विशेषज्ञों ने साझा किए सफलता के मंत्र
कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया:
-
पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य प्रो. अनिल गुप्ता ने नई शिक्षा नीति के तहत महाविद्यालय स्तर पर उपलब्ध कोर्सेस और ‘सीयूईटी’ (CUET) परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को पारंपरिक पाठ्यक्रमों के बजाय प्रोफेशनल कोर्सेस चुनने की सलाह दी।
-
एलडीएम मण्डला सुजय कुमार ने बैंकिंग सेक्टर में उभरते करियर और भर्ती प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए।
-
सी.ए. मुकेश जैन ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में प्रवेश की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारण और कठोर परिश्रम अनिवार्य है। उन्होंने फाउंडेशन कोर्स और स्नातक के बाद सीए प्रवेश के विभिन्न सोपानों को विस्तार से समझाया।
-
वित्तीय साक्षरता अधिकारी के.के. अवस्थी ने छात्रों को उच्च शिक्षा हेतु मिलने वाले एजुकेशन लोन के प्रावधानों और उनकी सरल प्रक्रिया से अवगत कराया।
संवाद और आभार
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विशेषज्ञों ने सत्र के अंत में छात्रों द्वारा पूछे गए विभिन्न जिज्ञासापूर्ण सवालों के जवाब दिए। विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव ने कार्यशाला की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और सभी मार्गदर्शकों के प्रति आभार जताया।
आयोजन टीम
करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने कार्यक्रम का संयोजन करते हुए “विजय पथ” प्रकल्प के उद्देश्यों और विद्यालय स्तर पर की जाने वाली तैयारियों की जानकारी दी। इस आयोजन में प्रवीण अग्रवाल (NSS प्रभारी), विपिन लखेरा (NCC सेकंड ऑफिसर) और आलमगीर खान का विशेष सहयोग रहा। कार्यशाला के बाद छात्र उत्साहित और भविष्य के प्रति अधिक स्पष्ट नज़र आए।
बिछिया विचार मंच की कमान अब रागिनी परते के हाथ
- सर्वसम्मति से चुनी गईं नई अध्यक्ष
- जमीनी मुद्दों पर संघर्ष की नई शुरुआत
- रागिनी परते बनीं बिछिया विचार मंच की अध्यक्ष
- महिलाओं की भागीदारी पर रहेगा जोर
मंडला महावीर न्यूज 29| क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों पर मुखर रहने वाले सामाजिक संगठन ‘बिछिया विचार मंच’ के नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक में सभी नेताओं और सदस्यों की सर्वसम्मति से रागिनी परते को निर्विरोध नई अध्यक्ष चुना गया है।
स्व. शोभाराम मर्सकोले के कार्यों को बढ़ाएंगी आगे
बैठक के दौरान मंच के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय शोभाराम मर्सकोले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। रागिनी परते का चयन स्वर्गीय मर्सकोले के निधन के बाद रिक्त हुए स्थान को भरने और संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से किया गया है।
छात्र जीवन से समाज सेवा में सक्रिय
नई अध्यक्ष रागिनी परते छात्र जीवन से ही सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही हैं। उनकी सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका नामांकन हाल ही में यूनाइटेड स्टेट के एक सर्वे में भी हुआ है, जो उनके सामाजिक कार्यों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाता है।
महिलाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष फोकस
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में रागिनी परते ने कहा कि बिछिया विचार मंच हमेशा से पानी, बिजली, सड़क, जंगल बचाव (सतकठा), नशा मुक्ति और महिला सशक्तिकरण जैसे बुनियादी मुद्दों पर काम करता रहा है। उन्होंने भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि वे संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान देंगी और जमीनी संघर्षों में सभी साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेंगी।
2015 से सक्रिय है मंच
बता दें कि बिछिया विचार मंच की स्थापना वर्ष 2015 में चार नदी घाटी फेडरेशन को मिलाकर की गई थी। स्थापना काल से ही यह संगठन लेंटाना उन्मूलन और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच साबित हुआ है। रागिनी परते की नियुक्ति पर संगठन के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में मंच और अधिक सशक्त होगा।
जिलेहटा में गूँजे श्रीकृष्णा के जयकारे: गोवर्धन लीला की जीवंत झांकी देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
- इंद्र का अहंकार और कन्हैया का प्रेम
- भागवत कथा में धूमधाम से मनाया गया छप्पन भोग और गोवर्धन उत्सव
मंडला महावीर न्यूज 29.| निवास क्षेत्र के ग्राम जिलेहटा में प्रवाहित हो रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन मंगलवार को भक्ति और आनंद की अविरल धारा बही। कटनी (नदावन) से पधारे आचार्य श्री उदय प्रकाश पाण्डेय ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा के प्रसंगों का सजीव वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
बाल लीलाओं का रसास्वादन
कथा प्रसंग के दौरान आचार्य श्री ने प्रभु के जन्मोत्सव, नामकरण संस्कार, पूतना वध और माखन चोरी की लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान ने अपनी बाल लीलाओं के माध्यम से न केवल कंस द्वारा भेजे गए राक्षसों का संहार किया, बल्कि ब्रजवासियों को असीम आनंद और प्रेम की अनुभूति भी कराई।
इंद्र का मान-मर्दन और गोवर्धन पूजा
कथा के मुख्य प्रसंग ‘गोवर्धन लीला’ पर प्रकाश डालते हुए आचार्य ने कहा कि जब देवराज इंद्र को अपनी सत्ता और शक्ति पर अभिमान हो गया, तब उनके अहंकार को नष्ट करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रज में इंद्र की पूजा बंद कराकर गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कराई। क्रोधित इंद्र द्वारा की गई मूसलाधार वर्षा से ब्रजवासियों को बचाने के लिए कन्हैया ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर धारण किया। अंततः इंद्र को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने प्रभु की शरण ली।
झांकी और भजनों पर थिरके श्रद्धालु
कथा के दौरान भगवान गिरिराज जी को उंगली पर उठाए हुए अत्यंत मनमोहक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजन किया और छप्पन भोग अर्पित किए। संगीतमय भजनों की धुन पर पंडाल में मौजूद महिला व पुरुष श्रद्धालु देर तक झूमते-नाचते रहे।
रुक्मणी विवाह आज
कार्यक्रम में आचार्य रमाकांत शास्त्री और प्रदीप धर (लट्टू महाराज) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कथा समिति ने बताया कि बुधवार को कथा के छठवें दिन भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी का विवाह प्रसंग बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें विशेष विवाह झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
अद्भुत साधना-अन्न का त्याग कर केवल नर्मदा जल के सहारे दादा गुरु की पदयात्रा
- शादी के चार दिन बाद ही नर्मदा परिक्रमा पर निकला इंजीनियर जोड़ा
- निवास अंचल में उमड़ा जनसैलाब
- दादा गुरु के साथ दे रहे पर्यावरण का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा के पावन तटों पर अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। वर्षों से अन्न का त्याग कर केवल माँ नर्मदा के जल पर जीवित रहने वाले विख्यात संत भैया जी सरकार (दादा गुरु) की नर्मदा परिक्रमा यात्रा इन दिनों निवास अंचल से गुजर रही है। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि नर्मदा को अवैध उत्खनन और प्रदूषण से मुक्त कराने के लिए एक बड़ा जन-आंदोलन भी बन गई है।
आधुनिक विज्ञान को चुनौती देते हुए दादा गुरु ने वर्षों से अन्न का एक दाना भी ग्रहण नहीं किया है। वे केवल नर्मदा जल से प्राप्त ऊर्जा के बल पर निरंतर पदयात्रा कर रहे हैं। दादा गुरु का संकल्प माँ नर्मदा को शुद्ध और अविरल बनाना है। उन्होंने नर्मदा में गिरने वाले गंदे नालों और अवैध उत्खनन के खिलाफ कानूनी लड़ाई भी छेड़ी है। उनकी इस जल-साधना को देख निवास क्षेत्र के ग्रामीण और श्रद्धालु नतमस्तक हैं।
डिंडोरी की ओर बढ़ा कारवां
परिक्रमा के 90 वें दिन यह यात्रा निवास के हाथीतारा पहुँची, जहाँ भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। मंगलवार को बम्हनी और मनेरी होते हुए पहुँची इस यात्रा में लगभग दो हजार भक्त और साधु-संत शामिल हैं। बुधवार को यह कारवां हाथीतारा से प्रस्थान कर बिझौली माता की मढिय़ा में विश्राम के बाद डिंडोरी जिले के शहपुरा (ग्राम बिछिया) में प्रवेश करेगा।
इंजीनियर दंपति ने पेश की अनूठी मिसाल
इस यात्रा में एक विशेष आकर्षण हरदा निवासी 32 वर्षीय सिविल इंजीनियर विशु शर्मा और उनकी पत्नी आध्या हैं। जहाँ आज के युवा विवाह के बाद आधुनिक पर्यटन पर जाते हैं, वहीं इस जोड़े ने 1 नवंबर को विवाह बंधन में बंधने के ठीक चार दिन बाद ही 5 नवंबर से दादा गुरु के सानिध्य में पैदल नर्मदा परिक्रमा शुरू कर दी। पिछले करीब 90 दिनों से यह नवदंपति चकाचौंध से दूर माँ नर्मदा की गोद में पदयात्रा कर रहा है। इनका मानना है कि नए जीवन की शुरुआत के लिए नर्मदा मैया के आशीर्वाद से बढ़कर कुछ भी नहीं है।
पुलिस प्रशासन है मुस्तैद
विशाल जन-समूह और भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है और दादा गुरु के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। लोगों के लिए यह एक दुर्लभ अवसर है, जहाँ वे एक ऐसे साधक का सानिध्य प्राप्त कर रहे हैं जो अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं।
मंडला में गणतंत्र दिवस की धूम
- प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने फहराया तिरंगा
- मार्च पास्ट और झांकियों ने मोहा मन
- राष्ट्रीय पर्व पर सम्मानित हुए लोकतंत्र सेनानी और उत्कृष्ट कर्मचारी
- पुलिस बल और जल संसाधन विभाग की झांकी रही अव्वल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाईन मैदान में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गौरवमयी हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आकाश में तिरंगे के रंगों के गुब्बारे छोड़े गए और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया।
मार्च पास्ट और परेड में दिखा अनुशासन
समारोह में सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी और स्काऊट-गाइड सहित विभिन्न दलों ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड में जिला पुलिस बल मंडला को प्रथम, सीआरपीएफ को द्वितीय और विशेष सशस्त्र बल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। अनआर्म्ड प्लाटून में आरडी कॉलेज को प्रथम और पुलिस बैंड को द्वितीय स्थान मिला। पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत ‘जन-गण-मन’ की धुन और मोंटफोर्ट स्कूल के ‘सारे जहाँ से अच्छा’ गीत ने दर्शकों में देशभक्ति का संचार कर दिया।
विभागीय झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुति
शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करती विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों की श्रेणी में जल संसाधन विभाग ने प्रथम, पुलिस विभाग ने द्वितीय और कृषि विकास विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों और देशभक्ति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसमें रानी अवंती बाई स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्ञानदीप और उत्कृष्ट विद्यालय संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।
सम्मान और पुरस्कार वितरण
प्रभारी मंत्री ने जिले के लोकतंत्र सेनानियों को शॉल, श्रीफल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय और श्रीमती प्रीति दुबे ने किया।

गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
श्री साईं बाबा की प्रतिमा स्थापना का 14 वां वर्षगांठ मनाया
- सीएचसी नारायणगंज में हवन पूजन के साथ हुआ भंडारा
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में साईं बाबा की प्रतिमा स्थापना का 13 वां स्थापना दिवस 26 जनवरी को मनाया गया। सुबह 10 बजे से पूजन अर्चन शुरू किया गया। एक दिन पहले ही सभी तैयारियां सीएचसी के सांई भक्तो द्वारा कर ली गई।
14 वर्ष पूर्व हुई प्रतिमा स्थापना के बाद सीएचसी नारायणगंज में प्रतिवर्ष धार्मिक कार्यक्रम स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा किया जाता है। इस वर्ष भी सीएचसी नारायणगंज में पदस्थ सभी स्टाफ द्वारा साईं बाबा की प्रतिमा स्थापना वर्षगांठ मनाने की तैयारियां की गई थी। प्रतिमा स्थापना वर्षगांठ के आयोजन को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।
बताया गया कि सांई बाबा प्रतिमा स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में स्थित साईं मंदिर का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
सांई बाबा प्रतिमा स्थापना दिवस पर सर्व प्रथम सुबह साईं बाबा की प्रतिमा को स्नान कराकर अभिषेक किया गया। वस्त्र धारण कराया गया। इसके बाद साईं मंत्र उच्चारण एवं स्त्रोत का पाठ किया गया। उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों ने हवन पूजन किया। इसके बाद भव्य साईं आरती की गई। हवन पूजन के बाद भक्तों को प्रसाद, भंडारे का वितरण किया गया।
इंटरस्टेट ऑपरेशन-राजस्थान पुलिस की इनपुट पर अंजनिया पुलिस का एक्शन
- अंजनिया पुलिस ने जप्त किया 20 लाख का गांजा
- उड़ीसा से राजस्थान जा रही खेप पकड़ी गई
- झाडिय़ों में छिपाकर रखा 40 किलो गांजा बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29| पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत अंजनिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ एक साझा ऑपरेशन में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य का अवैध गांजा जप्त किया है।
कैसे हुआ खुलासा?
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को राजस्थान ए.एन.टी.एफ. से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध वाहन (क्रमांक RJ-06-GB-5152) में मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। राजस्थान के झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में जब इस वाहन को चेकिंग के लिए रोका गया, तो चालक राजेन्द्र (58 वर्ष) ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया।
आरोपी चालक ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर राजस्थान जा रहा था, लेकिन पुलिस की सख्त नाकेबंदी के डर से उसने गांजे की खेप को मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र में ‘मटरू ढाबा’ के पास एक पुलिया के समीप झाड़ियों में छिपा दिया था।

अंजनिया पुलिस का त्वरित एक्शन
सूचना मिलते ही अंजनिया चौकी पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस को पुलिया के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है।
मामला दर्ज, टीम रवाना
थाना बम्हनी में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।
सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में उपनिरीक्षक प्रवीण शर्मा, एएसआई राजेश सराठे, आरक्षक रोहित, कीर्ति, सुनील तथा राजस्थान एएनटीएफ के आरक्षक इंदर शेखावत की विशेष भूमिका रही। इस बड़ी कामयाबी पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
सुरों से सजी नर्मदा की लहरें
- माहिष्मती घाट पर निर्झरणी महोत्सव में भजनों की अमृत वर्षा
- मंडला में निर्झरणी महोत्सव का भव्य आगाज
- प्रभारी मंत्री और पीएचई मंत्री की उपस्थिति में भक्तिमय हुई संध्या
मंडला महावीर न्यूज 29 | नर्मदा जयंती के पावन पर्व पर संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक माहिष्मती घाट पर ‘निर्झरणी महोत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस महोत्सव ने आस्था, संगीत और लोक संस्कृति के अद्भुत संगम से नर्मदा तट को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब
महोत्सव का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। रीवा से पधारीं मुकुल सोनी एवं उनकी टीम ने अपनी सुरीली आवाज में ‘सभी का मंगल सभी का जस’ और ‘जिस भजन में राम का नाम ना हो’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं, सिवनी के आशिष पटेल और उनकी टीम ने अपनी प्रभावी लीला नाट्य प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की इन प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।

दिग्गज जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके, जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में मां नर्मदा के संरक्षण और भारतीय संस्कृति में उनके महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशासनिक व्यवस्था एवं जनसहभागिता
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं और नागरिकों ने इस सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया। सफल आयोजन के लिए स्थानीय नागरिकों ने संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की।
सुरक्षा और व्यवस्था की दृष्टि से भी प्रशासन मुस्तैद रहा, जिससे हजारों की भीड़ के बावजूद कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
गणतंत्र दिवस पर सुधीर कासंकार सम्मानित
- माहिष्मती घाट महाआरती और आध्यात्मिक पर्यटन में उत्कृष्ट योगदान पर मिला प्रशस्ति पत्र
- जिला प्रशासन ने सुधीर कासंकार को सराहा
- महाआरती के सफल संचालन के लिए गणतंत्र दिवस समारोह में हुए पुरस्कृत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय पुलिस लाईन ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में अध्यात्म और पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में माहिष्मती घाट पर आयोजित होने वाली भव्य माँ नर्मदा महाआरती के कुशल संचालन और मंडला में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुधीर कासंकार को जिला प्रशासन द्वारा गौरवपूर्ण सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य समारोह में मिला सम्मान
26 जनवरी को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सुधीर कासंकार को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मां नर्मदा की महाआरती के व्यवस्थित प्रबंधन, आयोजन की निरंतरता और इसके माध्यम से मंडला की सांस्कृतिक पहचान को अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करने के लिए दिया गया है।
आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा
सुधीर कासंकार के प्रयासों से माहिष्मती घाट की महाआरती आज न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी मुख्य आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। उनके द्वारा किए गए कार्यों ने जिले में आध्यात्मिक पर्यटन की संभावनाओं को नई ऊंचाइयां दी हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत को भी बल मिला है।
हर्ष का वातावरण
सम्मान प्राप्त होने पर सुधीर कासंकार ने इसे मां नर्मदा की कृपा और अपनी टीम का सामूहिक प्रयास बताया। उनकी इस उपलब्धि पर नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवी संगठनों और नर्मदा भक्तों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई प्रेषित की है।
शौर्य और राष्ट्रभक्ति: सीआरपीएफ 148वीं वाहिनी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 77वां गणतंत्र दिवस
- मंडला: कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि ने किया ध्वजारोहण
- विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित जवानों का हुआ गौरव गान
मंडला महावीर न्यूज 29 | देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति समर्पित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 148वीं वाहिनी द्वारा सोमवार को पुलिस लाइन मंडला में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट श्री विक्रांत सारंगपाणि ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
वीर शहीदों का स्मरण और सम्मान
समारोह के दौरान कमांडेंट श्री सारंगपाणि ने उपस्थित सभी अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने बल के उन जांबाज कार्मिकों के नामों की घोषणा की, जिन्हें उनकी अतिविशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पदक से अलंकृत किया गया है। इस भावुक क्षण में देश की अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भी याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सांस्कृतिक मेल-जोल और ‘बड़ा खाना’
अनुशासन और उल्लास के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में कमांडेंट महोदय ने स्वयं जवानों के बीच पहुंचकर उन्हें मिठाइयां वितरित कीं। राष्ट्रीय पर्व की खुशी को साझा करने के लिए शाम के वक्त खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। दिवस का समापन वाहिनी के भोजनालयों में पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ के साथ हुआ, जहाँ अधिकारियों और जवानों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर वाहिनी के उप कमांडेंट श्री अमरी प्रसाद, उप कमांडेंट श्री मनोरंजन कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. भाग्य लक्ष्मी एस. सहित समस्त अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे। पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘सीआरपीएफ’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
तिरंगे के रंग में रंगा हिरदेनगर: पीएम श्री विद्यालय में कदमताल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मनाया गया गणतंत्र दिवस
- संविधान की शपथ और देशप्रेम का जज्बा
- पी.एम. श्री विद्यालय हिरदेनगर में हर्षोल्लास के साथ फहराया तिरंगा
मंडला महावीर न्यूज 29 | मण्डला जिले के प्रतिष्ठित पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिरदेनगर में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया। समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया, जिसके उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान की गूँज से वातावरण ओतप्रोत हो गया।
अनुशासन और कला का प्रदर्शन
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक ड्रेस कोड में शानदार मार्च पास्ट किया। विद्यार्थियों के अनुशासनबद्ध कदमताल ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में छात्र-छात्राओं ने ‘ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘मां तुझे सलाम’ जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं प्रेरणादायक लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। नन्हे बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
संविधान के प्रति ली शपथ
इस गौरवमयी अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य ने विद्यार्थियों और स्टाफ को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। सभी उपस्थित जनों ने संविधान के प्रति अटूट निष्ठा रखने और अपने मौलिक कर्तव्यों के ईमानदारी से पालन करने की सामूहिक शपथ ली।
आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पी.एम. श्री योजना के तहत विद्यालय का चयन होने से यहाँ आधुनिक शिक्षा के द्वार खुले हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाकर एक सजग राष्ट्रनिर्माता बनें।
मेधावी प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के अंत में वर्ष भर शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्रृद्धालुओं ने किए दर्शन, लगाई डुबकी, नर्मदे हर से गूंजा नगर
- माँ नर्मदा के दर्शन को उमड़ा जन सैलाब
- जिले भर में हुए विविध धार्मिक आयोजन और भंडारा
- अर्पित की माँ को चुनरी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला से कलकल करती जाती मां नर्मदा के सभी तटों में नर्मदे हर के जयकारों से गुजायमान रहा। मां नर्मदा जन्मोत्सव में पूरे जिले के सभी नर्मदा घाटों में हजारों भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कहते हैं कि माँ नर्मदा का हर कंकर शंकर होता है और माँ नर्मदा के दर्शन मात्र से ही पुण्य फल प्राप्त होता है। कलयुग में माँ नर्मदा के दर्शन मात्र से ही तीन जन्मों और नर्मदा स्नान से हजार जन्मो के पापों से मुक्ती मिलती है। जिला मुख्यालय के नर्मदा घाटों समेत अन्य क्षेत्रों में भक्तों ने माँ रेवा का दुग्धाभिषेक, पूजा, अर्चन किया।
जयंती अवसर पर माँ नर्मदा की महाआरती की, नर्मदा अष्टक व भजनों पर हजारों श्रृद्धालु झूमते नजर आए। मंडला माहिष्मती घाट और महाराजपुर संगम में भक्तों के सैलाब का अलौकिक दृश्य देखने को मिला। जहां माँ नर्मदा के भक्त माँ नर्मदा की भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान भक्तों द्वारा माँ का दुग्धाभिषेक कर चुनरी सहित नारियल माँ नर्मदा को अर्पित किए और नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। माँ नर्मदा जयंती महोत्सव पर नर्मदा तट में श्रृद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर रात्रि तक चलता रहा।
जिला मुख्यालय में माँ नर्मदा प्रकटोत्सव पर्व धूमधाम से मनाया गया। नर्मदा जयंती के अवसर पर दूर-दूर से हजारों श्रृद्धालु पहुंचे। श्रृद्धालुओं ने नर्मदा तटों पर पूजन पाठ किया। विभिन्न समितियों ने प्रसाद व भंडारे का आयोजन किया। वहीं माँ नर्मदा को नगर सहित आसपास के नर्मदा घाट में चुनरी चढ़ाई गई। पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किये थे। माहिष्मती घाट, महाराजपुर संगम व जिले के अन्य घाटों में पुलिस बल को तैनात रहा। नर्मदा तटों में यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। जिससे नर्मदा तट आने वाले श्रृद्धालुओं को परेशानी नहीं उठानी पड़ी। नर्मदा जयंती के अवसर पर सुबह ही श्रृद्धालु पूजन पाठ करने पहुंचे। जहां लोगों ने माँ नर्मदा जी का अभिषेक व विशेष पूजन किया गया।
दिन भर चला पूजन पाठ का दौर
प्रदेश की जीवनदायिनी कही जाने वाली मां नर्मदा जी के जन्मोत्सव को मनाने के लिए श्रृद्घालु आस्था के साथ जुटे रहे। नगर के पीपलघाट, रपटा घाट, सूर्यकुण्ड, रंगरेज घाट, नाना घाट, बाबा घाट, सहस्त्रधारा, गऊ घाट एवं नगर में स्थित मां नर्मदा का मंदिर आदि नर्मदा तटों में पूजा पाठ का सिलसिला सुबह से जो शुरू हुआ व देर शाम तक चलता रहा है। वहीं कई घाटों पर मां नर्मदा को चुनरी चढ़ाई गई। सुबह से ही माता के श्रृंगार के लिए नगर में जगह-जगह पूजन सामग्रियां बहुतायत में बिक्री हुई। भक्तों ने अल सुबह उठ नर्मदा में स्नान करने का पुण्य लाभ लिया। जो सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। माता के दर्शन को दूर-दराज क्षेत्रों से भक्तों का जत्था उमड़ा। जिला मुख्यालय पर नर्मदा जयंती महोत्सव पूरे धूमधाम से मनाया गया। जयंती के एक दिन पूर्व से ही घाट-घाट पर धार्मिक आयोजन शुरू हो गए थे। नर्मदा तटों पर हवन पूजन व कथा पाठ का दौर भी जारी रहा।
कन्या भोज व भंडारे का आयोजन
जिले में विभिन्न स्थलों व नर्मदा घाटों में कन्या भोजन व भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं जगह-जगह विशाल भंडार दिन भर चलता रहा। संगम घाट, रपटा घाट, पीपल घाट स्थित मंदिर के साथ-साथ घाटों पर सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया। इसके साथ ही जिला मुख्यालय समेत अन्य क्षेत्रों में भव्य भंडारा का आयोजन दिन भर चलता रहा। मां नर्मदा को इस अवसर पर जगह-जगह चुनरियां चढ़ाई गई।
नर्मदा आश्रम पीपल घाट में आयोजन
पीपल घाट नर्मदा आश्रम में जगदीश दास जी महाराज के सानिध्य में माँ नर्मदा जयंती के अवसर पर माँ नर्मदा का पूजन, चुनरी अर्पण व विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष नर्मदा आश्रम में भक्तों का हुजूम लगता है। यहां लोग दूर दूर से आते है और नर्मदा जयंती के कार्यक्रम में शामिल होते है। नर्मदा आश्रम में लगभग डेढ़ सैकड़ा साडिय़ों की चुनरी माँ नर्मदा को चढ़ाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तजन नर्मदा तट में उपस्थित रहे।
सूर्यकुण्ड में हुआ भव्य आयोजन
माँ नर्मदा जयंती के अवसर पर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के नर्मदा घाटों में भक्तों का हुजूम माँ नर्मदा की पूजा, अर्चना व माँ को चुनरी अर्पण करने लगा रहा। मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम रामबाग, सकवाह में स्थित सूर्यकुण्ड धाम में माँ नर्मदा जी को चुनरी भेंट की गई। यहां भी बड़ी संख्या में भक्त दूर दूर से पहुंचे। सूर्यकुण्ड धाम में माँ नर्मदा को छप्पन भोग भी अर्पित किया गया।
माँ नर्मदा को चढ़ाई चुनरी
नर्मदा जयंती पर माँ नर्मदा के तटों पर भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। सभी प्रमुख नर्मदा तटों पर माँ की पूजा अर्चना, अनुष्ठान और दान व भंडारे दिन भर होते रहे। लोगों ने अपनी आस्था और भक्ति प्रदर्शित करते हुये शोभा यात्रा के साथ माँ नर्मदा को चुनरी अर्पित की। साथ ही हजारों लोगों ने नर्मदा स्नान कर दान और पूजन किया। सुबह से शाम तक नर्मदा तटों में भक्तों का तांता लगा रहा। दिन भर चुनरी अर्पित करने का सिलसिल चलता रहा।
झंडा चौक हनुमान मंदिर से निकाली चुनरी यात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. राजीव कालोनी झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर से महिला मंडल द्वारा माँ नर्मदा के प्रकटोत्सव पर भजन कीर्तन किया गया। माँ नर्मदा को चुनरी अर्पित करने विशाल 111 साढिय़ों की चुनरी यात्रा निकाली गई। करीब दो किलोमीटर पद यात्रा करते हुए जिला मुख्यालय के माहिष्मती घाट पहुंची। चुनरी यात्रा में शामिल सभी भक्तों ने माँ नर्मदा का पूजन, अर्चन कर माँ नर्मदा को चुनरी भेंट की। इसके बाद सभी भक्त लौटकर मंदिर मेंं विशाल भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तजन नर्मदा तट में उपस्थित रहे।
सदाव्रत आश्रम में हवन, पूजन के साथ नर्मदा जन्मोत्सव का समापन
- मां नर्मदा जन्मोत्सव पर 30वें महापर्व में उमड़ा भक्तों का सैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. मां नर्मदा अंचल के दक्षिण तट में स्थित ग्राम हिरदेनगर के ऊँ श्रीं माँ रूकमणि देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार माँ नर्मदा मंदिर में 30 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व आचार्य संतोष महाराज के सानिध्य में मनाया गया। जन्मोत्सव पर्व में विविध आयोजन किए गए। जन्मोत्सव के अवसर पर दरबार में जप यज्ञ, रामधुन संर्कीतन, माँ नर्मदा अभिषेक, रामधुन समापन, कन्या भोज, मुण्डन संस्कार समेत विविध धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि 30 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व 22 से 25 जनवरी तक नर्मदा जयंती के अवसर विविध धार्मिक आयोजन किये गए। जिसमें 22 जनवरी को जप यज्ञ, 23 व 24 जनवरी को अखंड रामधुन संर्कीतन तारक मंत्र किया गया। 25 जनवरी को नर्मदा जयंती के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम में अखंड रामधुन का समापन, पूर्णाहूति, कन्या पूजन, संध्या आरती वंदना, माँ नर्मदा जी का अभिषेक, पूजन हवन, कन्या भोज, मातृ पितृ गुरू अभिषेक पूजन किया गया। इसके बाद दोपहर 2 बजे से बच्चों के मुंडन संस्कार कार्यक्रम अयोजित किया गया। साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
कूम्हा घाट, चकदेही घाट और दुर्वासा आश्रम में गूंजे मां नर्मदा के जयकारे
आस्था की अविरल धारा
- चकदेही घाट और दुर्वासा आश्रम में गूंजे मां नर्मदा के जयकारे
- नर्मदा जन्मोत्सव में चढ़ाई 51 फीट की चुनरी
- भजन-कीर्तन और महाआरती से भक्तिमय हुआ चकदेही तट, कन्या भोज और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदे हर के पावन जयघोष के साथ समूचा जिला नर्मदा मय हो गया। इसी क्रम में मां नर्मदा के पावन तट चकदेही घाट एवं दुपट्टा स्थित दुर्वासा आश्रम में नर्मदा जयंती का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में जहाँ एक ओर भजन-कीर्तन की गूंज रही, वहीं दूसरी ओर चुनरी अर्पण और महाप्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दुर्गेश सोनी एवं सहयोगियों द्वारा मां नर्मदा के चकदेही तट पर पहुंचकर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। भक्तों ने मां नर्मदा को चुनरी भेंट कर क्षेत्र की खुशहाली की मंगल कामना की। इस दौरान तट पर हवन-पूजन का आयोजन भी हुआ, जिसमें आहुतियां डालकर मां रेवा का आशीर्वाद लिया गया।
भजन मंडली और महाआरती का आकर्षण
चकदेही और दुर्वासा आश्रम के मंदिरों में स्थानीय महिला मंडलियों द्वारा मां नर्मदा के भक्तिपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी गई। शाम को नर्मदा तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जहाँ आयोजित महाआरती में सैकड़ों धर्मप्रेमियों ने हिस्सा लिया। आरती के समय का दृश्य अत्यंत मनमोहक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर रहा।
कन्या भोज और विशाल भंडारा
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे और कन्या भोज का आयोजन किया गया। समस्त क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी जनता ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। दुर्गेश सोनी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भक्तों के सहयोग से मां नर्मदा की सेवा का यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। देर रात तक घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और वातावरण पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
आस्था की डगर
- शिव शक्ति नर्मदा सेवा समिति ने निकाली भव्य चुनरी यात्रा, कुम्हा घाट पर हुआ समापन
- नारायणगंज के कुम्हा घाट पर उमड़ा जनसैलाब, विशाल भंडारे के साथ चुनरी यात्रा की हुई पूर्णाहूति
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा जयंती के पावन पर्व पर समूचा अंचल नर्मदे हर के जयघोष से गुंजायमान रहा। इसी कड़ी में शिव शक्ति नर्मदा सेवा समिति, टिकरिया के तत्वावधान में एक भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए नर्मदा तट कुम्हा घाट पहुँची, जहाँ मां नर्मदा को लंबी चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
नर्मदा घाट सेवा समिति, कूम्हा घाट नारायणगंज के सहयोग से आयोजित इस समापन समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चुनरी यात्रा के दौरान भक्त ढोल-धमाकों और भजनों की धुन पर थिरकते नजर आए। घाट पर पहुँचने के बाद मां नर्मदा का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया और विधि-विधान से चुनरी भेंट की गई। इसके साथ ही शिवनंदन सेवा समिति नारायणगंज द्वारा माँ नर्मदा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा का विसर्जन कूम्हा में मूर्ति विसाजन किया गया।
विशाल भंडारे का आयोजन
यात्रा के समापन अवसर पर कूम्हा घाट में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन में भक्ति भाव का संचार करना और मां नर्मदा के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और समिति के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। भक्तों के उत्साह और श्रद्धा ने कुम्हा घाट के वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा
- अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, दो घायल
- भावल चौराहे पर हुआ सड़क हादसा
- घर लौट रहे परिवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, पुलिस ने शुरू की वाहन की तलाश
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे-30 मार्ग पर सड़क हादसों पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है। रोजाना हाईवे पर हादसे हो रहे है। जागरूकता अभियान के बावजूद लोग हेलमेट लगाने के लिए जागरूक नहीं हो रहे है, जिससे हादसे में लोग असमय ही अपनी जान गवां रहे है। शनिवार शाम हाईवे मार्ग में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां नारायणगंज से मंडला की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित ग्राम भावल चौराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी अनुसार कोंड्रामाल निवासी उमेश विश्वकर्मा अपनी पत्नी और पुत्री के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर नारायणगंज की तरफ से अपने गांव कोंड्रामाल लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जैसे ही वे भावल चौराहे के पास पहुंचे, इसी दौरान एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
डायल 112 में पहुंचा अस्पताल
बताया गया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल डायल 112 और टिकरिया पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 के स्टाफ आरक्षक रामरतन मसकरे, शरद परते और पायलट रंजीत जंघेला मौके पर पहुंचे। टिकरिया थाना पुलिस ने भी घटना स्थल का मुआयना किया और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया।
हादसे में महिला की हुई मौत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के चिकित्सक ने घायलों का परीक्षण किया, जिसमें 45 वर्षीय यमुना विश्वकर्मा पति उमेश विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में बाइक चालक उमेश विश्वकर्मा 50 वर्ष और उनकी पुत्री संगीता विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार फिलहाल नारायणगंज अस्पताल में जारी है।
पुलिस कर रही कार्रवाई
टिकरिया पुलिस ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार वाहन की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रख दिया गया है। आज रविवार को पीएम के बाद महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को दिया जाएगा। इस घटना से कोंड्रामाल गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
आग का तांडव, डुडवा खापा में भीषण आग
पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
- पुराने खपरैल मकान में लगी आग से लाखों का सामान जलकर खाक
- डुडवा खापा में मची अफरा तफरी
- बीजाडांडी में धू-धू कर जला आशियाना
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम डुडवा खापा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशाल पुराने खपरैल मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटे देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया। इस हादसे में घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
विकराल हुई लपटें, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
आग की शुरुआत होते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए इसे बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन लकड़ी और खपरैल का ढांचा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।
सभी की सक्रियता ने आग पर पाया काबू
हादसे की जानकारी मिलते ही बीजाडांडी सरपंच डुमारी कुम्हरे संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वयं पानी का टैंकर लेकर मौके पर पहुँचे। वहीं बीजाडांडी पुलिस बल ने भी घटनास्थल पर मोर्चा संभाला और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। कुछ ही समय में दो फायर ब्रिगेड गाडिय़ाँ भी मौके पर पहुँच गईं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की घंटों की संयुक्त मशक्कत के बाद अंतत: आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग को पड़ोस के अन्य मकानों में फैलने से रोका गया।
तहसीलदार ने किया मौका मुआयना
प्रशासनिक स्तर पर सूचना मिलते ही तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी भी तत्काल मौके पर पहुँचे और पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर में रखा अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जाँच प्रशासन और पुलिस द्वारा की जा रही है। पीडि़त परिवार ने शासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
आस्था का संगम
- मां नर्मदा का जन्मोत्सव पर 30वें महापर्व पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब
- हिरदेनगर सिद्धपीठ में अखंड रामधुन और विशाल भंडारे के साथ होगा चार दिवसीय उत्सव का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. भारत की सात पवित्र नदियों में से एक जीवनदायिनी मां नर्मदा का जन्मोत्सव आज पूरे मंडला जिले में बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। बताया गया कि माघ माह की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को मां नर्मदा का अवतरण हुआ था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने देवताओं के पापों के निवारण हेतु नर्मदा को उत्पन्न किया था, यही कारण है कि आज के दिन नर्मदा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है।
जानकारी अनुसार जिले भर के नर्मदा घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सुगमता से पूजन-अर्चन कर सकें। शाम को घाटों पर होने वाली महाआरती आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी, जहां हजारों दीपों से मां नर्मदा का तट जगमगा उठेगा। नर्मदा जयंती के अवसर पर जिले के सभी नर्मदा घाटो में माँ नर्मदा को चुनरी अर्पित की जाती हैं। बड़ी संख्या में नर्मदा भक्त जयंती पर्व पर नर्मदा घाट पहुंच कर पूजन, अर्चन, चुनरी भेंट करेंगे।
हिरदेनगर सिद्धपीठ में विशेष आयोजन
जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर ग्राम हिरदेनगर स्थित ऊँ श्रीं माँ रूकमणि देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार में 30 वां मां नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व पूरी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। 22 जनवरी से शुरू हुए इस चार दिवसीय महोत्सव का आज रविवार 25 जनवरी को समापन होगा। आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि महोत्सव के दौरान अब तक जप यज्ञ और सुहागले पूजन जैसे अनुष्ठान संपन्न हो चुके हैं। आज जन्मोत्सव के मुख्य दिन सुबह से ही मां नर्मदा का अभिषेक, पूजन और हवन किया जा रहा है।
आज होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
नर्मदा जयंती के अवसर पर जिले के सभी प्रमुख घाटों पर भक्तों द्वारा मां नर्मदा को चुनरी अर्पित की जाएगी। हिरदेनगर दरबार में आज रविवार को विविध धार्मिक आयोजन किये जाएंगे। दोपहर 2 बजे बच्चों का मुंडन संस्कार। दोपहर 2 से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम 04.30 से रात्रि 09.30 बजे तक किन्नर चांदनी दीदी द्वारा भजनों की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही कन्या भोज, मातृ-पितृ पूजन और गुरु अभिषेक किया जाएगा।
अंखड रामधुन का समापन आज
आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि नर्मदा जन्मोत्सव के अवसर पर दरबार में सुहागले पूजन, जप यज्ञ, किया गया। किन्नर चांदनी दीदी द्वारा भक्तों को रूद्राक्ष भी वितरित किये गए है। इसके साथ ही अखंड रामधुन संर्कीतन किया जा रहा है। जिसका समापन आज नर्मदा जयंती के अवसर 12 बजे किया जाएगा। संगीतमय अंखड रामधुन में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे है।
पिता की आज्ञा और भक्ति के संगम थे कर्दम ऋषि, जिलहटा में गूंजी भगवान की महिमा
- गृहस्थाश्रम में प्रवेश से पहले मुक्ति का मार्ग जानना जरूरी- पं. उदय प्रकाश पांडेय
मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र के ग्राम जिलहटा में श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के द्वितीय दिवस पर कटनी नदावन से आए कथावाचक पं. उदय प्रकाश पांडेय ने कर्दम ऋषि के आदर्श चरित्र और उनकी ईश्वर भक्ति का मार्मिक वर्णन किया।
कथावाचक पं. उदय प्रकाश पांडेय ने प्रसंग सुनाते हुए कहा कि ब्रह्मा जी के पुत्र कर्दम ऋषि जन्मजात विरक्त और भगवान के परम प्रेमी थे। जब ब्रह्मा जी ने उन्हें सृष्टि विस्तार हेतु गृहस्थाश्रम में प्रवेश की आज्ञा दी, तब उन्होंने पिता की आज्ञा और अपने वैराग्य के बीच संतुलन बनाने के लिए सरस्वती नदी के तट पर कठोर तपस्या की। कथा वाचक ने श्रद्धालुओं को सीख देते हुए कहा गृहस्थाश्रम के झंझटों में फंसने से पहले व्यक्ति को उससे बाहर निकलने का मार्ग सीख लेना चाहिए।
भगवान का प्राकट्य और कर्दम जी की स्तुति
कथा में बताया गया कि कर्दम जी की भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु शंख, चक्र और गदा धारण कर प्रकट हुए। कर्दम ऋषि ने प्रभु की स्तुति करते हुए कहा कि ईश्वर को पाकर भी यदि कोई सांसारिक वस्तु मांगता है, तो वह माया द्वारा ठगा गया है। उन्होंने प्रभु से ऐसी पत्नी की कामना की जो उनके गृहस्थाश्रम के साथ-साथ साधना में भी सहायक बने।
आगामी कार्यक्रम
कथा के समापन पर यज्ञाचार्य रमाकांत शास्त्री ने आरती संपन्न कराई। उन्होंने श्रद्धालुओं को जानकारी दी कि कथा के तीसरे दिन कपिलोख्यान भगवान कपिल का अवतार का विशेष प्रसंग सुनाया जाएगा। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में ग्रामवासी और क्षेत्र के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पुलिस की पहल: ग्राम मांद में लगा जागरूकता शिविर
- ग्रामीणों को सिखाए साइबर सुरक्षा और यातायात के नियम
- अंजनिया पुलिस ने दी ‘सुरक्षा की सीख’
- हेलमेट पहनने और नशे से दूर रहने के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29 | अंजनिया पुलिस चौकी के तत्वावधान में शनिवार को ग्राम पंचायत मांद में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को आधुनिक अपराधों से बचाना और सुरक्षा के प्रति सचेत करना था। कार्यक्रम में मुख्य रूप से यातायात नियमों, साइबर धोखाधड़ी और नशा मुक्ति जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई।
हेलमेट सुरक्षा और यातायात नियम
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के बारे में समझाया। एएसआई राजेश सराठे ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का जरिया नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का कवच है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का निष्ठा से पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
साइबर फ्रॉड से बचाव की समझाइश
बढ़ते डिजिटल अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस ने साइबर सुरक्षा के टिप्स दिए। ग्रामीणों को आगाह किया गया कि वे किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा न करें। अज्ञात लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी (OTP) साझा करने और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी को न देने की सख्त समझाइश दी गई।
नशे के विरुद्ध संदेश
युवाओं को केंद्र में रखते हुए पुलिस ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा की। नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हानि के बारे में बताते हुए ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। पुलिस बल ने कहा कि एक नशामुक्त समाज ही गांव के विकास की नींव रख सकता है।
इस अवसर पर एएसआई राजेश सराठे, आरक्षक सुनील एवं अन्य पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। ग्रामीणों ने पुलिस के इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की और भविष्य में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
मोक्षदायिनी मां नर्मदा का दिव्य स्वरूप, दर्शन मात्र से कट जाते हैं जन्मों के पाप
- नर्मदा जयंती विशेष: सुख और सिद्धि की अधिष्ठात्री हैं रेवा
- कण-कण में विराजते हैं साक्षात् शंकर
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय सनातन परंपरा में मां नर्मदा का स्थान अत्यंत विशिष्ट और पावन है। नर्मदा जयंती के शुभ अवसर पर पंडित संदीप ज्योतिषी (अंजनिया) ने मां नर्मदा के दिव्य स्वरूप और उनके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला है। उन्होंने बताया कि नर्मदा पुराण के अनुसार, मां नर्मदा का प्राकट्य भगवान शिव की घोर तपस्या के फलस्वरूप हुआ है, इसीलिए उन्हें शिवपुत्री के रूप में पूजा जाता है।
रुद्र देह से हुआ अवतरण: शास्त्रों का मत
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माघ शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मकर राशि में सूर्य के मध्याह्न काल में मां नर्मदा का अवतरण अमरकंटक के मैकल पर्वत पर हुआ। पंडित संदीप ज्योतिषी बताते हैं कि शास्त्र स्पष्ट करते हैं कि नर्मदा केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि आनंद, ज्ञान, सिद्धि और मोक्ष जैसे समस्त तत्वों की जननी और अधिष्ठात्री देवी हैं।
नर्म का अर्थ है सुख-सुख देने वाली मां रेवा
मां नर्मदा का एक नाम रेवा भी है। नर्म का शाब्दिक अर्थ है सुख और दा का अर्थ है देने वाली। अर्थात जो अपने भक्तों को सुख और शांति प्रदान करे, वही नर्मदा हैं। मैकल पर्वत पर भगवान शंकर ने एक बारह वर्ष की दिव्य कन्या को अवतरित किया था, जो आज भी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं।
नर्मदा की महिमा-दर्शन मात्र से पुण्य
पंडित संदीप ज्योतिषी ने शास्त्रोक्त तुलना करते हुए बताया कि जहाँ गंगा में स्नान करने से पुण्य फल मिलता है, वहीं मां नर्मदा के दर्शन मात्र से वही फल प्राप्त हो जाता है। नर्मदे त्वं महाभागे सर्वपापहरि भव। इस श्लोक के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि मां नर्मदा समस्त पापों का हरण करने वाली हैं। विश्व में नर्मदा ही एकमात्र ऐसी नदी हैं जिनकी विधिवत 3500 किलोमीटर की परिक्रमा की जाती है।
कण-कण में शंकर का वास
धार्मिक दृष्टि से नर्मदा तट का हर कंकड़ शंकर के समान पूज्य है, जिसकी अलग से प्राण-प्रतिष्ठा की आवश्यकता नहीं होती। गोस्वामी तुलसीदास जी ने भी मानस में उनकी महिमा गाते हुए उन्हें सकल सिद्धि और सुख-संपत्ति की राशि बताया है। कपिल मुनि जैसे महान ऋषियों की यह तपोस्थली आज भी आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
मंडला में सिंधी प्रीमियर लीग का आगाज
- दूधिया रोशनी में चौके-छक्कों की बरसात, 12 टीमें दिखा रही हैं दम
- पौड़ी महाराजपुर में शुरू हुई एसपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता
- पहले दिन रोको थिंग्स और वननेस का रहा जलवा
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल क्रिकेट काउंसिल मंडला के तत्वावधान में सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पौड़ी महाराजपुर स्थित खेल परिसर में आयोजित इस सायंकालीन एवं रात्रिकालीन (डे-नाइट) प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता का आरंभ इष्ट देव भगवान झूलेलाल की आरती, पूजन और वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात टर्फ मैदान पर अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता की चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने राष्ट्रगान का वाचन कर भारत माता के जयकारे लगाए। वरिष्ठ जनों ने सभी खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ खेलने की शुभकामनाएं दीं। अंत में पूज्य सिंधी पंचायत के पदाधिकारियों ने सांकेतिक रूप से बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया।
युवाओं की सराहनीय पहल
महानगरों की तर्ज पर आयोजित इस लीग का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बढ़ाना और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें युवाओं के साथ बड़ी उम्र के सदस्य भी मैदान पर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं। कुल 12 टीमें इस खिताब के लिए आपस में भिड़ रही हैं।
पहले दिन के रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन तीन कड़े मुकाबले खेले गए। जिसमें पहले मैच में रोको थिंग्स बनाम बम्हनी ब्लास्टर उतरी। रोको थिंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 रन से जीत दर्ज की। दूसरा मैच वननेस टीम बनाम एलाइट एट के बीच हुआ। वननेस टीम ने कड़े संघर्ष में 13 रन से मुकाबला अपने नाम किया। तीसरा मैच फैंसी एट बनाम सत्ते पे सत्ता के बीच खेला गया। फैंसी एट ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 6 विकेट से जीत हासिल की। मैचों का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक खेल परिसर पहुंच रहे हैं। रात्रिकालीन आयोजन होने के कारण मैदान की दूधिया रोशनी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
हिन्दू धर्म में नर्मदा का विशेष महत्व, धूमधाम से मनाएंगे जन्मोत्सव
- सुहागले पूजन में शामिल हुई मातृ शक्तियां
- जिले भर में होंगे विविध धार्मिक आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा जयंती भारत में हिन्दुओं द्वारा मनाया जाने वाला एक त्यौहार है। यह अमरकंटक में बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है, क्योंकि यह माँ नर्मदा का जन्म स्थान है। इसके अलावा यह पूरे मप्र में बड़े ही हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाता है। हिन्दू कैलेंडर के हिसाब से माघ माह की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को माँ नर्मदा का जन्म हुआ था, इसलिए यह हर साल इस दिन माँ नर्मदा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। भारत में 7 धार्मिक नदियाँ हैं उन्हीं में से एक है माँ नर्मदा है। हिन्दू धर्म में इसका बहुत मह्त्व है। कहा जाता है कि भगवान शिव ने देवताओं को उनके पाप धोने के लिए माँ नर्मदा को उत्पन्न किया था और इसलिए इसके पवित्र जल में स्नान करने से सारे पाप धुल जाते है। नर्मदा महोत्सव को हिंदुओं द्वारा पर्व के रुप में मनाया जाता है। इस वर्ष नर्मदा जयंती 25 जनवरी को मनाई जाएगी।
मां नर्मदा जयंती पर्व पर जिले के नर्मदा मंदिर, नर्मदा घाटो में विविध धार्मिक आयोजन किए जाएंगे हैं। इसी तारतम्य में मुख्यालय से पांच किमी दूर मां नर्मदा अंचल के दक्षिण तट में स्थित ग्राम हिरदेनगर के ऊँ श्रीं माँ रूकमणि देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार माँ नर्मदा मंदिर में 30 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व कार्यक्रम 22 जनवरी से शुरू हो गया है। जिसका समापन नर्मदा जयंती पर किया जाएगा।
जिले भर में होंगे विविध आयोजन
नर्मदा जयंती के अवसर पर जिले के सभी नर्मदा घाटो में माँ नर्मदा को चुनरी अर्पित की जाती हैं। बड़ी संख्या में नर्मदा भक्त जयंती पर्व पर नर्मदा घाट पहुंच कर पूजन, अर्चन, चुनरी भेंट करेंगे।
विधिवत शुरू हुए माँ नर्मदा जयंती के कार्यक्रम
आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर दरबार में सुहागले पूजन, जप यज्ञ, रामधुन संर्कीतन, माँ नर्मदा अभिषेक, रामधुन समापन, कन्या भोज, मुण्डन संस्कार समेत विविध धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 30 वां माँ नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व का चार दिवसीय आयोजन 22 जनवरी से 25 जनवरी तक नर्मदा जयंती के अवसर पर विविध धार्मिक आयोजन किये जाएंगे। जिसमें 22 जनवरी को जप यज्ञ किया गया। 23 जनवरी को सुहागले पूजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में मातृ शक्तियों ने सहभागिता की। इसके बाद अंखड रामधुन और कीर्तन शाम 8 बजे से शुरू की गई। 24 व 25 जनवरी को अखंड रामधुन का समापन, पूर्णाहूति, कथा पूजन पाठ, संध्या आरती वंदना, माँ नर्मदा जी का अभिषेक, पूजन, हवन, कन्या भोज, मातृ पितृ, गुरू अभिषेक पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से बच्चों के मुंडन संस्कार का कार्यक्रम अयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है। 25 जनवरी को दोपहर 02 बजे से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शाम 4.30 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक किन्नर चांदनी दीदी द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी।
नेत्र उपचार के लिए संकल्पित मंडला
- लक्ष्य से दोगुने बुजुर्गों और बच्चों को मिले नि:शुल्क चश्मे
- शिशु से वयोवृद्ध तक की आंखों का रखा जा रहा ख्याल
- मंडला में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं ने गाड़े सफलता के झंडे
- लक्ष्य से अधिक सफलता, चश्मा वितरण में रचा इतिहास
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जिले में नवजात शिशुओं से लेकर बुजुर्गों तक के लिए व्यापक स्तर पर नि:शुल्क नेत्र जांच और उपचार अभियान चलाया जा रहा है। उप जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं वरिष्ठ नेत्र चिकित्सा सहायक हीरानंद चंद्रवंशी ने बताया कि जिला कलेक्टर और सीएमएचओ के कुशल मार्गदर्शन में इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल से 20 दिसंबर तक विभाग ने निर्धारित लक्ष्यों को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया है।
बताया गया कि इस अभियान में स्कूलों के लिए मिले लक्ष्य से अधिक चश्में वितरित किये गए है। जिसमें 2000 के लक्ष्य के विरुद्ध 3203 दृष्टि दोष से पीडि़त बच्चों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं बुजुर्गो को वितरित करने वाले चश्मों की भी संख्या अधिक है। जिसमें 1500 के लक्ष्य के विरुद्ध 3402 बुजुर्गों को चश्मे प्रदान कर उन्हें नई दृष्टि दी गई।
बताया गया कि समय से पूर्व जन्म लेने वाले और कम वजन वाले 13 नवजात शिशुओं की आरओपी जांच की गई, जिससे उनके अल्प विकसित रेटिना का समय पर उपचार किया जा सके। इसके साथ ही 18 बच्चों के जन्मजात और चोट जनित मोतियाबिंद के जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।
मोतियाबिंद और काला मोतिया पर प्रहार
जिले में अब तक 7503 व्यक्तियों के आंखों के प्रेशर की जांच की गई, जिसमें 21 काला मोतिया के मरीजों की पहचान कर उनका उपचार शुरू किया गया। मोतियाबिंद उन्मूलन के तहत 1880 के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1230 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। इस सफलता में जबलपुर के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण अहरवाल एवं उनकी टीम का विशेष तकनीकी योगदान रहा। मरीजों को अस्पताल तक लाने के लिए रमोला देवी नि:शुल्क एम्बुलेंस, 108 सेवा, चुटका परियोजना की बस और रेडक्रॉस सोसायटी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीजे मोहंती ने स्वयं मरीजों से संपर्क कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले में उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है और भविष्य में सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
मझगांव में मनाया ग्रामोत्सव, ग्रामीणों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
- आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए जन अभियान परिषद की पहल
- 26 जनवरी तक घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड नारायणगंज के तत्वावधान में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत ग्राम मझगांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित इस विशेष ग्राम विकास पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करना है।
जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक संतोष झरिया के मार्गदर्शन में प्रगति जनकल्याण समिति और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मझगांव द्वारा ग्रामोत्सव मनाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत परिवार संपर्क और सामाजिक समरसता जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया गया।
नशा मुक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम में विशेष रूप से नशा मुक्ति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ दिलाई गई। परामर्शदाता इंद्रा उइके ने ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शासन की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर कमलेश पावले, देवलता उइके, पुष्पा उइके, अरविंद मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह अभियान आगामी 26 जनवरी तक निरंतर जारी रहेगा जिससे कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।
राममय हुआ अंजनियां: देवी मंदिर में सजी भजनों की महफिल, शांतिचौक में गूंजी अखंड रामधुन
- अंजनियां में भक्ति का सैलाब
- ‘मेरे घर राम आए हैं’ के जयघोष के साथ मनाया दीपोत्सव और जागरण
मंडला महावीर न्यूज 29. अयोध्या धाम में श्रीराम जन्मभूमि पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का उत्साह उपनगरीय क्षेत्र अंजनियां में भी चरम पर देखा गया। गुरुवार और शुक्रवार को पूरा नगर भक्ति के रंग में सराबोर रहा। ‘बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आए हैं…’ जैसे कर्णप्रिय भजनों से गलियाँ गूँज उठीं और हर घर-आँगन उत्सव स्थल की तरह जगमगा उठा।
देवी मंदिर में भव्य जागरण और जादू का प्रदर्शन
नगर के प्रसिद्ध देवी मंदिर प्रांगण में माँ नर्मदा समिति के तत्वावधान में भव्य संध्याकालीन देवी जागरण का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित जादू का शो रहा, जिसमें नन्हें-मुन्नों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शांतिचौक में अखंड रामधुन की गूँज
इधर, नगर के शांतिचौक में वार्ड वासियों द्वारा गुरुवार से अखंड रामधुन का आयोजन किया गया। शुक्रवार को प्रसादी वितरण के साथ इसका विधिवत समापन हुआ। इस आयोजन में विशेष रूप से मेहंदवानी से पहुँची भजन मंडलियों ने राम नाम संकीर्तन और अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना उत्सव
प्राण प्रतिष्ठा के इस पावन अवसर पर युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। जगह-जगह दीप प्रज्वलन और “जय श्री राम” के जयघोष से नगर का कोना-कोना गुंजायमान रहा। सभी कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए, जिससे समाज में एकता और श्रद्धा का संदेश गया।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
अहमदपुर में बवाल: शासकीय भूमि पर पौधारोपण के दौरान सरपंच से मारपीट
- तीन पर मामला दर्ज
- गोठान की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद
- महिला सरपंच के साथ हाथ-झापड़
- पुलिस ने शुरू की जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी थाना अंतर्गत अंजनियां चौकी के ग्राम अहमदपुर में शासकीय भूमि पर वृक्षारोपण के दौरान विवाद और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत द्वारा कराए जा रहे पौधारोपण कार्य को रोकने के प्रयास में आरोपियों ने महिला सरपंच के साथ अभद्रता और मारपीट की। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।
शासकीय कार्य में डाला व्यवधान
जानकारी अनुसार शुक्रवार 23 जनवरी को दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंचायत अहमदपुर द्वारा गोठान के सामने स्थित शासकीय भूमि पर वृक्षारोपण किया जा रहा था। मौके पर सरपंच सरिता परस्ते, उपसरपंच अमर झारिया और अन्य पंच मौजूद थे। इसी दौरान गांव के पलटू झारिया, सुरेंद्र झारिया और रामबाई झारिया वहां पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगे। सरपंच द्वारा भूमि को शासकीय बताने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथ-झापड़ से मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
सरपंच सरिता परस्ते की रिपोर्ट पर अंजनियां चौकी पुलिस ने आरोपी पलटू झारिया, सुरेंद्र झारिया और रामबाई झारिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पूर्व में हुई थी बेदखली की कार्रवाई
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पलटू झारिया द्वारा गोठान की इस भूमि पर पूर्व में अवैध कब्जा किया गया था, जिसे तहसीलदार की कार्रवाई के बाद हाल ही में हटाया गया था। खाली हुई इसी शासकीय भूमि पर पंचायत द्वारा पौधारोपण कराया जा रहा था, जिसमें दखल देने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के उद्देश्य से यह हमला किया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
अधिकारियों का पक्ष:
“महिला सरपंच की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस भूमि पर पौधारोपण किया जा रहा था, वहां से पलटू झारिया का अवैध कब्जा तहसीलदार द्वारा हटाया गया था। इसी खुन्नस में आरोपी ने शासकीय कार्य में व्यवधान डाला। आगे की जांच जारी है।” — पुलिस प्रशासन, अंजनियां चौकी
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का प्रहार, घुघरी में दो झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानें सील
- बिना पंजीयन प्रैक्टिस करने वालों की अब खैर नहीं
- स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घुघरी में की बड़ी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में गैर-पंजीकृत और अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय जांच टीम और ब्लॉक संयुक्त टीम ने घुघरी ब्लॉक में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि जांच दल ने घुघरी ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित क्लीनिकों के दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान दो ऐसे चिकित्सक पाए गए जो बिना किसी वैध पंजीयन या अनुमति के मरीजों का उपचार कर रहे थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिला और ब्लॉक की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन दोनों गैर-पंजीकृत चिकित्सकों के क्लीनिकों को सील कर दिया है।
स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से प्रैक्टिस कर रहे चिकित्सकों में हड़कंप मच गया है। बताया गया कि बिना पात्रता के उपचार करना मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की जांच जारी रहेगी और नियम विरुद्ध कार्य करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान जिला स्तरीय टीम के सदस्य, घुघरी ब्लॉक के संबंधित अधिकारी और पुलिस प्रशासन का अमला उपस्थित रहा।
बसंत पंचमी पर मॉडल स्कूल कटरा में गूंजे वेदमंत्र
- ऊँ मॉडल स्कूल कटरा में बसंत पंचमी पर वैदिक विधि से हुआ सरस्वती पूजन
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री राधे शिक्षा समिति द्वारा संचालित ओम मॉडल स्कूल कटरा में बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक गुरुकुल गुरु आश्रम गाजीपुर के आचार्य भीमदेव आर्य के सान्निध्य में ज्ञान की देवी मां सरस्वती का दीप प्रज्वलन कर सरस्वती वंदना के साथ विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राधे शिक्षा समिति के पदाधिकारी द्वारका प्रसाद साहू, अध्यक्ष, विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम यादव सहित समस्त शाला परिवार, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर समिति द्वारा वैदिक गुरुकुल गौशाला आश्रम के लिए अन्नदान एवं सहयोग राशि समस्त शाला परिवार की ओर से प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान महाराज जी ने विद्यार्थियों को चारों वेदों की संक्षिप्त जानकारी दी तथा जीवन में सदाचार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने नशा एवं बुरी आदतों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सफल जीवन जीने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण एवं भंडारा का आयोजन किया गया, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं शिक्षा के महत्व को सुदृढ़ करने का कार्य किया।
विलुप्त होते प्राचीन पथो को पुनर्जीवित करने के संकल्प के साथ बढ़ रहे दादू राम महाराज
- सड़कों पर नहीं, नर्मदा के तटों पर तपस्या, नर्मदा परिक्रमा टूर नहीं साधना है
- दादू राम महाराज की रियल नर्मदा परिक्रमा पहुंची बीजाडांडी
मंडला महावीर न्यूज 29. आज के आधुनिक युग में जहाँ नर्मदा परिक्रमा सड़कों और वाहनों के माध्यम से एक टूर बनती जा रही है, वहीं दादू राम सत्य राम महाराज की नर्मदा परिक्रमा एक कठिन साधना और तपस्या की मिसाल पेश कर रही है। महाराज जी की यह यात्रा सड़कों के किलोमीटर नापने के बजाय पूर्णत: माँ नर्मदा के तटों पर चलकर रियल परिक्रमा के रूप में सामने आ रही है।
परिक्रमा मार्ग को पुनर्जीवित करने की पहल
मंडला जिले में पहुँचने पर महाराज जी ने अनुभव किया कि बरगी बांध के भराव और डूब क्षेत्र के कारण माँ नर्मदा के प्राचीन पद-चिह्न (परिक्रमा पथ) लगभग मिट चुके हैं। मार्ग का ज्ञान न होने के कारण अधिकांश श्रद्धालु हाईवे से ही परिक्रमा कर लौट जाते हैं। इस प्राचीन मार्ग को जीवित करने के लिए दादू राम सत्य राम महाराज श्रद्धालुओं के सहयोग से जहाँ संभव हो, वहाँ पथ-चिह्नों का निर्माण कर रहे हैं। इसके साथ ही वे तटों पर बरगद व पीपल के पौधे लगाकर और पत्थरों पर शिव निर्माण कर माँ नर्मदा की महिमा को पुन: प्रतिष्ठित कर रहे हैं।
नदी नहीं, शक्ति और संस्कृति की जननी है नर्मदा
महाराज जी का संदेश है कि नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आदिम सभ्यता और संस्कृति की जननी है। उन्होंने कहा कि कोस-कोस पर दिव्य आत्माओं का स्थान है, जिनकी सेवा और आशीर्वाद से आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति होती है। महाराज जी ने कहां कि नर्मदा सेवा और छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन ही वास्तविक पुण्य फल है, जिससे जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।
स्वच्छता और संरक्षण का दिया संदेश
मानव जाति को जागरूक करते हुए दादू राम सत्य राम महाराज लोगों से अपील की है कि आने वाली पीढिय़ों के लिए माँ नर्मदा को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने भक्तों से माँ नर्मदा में स्नान के दौरान साबुन का प्रयोग न करने और तटों पर पॉलीथीन या कचरा न फैलाने का आह्वान किया है। दादू राम सत्य राम महाराज की यह आध्यात्मिक यात्रा वर्तमान में विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम पिपरिया पहुंच चुकी है। यहाँ से यह यात्रा नर्मदा के किनारे-किनारे पिंडरई पाठा होते हुए विकासखंड नारायणगंज की ओर आगे बढ़ेगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को माँ नर्मदा की महाशक्ति से जोडऩा और उनके संरक्षण के प्रति सजग करना है।
फिल्मी स्टाइल में बदमाश गिरफ्तार
- अवैध पिस्टल लेकर प्रेमिका के ससुराल पहुँचा बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
- खौफ का अंत-कट्टा लहराकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
- भागते समय पुलिस वाहन को मारी टक्कर, पलटी कार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ककैया क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को मंडला पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार किया है। आरोपी न केवल अवैध हथियार लेकर अपनी कथित प्रेमिका को धमका रहा था, बल्कि भागते समय उसने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर जान जोखिम में डालने की कोशिश भी की।
जानकारी अनुसार आरोपी रामकुमार गुप्ता निवासी नौरोजाबाद, जिला उमरिया प्रेम प्रसंग के चलते ककैया पहुँचा था। वह अपनी कथित प्रेमिका के ससुराल पहुँचकर उसे जबरन साथ ले जाने के लिए देसी कट्टा लहराते हुए धमकाने लगा। हथियार देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पीछा कर पकड़ा, बरामद हुई 9 नंबर प्लेट्स
पुलिस की आहट पाते ही आरोपी अपनी इंडिका कार से मंडला की ओर भागा। डायल 112 ने उसका पीछा शुरू किया, तो आरोपी ने पदमी पेट्रोल पंप के पास पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और बिछिया की ओर भाग निकला। तेज रफ्तार के कारण उसकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद बम्हनी थाना पुलिस और बंजर 112 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और 9 अलग-अलग नंबर प्लेट्स बरामद की हैं।
9 अपराधों का पुराना इतिहास
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी रामकुमार गुप्ता के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाने का फरार आरोपी भी है। पीडि़त परिवार की शिकायत पर अब आरोपी के खिलाफ बलात्कार और अवैध हथियार रखने की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
अव्यवस्थाओं के बीच सिमटा आनंद उत्सव का आयोजन
- देवरी कला ने कबड्डी और रस्साकसी में मारी बाजी
- धरातल पर फीका पड़ा आनंद उत्सव
- प्रचार-प्रसार के अभाव और प्रशासनिक लापरवाही से खाली रहा मैदान
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र शासन के निर्देशानुसार स्थानीय देवरी कला बबलिया में वर्ष 2026 के आनंद उत्सव का आयोजन किया गया। जनशिक्षा केंद्र बबलिया के प्राचार्य और कार्यक्रम प्रभारी डीके सिंगौर के संचालन में हुई इस प्रतियोगिता में देवरी कला बबलिया की टीम ने अपना दबदबा कायम किया। जहाँ एक ओर खिलाडिय़ों ने मैदान पर पसीना बहाया, वहीं दूसरी ओर आयोजन में प्रशासनिक लापरवाही और उत्साह की कमी भी चर्चा का विषय बनी रही।
प्रतियोगिता के दौरान देवरी कला बबलिया और बबलिया माल की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। कबड्डी और रस्साकसी, दोनों ही रोमांचक मुकाबलों में देवरी कला बबलिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। इस दौरान ग्राम पंचायत देवरी कला बबलिया, बबलिया माल और डोभी के पंचगण व कुछ ग्रामीण मौजूद रहे।
अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा उत्सव
पिछले वर्षों की तुलना में इस बार आनंद उत्सव मात्र एक औपचारिकता बनकर रह गया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण इस बार कार्यक्रम का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया। जहाँ पिछले वर्षों में यह उत्सव 3 दिनों तक चलता था, वहीं इस बार इसे घटाकर मात्र 1 दिन का कर दिया गया। सूचना के अभाव में ग्राम पंचायत डोभी की टीम खेल में भाग ही नहीं ले सकी और खेल मैदान भी अधिकांश समय खाली नजर आया।
सरकार की मंशा पर फिर रहा पानी
मप्र सरकार का उद्देश्य इन पारंपरिक खेलों कबड्डी, रस्साकसी, गिल्ली डंडा, बोरा दौड़ आदि के जरिए ग्रामीण जनभावनाओं को जोडऩा और बच्चों को प्रेरित करना है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की मनमौजी कार्यप्रणाली के कारण धरातल पर यह योजना शून्य साबित हो रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को केवल कागजों तक सीमित न रखकर व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए।
खड़देवरा में गूँजा सनातन का शंखनाद: जगद्गुरु स्वामी प्रज्ञानंद ने दिया राष्ट्र रक्षा और सामाजिक एकता का संदेश
- हिंदू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने बच्चों को किया सम्मानित
- भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के खड़देवरा चौराहा में हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति (उपखंड पदमी) के तत्वावधान में एक भव्य विशाल हिंदू सम्मेलन संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जहाँ सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और अटूट राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया।
संतों का सान्निध्य और मार्गदर्शन
यह सम्मेलन अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु स्वामी प्रज्ञानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए स्वामी जी ने समाज को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “हमें छोटी-छोटी बातों और मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र भावना को सर्वोपरि रखना चाहिए।” उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को ‘संत’ की संज्ञा देते हुए उनके राष्ट्र रक्षा के बलिदान को समाज के लिए प्रेरणा बताया।
कैबिनेट मंत्री और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने आम मातृशक्तियों के बीच बैठकर पूरे कार्यक्रम का अवलोकन किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। उनके साथ मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री निरंजन जी ने भी सामाजिक एकता और समरसता के महत्व पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान
सम्मेलन के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहा। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, संगीतमय श्रीराम भजन, वंदे मातरम और श्रीराम स्तुति की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्थानीय बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके एवं अन्य अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सफल आयोजन और समापन
कार्यक्रम का समापन भारत माता की सामूहिक आरती के साथ हुआ। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों का विशेष योगदान रहा।
आकांक्षी विकासखंड का मूल्यांकन
- केंद्रीय प्रभारी ऋचा शर्मा ने जानी प्रगति
- नारायणगंज में जमीनी हकीकत का लिया जायजा
- नीति आयोग ने मंडला की प्रगति को सराहा
- केंद्रीय अधिकारी ने विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए दिया सहयोग का आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. नीति आयोग द्वारा नियोजित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की समीक्षा के लिए केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ऋचा शर्मा दो दिवसीय प्रवास पर मंडला पहुंचीं। भ्रमण के पहले चरण में उन्होंने विकासखंड नारायणगंज का दौरा कर विभिन्न विभागीय योजनाओं और उनके संकेतकों की प्रगति का सूक्ष्म मूल्यांकन किया।
भ्रमण के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ऋचा शर्मा ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र चौंकी, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र और आंगनवाड़ी केंद्र टिकरिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। इसके साथ ही शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल टिकरिया में शैक्षणिक गुणवत्ता और कृषि विभाग के माध्यम से ग्राम गुजरसानी में पॉली हाउस व जैविक खेती की गतिविधियों को देखा।

महिला सशक्तिकरण और आजीविका पर दिया जोर
केंद्रीय अधिकारी ने आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया और आजीविका दीदी कैफे के संचालन की सराहना की। उन्होंने मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर भविष्य की कार्ययोजनाओं पर मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
संकेतकों की प्रगति पर की चर्चा
क्षेत्रीय भ्रमण के बाद केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ऋचा शर्मा ने जिला मुख्यालय में जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, एसडीएम बिछिया श्रीमती सोनाली देव के साथ संकेतकों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा के दौरान आकांक्षी विकासखंड के संकेतकों पर जिले के प्रदर्शन को संतोषजनक बताया। उन्होंने बेहतर परिणामों के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी और नीति आयोग की ओर से हर संभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीणा, जनपद सीईओ विनोद कुमार मरावी सहित विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
पाटन ग्राम में भीषण सड़क हादसा, कई यात्री लहूलुहान
- बाइक सवार को बचाने पलटी तेज रफ्तार तूफान
- बीच सड़क पर काल बनकर पलटी तूफान गाड़ी
- एक यात्री के हाथ-पैर टूटे, घायलों की स्थिति नाजुक
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटन ग्राम के मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रात करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार तूफान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तूफान गाड़ी काफी तेज गति में थी। इसी दौरान अचानक सामने से एक मोटरसाइकिल सवार आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों की स्थिति और तत्काल राहत
हादसे में एक व्यक्ति के हाथ और पैर दोनों टूट गए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और डायल 112 की टीम सक्रियता के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस और आपातकालीन टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघरी पहुँचाया।
पुलिस की कार्रवाई
मौके पर पहुँची घुघरी पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए यातायात बहाल कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जाँच की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
पुलिस की मुस्तैदी से लौटीं परिवार की खुशियां
- बरगी से सकुशल मिली अपहृत बालिका
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में गुमशुदा नाबालिग बच्चों की खोज के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत बीजाडांडी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक नाबालिग अपहृता को रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र चंद घंटों के भीतर ही सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशानुसार और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीजाडांडी थाने में बीएनएस के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
घेराबंदी कर ग्राम तिंसी से किया दस्तयाब
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम तिंसी थाना बरगी से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। अपनी मासूम बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता कुड़ापे, उपनिरीक्षक पंकज विश्वकर्मा, आरक्षक प्रतीक रजक, आरक्षक विजय छिरा, महिला आरक्षक सौदामनी लोधी और सायबर सेल से आरक्षक सुरेश भटेरे एवं सूर्यचंद्र बघेल की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल: सकवाह और रामबाग की महिलाएं पहुंचीं जनसुनवाई
- गांव में शराब और जुए से बिगड़ रहा माहौल
- आक्रोशित महिलाओं ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत सकवाह और रामबाग में अवैध शराब और जुए की बढ़ती गतिविधियों से परेशान होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं। जनसुनवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध नशों पर तत्काल रोक लगाने की गुहार लगाई है।
गांव में बिगड़ रहा सामाजिक संतुलन
महिलाओं ने ज्ञापन में बताया कि जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत आने वाले इन दोनों गांवों में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री और जुए का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। इसकी वजह से गांव में घरेलू हिंसा, आपसी विवाद और तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसका सबसे बुरा असर महिलाओं और बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है।
प्रस्ताव के बावजूद नहीं रुकी बिक्री
उल्लेखनीय है कि ग्राम सभा द्वारा बीते 23 दिसंबर 2025 को इन अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को कुछ कार्रवाई भी हुई, लेकिन कुछ ही दिनों बाद शराब माफिया पुनः सक्रिय हो गए। प्रशासन की सुस्ती देख महिलाओं ने स्वयं मोर्चा संभाला और 17-18 जनवरी को शराब विक्रेताओं के घरों पर दबिश देकर शराब जब्त की। हालांकि, इस दौरान शराब विक्रेताओं और महिलाओं के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हो रही है।
सख्त कार्रवाई की मांग
पंचायत प्रतिनिधियों और महिलाओं ने कलेक्टर से मांग की है कि सकवाह और रामबाग में पुलिस प्रशासन के माध्यम से स्थायी गश्त सुनिश्चित की जाए और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। महिलाओं का कहना है कि जब तक गांव पूरी तरह नशामुक्त नहीं हो जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रतिनियुक्ति पर आए शिक्षकों का दर्द सुन पसीजा मंत्री का दिल
स्थाई समाधान के लिए प्रमुख सचिव से की चर्चा
- “हमें ट्राइबल विभाग में ही मर्ज करें”
- 200 शिक्षकों ने मंत्री संपतिया उइके से लगाई गुहार
- मिला ठोस आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. शिक्षा विभाग से जनजातीय कार्य विभाग में प्रतिनियुक्ति पर आए मंडला जिले के शिक्षकों ने मंगलवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की। ‘ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन’ के प्रांताध्यक्ष डी.के. सिंगौर के नेतृत्व में पहुंचे 50 से अधिक शिक्षकों ने अपनी सेवाओं को जनजातीय विभाग में ही स्थाई रूप से मर्ज करने की मांग की।
क्या है शिक्षकों की समस्या?
शिक्षकों ने बताया कि वे मूलतः मंडला जिले के निवासी हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति 10 वर्ष पूर्व अन्य जिलों में शिक्षा विभाग में हुई थी। स्थानांतरण नीति न होने के कारण वे प्रतिनियुक्ति के माध्यम से अपने गृह जिले में आए थे। पिछले 6-7 वर्षों से वे यहीं सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण उनकी क्रमोन्नति, वरिष्ठता सूची और उच्च पद प्रभार जैसी प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। शिक्षकों को हमेशा यह डर सताता रहता है कि उन्हें वापस मूल विभाग (पुराने जिले) में न भेज दिया जाए।
मंत्री ने तत्काल लिया संज्ञान
शिक्षकों की व्यथा सुनने के बाद मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने तत्काल जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा से फोन पर चर्चा की। प्रमुख सचिव ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में किसी को वापस मूल विभाग नहीं भेजा जाएगा, हालांकि विभाग में मर्ज करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी और नई पॉलिसी की आवश्यकता होगी।
मुख्यमंत्री से चर्चा का आश्वासन
मंत्री श्रीमती उइके ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि वे इस गंभीर विषय पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री और जनजातीय कार्य मंत्री से कैबिनेट बैठक के दौरान चर्चा करेंगी। उन्होंने शिक्षकों से कहा, “आप निश्चिंत होकर विद्यालयों में अध्यापन कार्य कराएं, आपकी समस्या का समाधान अवश्य निकलेगा।” उन्होंने शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल को चर्चा के लिए भोपाल भी आमंत्रित किया है।
इस अवसर पर विपिन अग्रवाल, शालिग राम पटेल, पुष्पा झरिया, पूनम सोनी, संदीप कछवाहा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
फरिश्ता बनी खाकी: घर से नाराज होकर नर्मदा में कूदे युवक को पुलिस और मछुआरे ने बचाया
- नए जूतों की जिद और सुसाइड की कोशिश
- महाराजपुर पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुरंगदेवरी नर्मदा तट पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने उफनती नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एक स्थानीय मछुआरे की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घर में विवाद के बाद उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, सुरंगदेवरी निवासी एक युवक (परिवर्तित नाम हनी) का घर में विवाद हो गया था। बताया गया कि वह नए जूते और कुछ रुपयों की मांग कर रहा था, जिसे परिजनों द्वारा मना करने पर वह नाराज होकर घर से निकल गया। युवक काफी देर तक सुरंगदेवरी स्थित छोटे मंदिर के पास नर्मदा तट पर बैठा रहा।
पर्यटकों की सजगता से मिली सूचना
नर्मदा के दूसरे छोर यानी सहस्त्रधारा घूमने आए पर्यटकों ने जब युवक को काफी देर तक संदिग्ध हालत में किनारे बैठा देखा, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। पर्यटकों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। चूंकि मामला महाराजपुर थाने का था, इसलिए तत्काल सूचना वहां ट्रांसफर की गई और पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
पुलिस को देख नदी में लगा दी छलांग
जैसे ही पुलिस की टीम युवक के पास पहुंची, युवक ने घबराकर या आवेश में आकर नर्मदा की अथाह गहराई में छलांग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए पास ही डोंगी (नाव) चला रहे एक मछुआरे को आवाज लगाई। पुलिस का इशारा मिलते ही जांबाज मछुआरे ने पानी में छलांग लगाई और डूब रहे युवक को सुरक्षित किनारे तक खींच लाया।
परिजन को सौंपा
नदी से बाहर निकालने के बाद युवक के फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण वह कुछ देर बेहोश रहा। प्राथमिक उपचार के बाद जब युवक की स्थिति सामान्य हुई, तब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और युवक की काउंसलिंग की। महाराजपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और मछुआरे के साहस की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।
बाघ के साथ संघर्ष में नर तेंदुए की मौत 🐆🐅
- तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित मिले
- किसली परिक्षेत्र में मिला मृत तेंदुआ
- पोस्टमार्टम में सिर पर मिले बाघ के दांतों के निशान
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत किसली वन परिक्षेत्र में एक नर तेंदुए का शव मिला है। वन विभाग ने बताया कि तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई है। बताया गया कि 19 जनवरी को किसली परिक्षेत्र के बीट मोचीदादर के कक्ष क्रमांक 645 (6) में साल्हेभ_ा के पास एक नर तेंदुए का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही एनटीसीए नई दिल्ली और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत इलाके को सुरक्षित किया गया। डॉग स्क्वाड की मदद से घटना स्थल की सघन जांच की गई, जहाँ बाघ की उपस्थिति के पुख्ता साक्ष्य मिले।
बताया गया कि मंगलवार को कान्हा टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल, डॉ. दीपाली परते, डॉ. विशाल उद्दे और डॉ. सुनील गोयल की टीम द्वारा मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। जांच में पाया गया कि तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित हैं। हालांकि, तेंदुए के सिर पर बाघ के दांतों के गहरे निशान मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी मौत बाघ के हमले से हुई है।
तेंदुए का किया अंतिम संस्कार
बताया गया कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत शवदाह की प्रक्रिया संपन्न की गई। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक जबलपुर मस्तराम बघेल, उपसंचालक पुनीत गोयल, सहायक संचालक सूरज सिंह सेन्दराम, एनटीसीए प्रतिनिधि शिवांगी बेन्द्रे और तहसीलदार बिछिया शंकर मरावी,खटिया सरपंच श्यामवती उईके सहित संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वन विभाग ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और अग्रिम कार्रवाई जारी है। संपूर्ण प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
स्कूल की आरक्षित भूमि पर राजनैतिक दबाव में दुकानों का निर्माण
- ग्रामीणों ने कलेक्टर से की अवैध दुकान निर्माण रोकने की मांग
- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़
- बालक हाई स्कूल और मार्ग की आरक्षित भूमि का मामला
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया में शासकीय बालक हाई स्कूल की आरक्षित भूमि पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर, नारायणगंज तहसीलदार, निवास एसडीएम को पत्र सौंपकर स्कूल प्रांगण में हो रहे दुकान निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत पड़रिया अपनी मनमानी करते हुए बालक हाई स्कूल एकीकृत शाला के प्रांगण में अवैध रूप से दुकानों का निर्माण करा रहे हैं। यह भूमि भविष्य में स्कूल के विस्तार और शैक्षणिक विकास कार्यों के लिए आरक्षित है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत प्रशासन द्वारा ये दुकानें कुछ चुनिंदा लोगों से पैसे लेकर उन्हें आवंटित की जा रही हैं, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और पद का दुरुपयोग है।
न्यायालय की अवमानना का आरोप
शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिस भूमि पर निर्माण कार्य हो रहा है, उस पर पहले भी न्यायालय में प्रकरण चल रहा था। न्यायालय में अवैध कब्जाधारी केस हार गए थे, इसके बावजूद पंचायत प्रशासन उन्हीं कब्जाधारियों को फिर से दुकान निर्माण कर भूमि सौंपने की तैयारी में है। ग्रामीणों ने इसे न्यायालय के आदेशों की खुली अवमानना करार दिया है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि इस अवैध निर्माण की शिकायत 181 सीएम हेल्पलाइन और तहसील कार्यालय में भी की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वर्तमान में स्कूल भवन का नया निर्माण होने के कारण प्रांगण पहले से ही संकीर्ण हो गया है, ऐसे में दुकानों का निर्माण बच्चों के शैक्षणिक माहौल को पूरी तरह प्रभावित करेगा।
कलेक्टर से हस्तक्षेप की गुहार
ग्राम पंचायत पड़रिया नारायणगंज के निवासियों ने कलेक्टर से विनम्र प्रार्थना की है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो वे अपने अधिकारों और बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।
राजनैतिक दबाव में पंचायत
कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहां कि विकासखंड नारायणगंज की ग्राम पंचायत पड़रिया के स्कूल से सटी जमीन का विगत करीब 15 वर्षो से न्यायालय में मामला चल रहा था। न्यायालय के निर्णय के बाद उस जमीन में बनी अवैध दुकानों को पंचायत द्वारा अलग करा दिया गया। इसके बाद पंचायत पर सत्ता पक्ष और राजनैतिक दबाव बनाकर स्कूल मद की जमीन और मार्ग के लिए चिन्हित जमीन पर दुकान निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिलाध्यक्ष श्री मर्सकोले ने कहां कि पड़रिया पंचायत के सरपंच पर राजनैतिक दबाव बनाया जा रहा है। जिला अध्यक्ष का कहना है कि स्थानीय स्तर के प्रशासनिक अधिकारी भी दबी जुबान से कहते है कि हमें भी ऊपर से दबाव है। ग्रामीणों की शिकायत करने के बाद भी किसी ने उनकी नहीं सुनी तो हम स्वयं एडिशनल कलेक्टर से इस समस्या पर चर्चा की।
आंदोलन की चेतावनी
नारायणगंज के ग्रामीणों ने एसडीएम निवास को भी शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि नया शाला भवन बनने से परिसर पहले ही छोटा हो गया है, ऐसे में दुकानों का निर्माण बच्चों के शैक्षणिक माहौल को नष्ट कर देगा। यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य नहीं रोका गया, तो ग्रामीण उग्र जनआंदोलन के लिए विवश होंगे।
संकुल बबलिया की अनूठी पहल, कापा में शिक्षा सम्मेलन संपन्न
- मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय अभियान के तहत हर स्कूल को ए-ग्रेड बनाने का संकल्प
- 80 शिक्षकों ने किया शालाओं का शैक्षणिक भ्रमण
- स्कूलों के भ्रमण से सीखा नवाचार, खिन्हा प्राथमिक शाला को ए-ग्रेड ट्रॉफी से किया सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के सुदूरवर्ती क्षेत्र कापा की एकीकृत माध्यमिक शाला में गत दिवस एक संकुल स्तरीय शिक्षा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम की समीक्षा करना और संकुल के प्रत्येक विद्यालय को ए-ग्रेड की श्रेणी में लाने के लिए कार्ययोजना तैयार करना था।
सम्मेलन में संकुल के प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लगभग 80 शिक्षक और संस्था प्रमुख शामिल हुए। संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर और कन्या हाई स्कूल बबलिया की प्राचार्य श्रीमती सावित्री आर्मो के नेतृत्व में एक दल ने संकुल की 9 शालाओं का सघन भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यालयों में किए गए नवाचारों, रंग-रोगन, और सहायक शिक्षण सामग्री के उपयोग को धरातल पर देखा गया।
इन स्कूलों के प्रयास सराहे गए, कहीं मिले सुधार के निर्देश
प्राथमिक शाला खिन्हा में विद्यार्थियों की 99 प्रतिशत उपस्थिति और बेहतरीन नवाचारों की जमकर प्रशंसा हुई। ए-ग्रेड प्राप्त करने पर विद्यालय को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पीएम श्री विद्यालय छपरा, एकीकृत माध्यमिक शाला मुकासकला और चकदेही के कार्यों की सराहना की गई। इसके साथ ही प्राथमिक शाला भिलवा टोला, महुआ टोला और पिपरिया टोला में शिक्षकों को सुधार के लिए आवश्यक परामर्श और दिशा-निर्देश दिए गए।
पालकों से जुड़ाव और गुणात्मक सुधार पर दें जोर
स्कूलों के भ्रमण के बाद आयोजित सभा में संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर ने शिक्षकों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में न केवल भौतिक सुधार रंग-रोगन दिख रहा है, बल्कि बच्चों के व्यवहार और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आया है। प्राचार्य ने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहां कि एक दिन भी अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के पालकों से तत्काल संपर्क करें। पालकों के व्हाट्सएप गु्रप बनाकर विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी साझा करें। शैक्षिक संवाद के दौरान सामूहिक रूप से टीएलएम का निर्माण करें। बच्चों में शिष्टाचार और सामान्य ज्ञान विकसित करने पर विशेष ध्यान दें।
नवाचारों का अनुभव किया साझा
सभा में प्राचार्य हरि लाल वरकड़े, सुरेंद्र कुर्वेती, संजय वरकड़े और प्रधानाध्यापक श्रीमती राजश्री सरवटे व श्रीमती रेखा लोधी ने अपने विद्यालयों के सफल अनुभव और सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक दिलीप मरावी द्वारा किया गया। प्राचार्य ने घोषणा की कि भविष्य में भी इसी तरह के सम्मेलन और स्कूलों के भ्रमण का सिलसिला जारी रहेगा ताकि संकुल का हर विद्यालय आदर्श बन सके।
मंडला की बेटी का अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर जलवा
- थाईलैंड में ईवा नूतन लाल ने जीते तीन सिल्वर मेडल
- जवाहर नवोदय विद्यालय की शिक्षिका ने थाईलैंड में फहराया तिरंगा
- एथलेटिक्स में भारत के नाम किए 3 पदक
मंडला महावीर न्यूज 29. जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी मंडला में पदस्थ शारीरिक शिक्षिका ईवा नूतन लाल ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भारत का मस्तक ऊंचा किया है। थाईलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित छटवां थाईलैंड ओपन मास्टर्स गेम्स 2026 में उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एथलेटिक्स स्पर्धा में तीन रजत पदक हासिल किए हैं। बताया गया कि इस अंर्तराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के अनुभवी मास्टर एथलीटों ने हिस्सा लिया था। ईवा नूतन लाल ने 45 वर्ष आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल, जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल और शॉट पुट में सिल्वर मेडल जीते है।
स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत
तीन-तीन पदक जीतकर अंर्तराष्ट्रीय मंच पर देश और मंडला जिले का नाम रोशन करने के बाद, ईवा नूतन लाल के स्वदेश लौटने पर खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनकी इस सफलता पर जवाहर नवोदय विद्यालय सहित पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
मंगलेश्वर महादेव और रावण द्वारा स्थापित शिवलिंग की महिमा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
- सहस्त्रधारा में शिव भक्ति का संगम
- पं. दिवाकर चौबे ने बताया माँ नर्मदा और महादेव की कृपा का महत्व
मंडला महावीर न्यूज 29. सागर में आयोजित पावन नर्मदा पुराण कथा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कथा के विशेष प्रसंग में प्रसिद्ध कथावाचक पं. दिवाकर चौबे ने महाराजपुर स्थित मंगलेश्वर महादेव और सहस्त्रधारा की दिव्य महिमा का सजीव वर्णन किया, जिसे सुनकर पाण्डाल में मौजूद हजारों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
मनोकामना पूर्ण करते हैं मंगलेश्वर महादेव
पं. दिवाकर चौबे ने अपने ओजस्वी प्रवचन में कहा कि महाराजपुर स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर केवल एक प्राचीन तीर्थ नहीं, बल्कि भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाला जाग्रत केंद्र है। उन्होंने पौराणिक प्रसंगों के माध्यम से बताया कि जो भी भक्त सच्चे मन और अटूट विश्वास के साथ यहाँ शिव पूजन करता है, उसके जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं और उसे अलौकिक शांति प्राप्त होती है।
सहस्त्रधारा और रावण का संबंध
कथा के दौरान सहस्त्रधारा क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि यह वह पावन स्थल है जहाँ लंकापति रावण ने स्वयं शिवलिंग की स्थापना की थी। माँ नर्मदा की अनंत धाराओं के बीच स्थित यह क्षेत्र तप और साधना के लिए अत्यंत प्रभावशाली है। पं. चौबे के अनुसार, सहस्त्रधारा में दर्शन मात्र से अंत:करण शुद्ध होता है और मनुष्य के पापों का क्षय होता है।
मोक्षदायिनी माँ नर्मदा की महिमा
माँ नर्मदा को साक्षात मोक्षदायिनी बताते हुए कथावाचक ने कहा कि उनके दर्शन और स्मरण मात्र से ही जीवन धन्य हो जाता है। नर्मदा तट को उन्होंने आत्मशुद्धि का मार्ग बताया। कथा के दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव और जय नर्मदे के जयघोष से गूंज उठा। कई श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबकर भावुक नजर आए। आयोजकों ने बताया कि कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ रहा है, जो आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहा है।
फड़की रैयत में राशन का टोटा, 4 माह से नहीं मिला गरीबों को अनाज
- ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
- विपणन समूह की कार्यप्रणाली से ग्रामीण असंतुष्ट
- आधा-अधूरा राशन मिलने पर भड़के लोग, सोसायटी से वितरण की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत फड़की माल रैयत में राशन वितरण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ के ग्रामीणों को पिछले 4 महीनों से शासन द्वारा मिलने वाला राशन नहीं मिला है, जिससे गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया के प्रवास के दौरान ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा सुनाई थी। इसके बाद जनपद अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) निवास और कलेक्टर मंडला से शिकायत की। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फड़कीमाल में कुछ राशन तो पहुँचा, लेकिन वह भी आधा-अधूरा रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि अभी भी 2 माह का राशन वितरण नहीं किया गया है, जिससे जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
समूह को हटाने की मांग
विपणन समूह की कार्यप्रणाली से तंग आकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से एक स्वर में मांग की है कि वर्तमान विपणन संघ स्व-सहायता समूह द्वारा राशन वितरण प्रणाली को तत्काल समाप्त किया जाए। ग्रामीणों ने मांग रखी है कि राशन वितरण का कार्य आदिम जाति सेवा सहकारी उचित मूल्य की दुकानों (सोसायटी) के माध्यम से कराया जाए, ताकि उन्हें नियमित और पूर्ण राशन मिल सके। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शेष राशन का वितरण नहीं हुआ और वितरण प्रणाली में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
सजा का ऐलान
घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी को 10 वर्ष का कठोर कारावास
- मंडला कोर्ट का सख्त फैसला
- जघन्य सनसनीखेज मामले के दोषी को जेल और अर्थदंड की सजा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के एक जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण में सुनवाई करते हुए प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मंडला ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के कई सदस्यों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था।
अभियोजन के अनुसार घटना 2 मार्च 2020 की है। ग्राम भपसा निवासी आरोपी उपेन्द्र नंदा 20 वर्ष हाथ में धारदार कुल्हाड़ी लेकर अपने पड़ोसी के घर में अवैध रूप से घुस गया। वहां उसने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज की और हत्या के उद्देश्य से फरियादी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जब फरियादी की पत्नी और बेटी बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य ग्रामीण कमलेश सिंगौर को भी आरोपी ने चोटें पहुंचाई थीं।
घटना के बाद चौकी हिरदेनगर और थाना महाराजपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा विवेचना के उपरांत आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया गया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने प्रभावी साक्ष्य और तर्क प्रस्तुत किए।
न्यायालय का फैसला
न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी उपेन्द्र नंदा को अलग-अलग धाराओं के तहत 10 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 1000 रुपये अर्थदंड, 5 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 500 रुपये अर्थदंड। 06 माह का सश्रम कारावास एवं 500 रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। शासन की ओर से इस मामले में सफल पैरवी सहायक निदेशक अभियोजन एसएस ठाकुर द्वारा की गई।
मंडला के खिलाड़ियों ने बालाघाट में गाड़ा झंडा
- स्टेट कराते चैंपियनशिप में जीते 39 पदक
- एमपी स्टेट इंडियन कराते में मंडला ओवरऑल तीसरे स्थान पर
- 40 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मंडला महावीर न्यूज 29. बालाघाट में आयोजित 16वीं एमपी स्टेट इंडियन कराते चैंपियनशिप में मंडला जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 39 पदों पर कब्जा किया है। ‘सेल्फ डिफेंस स्कूल ऑफ इंडियन कराते’ द्वारा 17 और 18 जनवरी को आयोजित इस प्रतियोगिता में मंडला के 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के काता और कुमिते इवेंट में मंडला के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। ब्लैक बेल्ट कैटेगरी में दिशा यादव ने गोल्ड और ब्रॉन्ज, महिमा विश्वकर्मा ने सिल्वर और ब्रॉन्ज, जबकि आदित्य धुर्वे ने सिल्वर और ब्रॉन्ज पदक जीता।
कलर बेल्ट कैटेगरी में रितेश मरावी, स्वयं गोमस्ता, रेखा साहू, आयुष कुलस्ते, आराधना मिश्रा, आरोही, सुनीता ठाकुर, लक्ष्मी नंदा, शक्ति सिंगौर और रागिनी तेकाम ने स्वर्ण पदक (Gold) जीतकर जिले का नाम रोशन किया। इनके अलावा सुहानी इनवाती, राजाराम साहू, सत्या सिंगौर, श्रुति दीक्षित और सोनिया विश्वकर्मा ने सिल्वर, जबकि रितिका, रचना मिश्रा, उमेश यादव, कार्तिक नंदन और कृष्णा सराठे ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किए।
मंडला को मिला तीसरा स्थान
टीम के इस सामूहिक उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत मंडला जिले ने ओवरऑल चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम का नेतृत्व जज अकल सिंह मरावी, आदित्य धुर्वे, दिशा यादव और कोच अमन रजक, विद्या डोंगरे एवं सोनिया विश्वकर्मा ने किया।
हर्ष और बधाई
खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर जिला कराते संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह, खेल अधिकारी विकास खराड़कर, क्रीड़ा भारती के योगेश कछवाहा सहित खेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने विजेता खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मण्डला में खेलो एमपी यूथ गेम्स का उत्साह: ‘वीरू’ के संग थिरके खिलाड़ी, 11 खेलों में 500 युवाओं ने दिखाया दम
प्रतिभा का महाकुंभ: जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं ने हासिल किया संभाग और राज्य स्तर का टिकट
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री की मंशा और प्रदेश के खेल मंत्री के प्रयासों से खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 का आयोजन पूरे प्रदेश के साथ-साथ मण्डला जिले में भी अत्यंत भव्यता के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर सोमेष मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में खेल और युवा कल्याण विभाग मण्डला द्वारा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के द्वितीय चरण का सफल आयोजन 18 जनवरी 2026 को किया गया।
शुभंकर ‘वीरू’ और ‘शेरू’ बने आकर्षण का केंद्र
दूसरे दिन के खेल आयोजनों की शुरुआत बेहद ऊर्जावान रही। जैसे ही यूथ गेम्स के शुभंकर (मेस्कॉट) ‘वीरू’ की मैदान पर एंट्री हुई, खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया। खिलाड़ियों ने ‘वीरू’ के साथ जमकर डांस किया और माहौल को उत्सव में बदल दिया। गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तिया उइके ने 12 जनवरी को इस महाकुंभ को लॉन्च किया था और तब से इसका जिंगल “एमपी की जय हो, हमारी विजय हो” युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया है।
विविध खेल और प्रतिभागी
जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी विकास खराड़कर ने बताया कि दूसरे चरण में कुल 11 खेलों का आयोजन विभिन्न स्थानों पर किया गया। इनमें बैडमिंटन, कुश्ती, जूडो, वेटलिफ्टिंग, योगासन और ताईक्वांडो की स्पर्धाएं पं. दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुईं। वहीं, खो-खो और टेनिस पुलिस लाइन में, फुटबॉल पदमी के मोंटफोर्ट स्कूल में, बास्केटबॉल और तैराकी किंगफिशर वाटर पार्क में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में मण्डला जिले के सभी 9 विकासखंडों के लगभग 500 जूनियर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें सफल बनाने में 50 से अधिक ऑफिशियल्स ने अपनी भूमिका निभाई।
प्रमुख मुकाबलों के परिणाम
प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनके परिणाम इस प्रकार रहे:
- बैडमिंटन: बालक वर्ग में मण्डला विकासखंड ने मवई को हराकर जीत हासिल की।
- कुश्ती: 57 किग्रा में आशीष सिंधिया, 61 किग्रा में शिवांश कछवाहा और 70 किग्रा में अरविंद नैनपुर प्रथम रहे।
- फुटबॉल: बालक वर्ग में मण्डला और बालिका वर्ग में मोहगांव की टीमें विजेता रहीं।
- तैराकी: 50 मीटर और 100 मीटर फ्री स्टाइल में विनय तेकाम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी धाक जमाई।
- योगासन: बालिका वर्ग में सरिता कोर्च (ट्रेडिशनल), निविदिता उईके (बैक बेंडिंग) और भूमि यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
- वेटलिफ्टिंग: प्रियांशुपाल धनगर, शौर्य मिश्रा और हर्ष सिंगमारे ने अपने-अपने भार वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।
- खो-खो: मण्डला विकासखंड का दबदबा रहा, जहाँ बालक और बालिका दोनों वर्गों में उन्होंने जीत दर्ज की।
सम्मान और आगामी लक्ष्य
सभी विजेता खिलाड़ियों को जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर द्वारा ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के लिए भोजन और चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई थी। यहाँ से चयनित खिलाड़ी अब 20 जनवरी से जबलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता और 27 से 31 जनवरी तक प्रदेश के विभिन्न महानगरों में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मण्डला का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार का प्रावधान भी रखा गया है।
सहयोग और उपस्थिति
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी जैसे अरविंद पटले, सोना दुबे, आकाश खत्री, शशांक मिश्रा और सभी खेल संघों के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर विवेक जायसवाल, डॉ. राजेंद्र सोनवानी, संदीप कछवाहा सहित कई गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल मण्डला की खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बना है, बल्कि ग्रामीण युवाओं को पेशेवर खेलों से जोड़ने का एक सशक्त जन-आंदोलन भी साबित हो रहा है।
मंडला में रोजगार का महाकुंभ: पीएचई मंत्री ने किया ‘महा युवा संगम’ का शुभारंभ, 4000 युवाओं को मिलेगा काम
- जनजातीय अंचल के युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान
- आरडी कॉलेज में देश भर की 40 नामी कंपनियों ने डाले डेरे
मंडला महावीर न्यूज 29. जनजातीय बहुल मंडला जिले के इतिहास में मंगलवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। स्थानीय रानी दुर्गावती (आरडी) कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन के सौजन्य से ‘महा युवा संगम रोजगार मेला-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। मध्य प्रदेश शासन की पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने गरिमामय समारोह में इस मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
एक ही छत के नीचे देश की दिग्गज कंपनियां
इस वृहद रोजगार मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें मध्य प्रदेश सहित छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। मंत्री श्रीमती उइके ने स्वयं विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया और कंपनियों के प्रतिनिधियों से भर्ती प्रक्रिया के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने साक्षात्कार देने आए युवाओं से सीधा संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि अनुभव ही सफलता की पहली सीढ़ी है।
मंत्री का संबोधन: आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते कदम
मुख्य अतिथि श्रीमती सम्पतिया उइके ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘ज्ञान’ (GYAN) संकल्पना और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप यह मेला युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ‘मील का पत्थर’ साबित होगा। उन्होंने कलेक्टर सोमेश मिश्रा की सराहना करते हुए कहा कि एक जनजातीय जिले में 4000 से अधिक युवाओं के लिए एक ही मंच पर रोजगार के अवसर जुटाना प्रशासन की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से कहा, “काम छोटा या बड़ा नहीं होता, आपकी मेहनत और अनुभव आपको भविष्य में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।”
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने दी बधाई
इस अवसर पर केंद्रीय सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने स्टालों का अवलोकन करने के पश्चात कहा कि ‘स्किल इंडिया’ और ‘न्यू इंडिया’ के सपने को सच करने के लिए ऐसे आयोजन अनिवार्य हैं। उन्होंने चयनित युवाओं और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से युवाओं का पलायन रुकेगा और जिला आर्थिक रूप से सुदृढ़ होगा।
कलेक्टर की दूरदर्शिता: एक माह की मेहनत लाई रंग
जिला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मेले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह संभाग स्तर पर आयोजित होने वाला अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक मेला है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए प्रशासन पिछले एक माह से तैयारी कर रहा था। युवाओं की मदद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, मॉक इंटरव्यू और रिज्यूम (CV) निर्माण जैसी विशेष कार्यशालाएं आयोजित की गई थीं।
कलेक्टर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जिले की मनेरी औद्योगिक इकाई में ही लगभग 400 पदों पर भर्ती की जा रही है, जो स्थानीय युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज जो युवा रोजगार की तलाश में आए हैं, कल वे अपनी मेहनत और स्वरोजगार के बल पर दूसरों को रोजगार देने वाले बनेंगे।
सम्मान और सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने मंच से चयनित युवाओं को ‘ऑफर लेटर’ प्रदान किए। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने भी जिला प्रशासन को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
प्रमुख उपस्थितियां: कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा, एसडीएम सोनल सिडाम, जबलपुर एमपीआईडीसी के अनिल राठौर, जीएमडीआईसी दिनेश कुमार मर्सकोले, आईटीआई प्राचार्य मनीषा भूरिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, व्यापारी प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में युवा उपस्थित रहे। समाचार लिखे जाने तक आरडी कॉलेज परिसर में साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया निरंतर जारी थी।
लंदन की चकाचौंध छोड़ नर्मदा की शरण में दो विदेशी मेहमान
- सात समंदर पार से खींच लाई मैया की भक्ति, पैदल कर रहे परिक्रमा
- नर्मदे हर के जयकारों के साथ बढ़ रहे विदेशी कदम
- 62 साल के गाय डेन और जैक हुए भारतीय संस्कृति के कायल
- सात समंदर पार लंदन से आए परिक्रमावासी
मंडला महावीर न्यूज 29. कहते हैं माँ नर्मदा की महिमा निराली है, जिसकी गूंज अब सात समंदर पार इंग्लैंड तक जा पहुँची है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण इन दिनों मंडला जिले के निवास क्षेत्र में देखने को मिला, जहाँ लंदन के रहने वाले 62 वर्षीय गाय डेन और उनके 26 वर्षीय युवा साथी जैक एक सच्चे साधक की तरह पैदल माँ नर्मदा की परिक्रमा कर रहे हैं। कंधे पर झोला टांगे और जुबां पर नर्मदे हर का अभिवादन लिए जब ये विदेशी मेहमान निवास के ग्राम गुंदलई पहुँचे, तो स्थानीय नागरिक उन्हें देख दंग रह गए।
1976 से भारत से नाता, अब माँ नर्मदा को कह रहे धन्यवाद
इंग्लैंड से आए गाय डेन के लिए भारत नया नहीं है। वे पहली बार 1976 में महज 18 साल की उम्र में यहाँ आए थे। यह उनका सातवां भारत दौरा है, लेकिन इस बार का मकसद पूरी तरह आध्यात्मिक है। चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि मैं यहाँ सिर्फ माँ नर्मदा को धन्यवाद देने आया हूँ। इंग्लैंड का जीवन यहाँ से बिल्कुल अलग है। यहाँ ग्रामीण भारत की सादगी और लोगों की उदारता देखकर मैं भावुक हूँ। मेरा संदेश है कि माँ नर्मदा की सेवा करें और उनका आशीर्वाद लें।
युवा जैक के लिए प्रेम ही है मुख्य उद्देश्य
वहीं गाय डेन के साथ चल रहे जैक 26 वर्ष के लिए यह अनुभव बिल्कुल नया और जीवन का सबसे गहरा अनुभव है। जैक अपने अंकल गाय डेन से प्रेरणा पाकर इस यात्रा पर निकले हैं। जहाँ आज की युवा पीढ़ी तकनीक में खोई है, वहीं जैक आश्रमों के सादा भोजन और ग्रामीण शांति में सुकून ढूँढ रहे हैं। जैक का कहना है कि यह यात्रा शारीरिक रूप से कठिन जरूर है, लेकिन मानसिक रूप से बहुत संतोषजनक है।
3500 किमी का लिया संकल्प
गुजरात से शुरू हुआ सफर इन विदेशी पदयात्रियों ने अपनी परिक्रमा लगभग 50 दिन पूर्व गुजरात के मीठी तलाई से शुरू की थी। अब तक वे करीब 1000 किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं। प्रतिदिन 20 से 25 किलोमीटर पैदल चलने वाले इन यात्रियों के पैरों में भले ही छाले हों, लेकिन चेहरे पर थकान के बजाय आत्मिक सुकून नजर आता है।
ग्राम गुंदलई में हुआ भव्य स्वागत
निवास-बरेला मार्ग से गुजरते समय जब स्थानीय नागरिकों की नजर इन पर पड़ी तो समाजसेवी राधे लाल यादव, अंकित यादव और रोहित प्रशांत चौकसे ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं भी कीं। विदेशी मेहमानों ने बताया कि भाषा अलग होने के बावजूद यहाँ के लोगों के सेवा भाव ने उनके दिल के तार जोड़ दिए हैं। बताया गया कि अमरकंटक से होकर वापस वहीं समाप्त होने वाली इस 3500 किलोमीटर की कठिन यात्रा पर अडिग ये दोनों सैलानी आज हर किसी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
अमृत वेला के आध्यात्मिक रंग में रंगा मंडला : 11 वर्षों से अनवरत जारी है प्रातःकालीन सुमिरन और नाम जाप की परंपरा
प्रोजेक्टर से गुरुवाणी और वाहेगुरु का जाप: अंबेडकर वार्ड गुरुद्वारे में ब्रह्म मुहूर्त में जुट रहे श्रद्धालु, ले रहे धर्मलाभ
- प्रातः काल सुमिरन नाम जाप से जगा रहे आध्यात्म की अलख
- 11 वर्षों से नियमित रूप से चल रहा अमृत वेला का आयोजन
- प्रोजेक्टर के माध्यम से दे रहे गुरुवाणी का संदेश
ब्रह्म मुहूर्त में गूँज रहे वाहेगुरु के जयकारे, श्री अमृतवेला संगत समिति जगा रही अध्यात्म की अलख
मंडला महावीर न्यूज 29. आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में जहाँ मानसिक शांति दुर्लभ होती जा रही है, वहीं मंडला का अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब अध्यात्म और शांति का केंद्र बना हुआ है। यहाँ श्री अमृतवेला संगत समिति द्वारा पिछले 11 वर्षों से नियमित रूप से ‘अमृत वेला’ का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ श्रद्धालु प्रातः काल नाम जाप और सुमिरन के जरिए अपने दिन की शुरुआत कर रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा के साथ गुरुद्वारे में एकत्रित होते हैं। कार्यक्रम में सुखमनी साहिब का पाठ, जपजी साहिब, चौपाई साहिब, सिमरन, आरती और अरदास जैसी आध्यात्मिक क्रियाएं संपन्न की जाती हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए प्रोजेक्टर के माध्यम से गुरुवाणी का संदेश प्रसारित किया जा रहा है, ताकि संगत गुरुवाणी को गहराई से समझ सके। ‘सतनाम श्री वाहेगुरु’ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो जाता है। आयोजन के पश्चात शामिल श्रद्धालु जनों को प्रसादी का वितरण किया जा रहा है।
प्रातः 4 बजे से शुरू होता है आयोजन
श्री अमृतवेला संगत समिति ने बताया कि आयोजन में प्रातः 4 बजे से धार्मिक श्रद्धालु,आस्था प्रेमी शामिल हो रहे हैं,अमृत काल के इस समय का विशेष महत्व है।पूर्ण श्रद्धा भक्ति के साथ बड़ी संख्या में पुरुष महिलाएं श्रृद्धालु गण शामिल होकर धर्म लाभ ले रहे हैं। संगत प्रातः काल पूर्ण स्नान आदि से निवृत होकर आयोजन में शामिल हो रहे हैं। धार्मिक पाठ,नाम जाप, गुरुवाणी,आरती,अरदास के साथ दिन की शुरुआत कर रहे हैं। नित्य सुचारू संचालन में सदस्य गण सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।
मानसिक,शारीरिक और आध्यात्मिक प्रभाव
प्रातः काल सुमिरन,नाम,जाप का वैज्ञानिक कारण मन को शांत करना,एकाग्रता बढ़ाना,मानसिक तनाव कम करना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना भी है। वैज्ञानिक कारण यह भी है कि जब कोई व्यक्ति सही उच्चारण,भावना और एकाग्रता के साथ मंत्रों का जाप करता है तो यह मानसिक शारीरिक और आध्यात्मिक स्तर पर प्रभाव डालता है।मंत्रों के उच्चारण से विशेष ध्वनि तरंगें उत्पन्न होती हैं जो हमारे मस्तिष्क और शरीर पर सकारात्मक प्रभाव डालती हैं। नियमित मंत्र, जाप से मन शांत रहता है और ध्यान केंद्रित करने की शक्ति बढ़ती है।
श्रद्धा भक्ति और धूमधाम से मनाते हैं प्रमुख पर्व
श्री अमृतवेला संगत समिति के द्वारा प्रमुख धार्मिक पर्व धूमधाम से मनाए जाते हैं।इसमें आराध्या देव दस गुरुओं की जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाती है। इसके साथ ही साल में दो बार चालीसा महोत्सव विशेष रूप से आयोजित होता है।चालीसा महोत्सव एक बार ग्रीष्म काल में और एक बार शीत काल में आयोजित होता है जिसको समिति के द्वारा श्रद्धा भक्ति भाव से मनाया जाता है। आयोजन का सार्थक उद्देश्य यह भी है कि हमारी अगली पीढ़ी भी आध्यात्मिक की ओर अग्रसर हो।
शराब माफिया के खिलाफ ‘नारी शक्ति’ का शंखनाद: लाठियां लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं, बंद हुए अवैध अड्डों के शटर
- आबकारी विभाग की चुप्पी से गुस्साया गांव
- रामबाग में महिलाओं ने खुद संभाली कमान
- घर-घर बिक रही शराब पर डंडे से दी चेतावनी
आबकारी विभाग की सुस्ती के बाद रणचंडी बनीं महिलाएं; अवैध शराब ठिकानों पर दी दबिश, पुलिस ने दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लाइसेंस की आड़ में फल-फूल रहे शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अब ग्रामीण महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महाराजपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामबाग सकवाह में रविवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब आधा सैकड़ा महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर शराब के ठिकानों को बंद कराने निकल पड़ीं।
नारी शक्ति को देख बंद हुए शटर
शाम के समय जब महिलाओं का यह जत्था पुरवा पुल के आसपास पहुँचा, तो वहाँ संचालित ढाबों और दुकानों के शटर आनन-फानन में गिर गए। महिलाओं ने एक ऐसे घर के सामने भी जमकर आक्रोश दिखाया, जिसे शराब विक्रय का अड्डा बना लिया गया था। स्थिति को देखते हुए वहां मौजूद महिला ने घर में ताला लगा लिया। महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में अब फोन पर शराब की होम डिलीवरी हो रही है, जिससे घरों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति बदहाल हो रही है।
प्रशासन की अनदेखी से उपजा आक्रोश
बता दें कि ग्राम पंचायत रामबाग ने 15 दिन पहले ही शराबबंदी को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। इसकी लिखित शिकायत आबकारी विभाग को भी दी गई थी, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से महिलाओं का सब्र टूट गया। महिलाओं का कहना है कि जब विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा, तो उन्हें खुद सड़कों पर उतरना पड़ा।
मौके पर पहुँचा पुलिस और आबकारी अमला
माहौल बिगड़ने की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को शांत कराया और क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। हालांकि, महिलाओं ने साफ कर दिया है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो उनका यह अभियान और उग्र रूप लेगा।
जिले भर में हर गली-मोहल्ले में फैल चुके इस अवैध कारोबार ने अब जन-आंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है, जो प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है।
शिकार के खिलाफ वन विभाग का बड़ा एक्शन
- करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
- जगमंडल परिक्षेत्र में वन्यप्राणी शिकार का खुलासा, 15 दिन की न्यायिक हिरासत
- वन विभाग ने जब्त किए हथियार और अवशेष
मंडला महावीर न्यूज 29. पूर्व सामान्य वन मंडल मंडला के अंतर्गत जगमंडल परिक्षेत्र की टीम ने वन्य प्राणियों के शिकार के खिलाफ सफलता हासिल की है। ग्राम घोंट में करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने आरोपी शिवचरन साहू पिता सुंदर लाल, 44 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय बिछिया में पेश किया गया, जहां से उसे 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मौके से मिले शिकार के पुख्ता प्रमाण
वन विभाग की टीम ने आरोपी के खेत की तलाशी ली, जहाँ से शिकार में प्रयुक्त सामग्री और वन्यजीवों के अवशेष बरामद हुए हैं। जब्ती की सूची में विद्युत वायर, सेंटिंग तार, बांस की खूंटी, हड्डी के टुकड़े, खून लगी हुई मिट्टी व पत्थर के टुकड़े शामिल हैं। इसके अलावा वन विभाग ने वन्यप्राणी के बाल, खून से लथपथ दो फटी हुई बोरियां, खून लगी लकड़ी जिस पर काटने के निशान हैं और बांस के डंडे भी जब्त किए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह संपूर्ण प्रभावी कार्रवाई वन मंडल अधिकारी, पूर्व सामान्य मंडला श्रीमती प्रीता एसएम और उप वन मंडल अधिकारी, जगमंडल माधवराव उइके के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई का नेतृत्व परिक्षेत्र अधिकारी, जगमंडल वन क्षेत्रपाल श्रीमती लतिका तिवारी उपाध्याय ने किया।
टीम में शामिल रहे अधिकारी एवं कर्मचारी
इस सफल रेड में परिक्षेत्र सहायक अंजनिया ब्रजभान सिंह कुल्हिया, वन चौकी प्रभारी ककैया शिव कुमार उइके, वन रक्षक अभिषेक शुक्ला, बालसिंह ठाकुर, पहलसिंह मार्को, कौशल कोकडिय़ा, नितिन बलाडी सहित अरविंद झा, नरेंद्र ठाकुर और सुरक्षा श्रमिक छेदी लाल साहू, सुखराम मरावी एवं राजकुमार यादव का विशेष योगदान रहा। बताया गया कि वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत ऐसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एन 30 पर छात्रों का हल्लाबोल, परीक्षा केंद्र बदलने के विरोध में लगाया चक्काजाम
- जबलपुर-मंडला मार्ग पर थमे पहिए
- आश्वासन के बाद माने छात्र
- परीक्षा केंद्र के फेर में फंसे छात्र
बम्हनी भावल स्कूल से 10 किमी दूर केंद्र बनाने पर आक्रोश, जनप्रतिनिधियों के साथ हाईवे पर उतरे विद्यार्थी
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 पर विकासखंड नारायणगंज के ग्राम लालीपुर में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जब बम्हनी भावल हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने हाईवे पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। छात्र मंडला जिला शिक्षा अधिकारी के उस हालिया आदेश का विरोध कर रहे हैं, जिसके तहत उनके परीक्षा केंद्र को बम्हनी भावल से हटाकर करीब 10 किलोमीटर दूर मंगलगंज स्कूल स्थानांतरित कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार प्रदर्शनकारी छात्रों और उनके साथ आए अभिभावकों का कहना है कि बम्हनी भावल स्कूल में करीब 160 छात्र, छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें से कई विद्यार्थी पहले ही 10 से 15 किलोमीटर दूर से स्कूल आते हैं। यदि परीक्षा केंद्र मंगलगंज किया जाता है, तो इन छात्रों को परीक्षा के दिनों में 20 से 25 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। इतनी लंबी दूरी तय करने से न केवल छात्रों का समय बर्बाद होगा, बल्कि उनकी परीक्षा की तैयारी और मानसिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ेगा।
यातायात पूरी तरह ठप, वाहनों की लगी कतारें
छात्रों के हाईवे पर बैठने के कारण जबलपुर-मंडला मार्ग पर यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया। हाईवे के दोनों ओर ट्रकों और यात्री बसों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आंदोलन में छात्रों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
दो जिला अध्यक्ष पहुंचे मौके पर
बताया गया कि छात्रों के एनएच 30 मार्ग पर चक्का जाम करने की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी लगी। जिसके बाद जिला मुख्यालय से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले भी मौके पर पहुंच गए। यहां दोनों जिला अध्यक्ष ने प्रदर्शन कर रहे छात्र, छात्राओं से रूबरू होकर समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक दोनों जिला अध्यक्ष छात्रों को समझाने का प्रयास करते रहे और जिला शिक्षा अधिकारी से मौके पर ही बात की। जिसके बाद जिले से संबंधित अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस बल रहा तैनात
बताया गया कि हाईवे पर स्थिति को देखते हुए सूचना मिलते ही नारायणगंज और टिकरिया पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन छात्र परीक्षा केंद्र को यथावत रखने की मांग पर अड़े रहे। छात्रों का तर्क है कि मंगलगंज स्कूल में करीब 93 छात्र हैं, जबकि बम्हनी भावल में संख्या अधिक है, फिर भी उनके साथ भेदभाव किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर छात्रों से संवाद कर रहे थे, जिसके बाद सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता शाम करीब 4.30 बजे धरना स्थल पर पहुंची। जहां उन्होंने 4-5 दिन में फिर से उसी को केंद्र बनाने आश्वासन देते हुए धरना प्रदर्शन समाप्त कराया।
एनएचएआई और ठेकेदार की लापरवाही के खिलाफ हाईवे पर किया चक्काजाम
- एनएच 30 पर बिछीं 5 महिला मजदूरों की लाशें
- मुआवजे के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
- अंत्येष्टि के लिए तत्काल दी 1-1 लाख की सहायता
- परिजनों ने शव सड़क पर रखकर मांगा न्याय
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 पर गौर बायपास के पास रविवार को हुई भीषण दुर्घटना ने अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। सुरक्षा इंतजामों के अभाव में एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम बम्होरी की 5 महिला मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं ईलाजरत एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई हे। घटना से आक्रोशित परिजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर 12 बजे से भारत पेट्रोल पंप बरेला टोल नाका के पास शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया है।
बीजाडांडी के जनपद सदस्य व सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र पुट्टा और राजकुमार सिन्हा बरगी बांध विस्थापित संघ ने आरोप लगाया कि चालू हाईवे पर करीब 20 महिलाओं से काम कराया जा रहा था, लेकिन ठेकेदार और एनएचएआई ने उन्हें न तो कोई सेफ्टी किट दी थी और न ही वहां कोई सुरक्षा संकेतक लगाए थे। हादसे के वक्त मौके पर न तो ठेकेदार का कोई प्रतिनिधि था और न ही प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी।
हादसे में इन्होंने गंवाई जान
मृतकों में ग्राम बम्होरी की चेनवती कुड़ापे, लक्षों बाई परते, घसीटी बाई कुशराम, कृष्णा बाई कुड़ापे और गुमता बाई उईके शामिल हैं। इसके अलावा 11 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। बताया गया कि डर के कारण कुछ घायल मजदूर देर रात मेडिकल अस्पताल से बिना बताए घर लौट आए हैं, जिससे उनकी जान का खतरा और बढ़ गया है।
प्रशासन से की मांग
रविवार को हुए सड़क हादसे के बाद प्रदर्शन प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने कुछ मांगें रखी हैं। मांग करते हुए कहां गया कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपए और घायलों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए, मृतक परिवार के एक सदस्य को शासकीय या संविदा नौकरी दी जाए, दोषी एनएचएआई अधिकारियों और ठेकेदार पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की गई है।
मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा
भीषण हादसे के विरोध में दिया जा रहा धरना सोमवार शाम 5 बजे समाप्त हो गया। प्रशासन और ठेकेदार द्वारा मुआवजे की मांगें स्वीकार किए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया। यह प्रदर्शन बीजाडांडी जनपद सदस्य राजेन्द्र पुट्टा की अगुवाई में किया जा रहा था, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। वार्ता के बाद प्रशासन और ठेकेदार द्वारा सहायता राशि की घोषणा की गई है। जिसमें प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 15 लाख रुपये दिए जाएंगे, जिसमें 10 लाख रुपये सरकार की ओर से और 5 लाख रुपये ठेकेदार द्वारा प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था के लिए प्रत्येक प्रभावित परिवार को 1-1 लाख रुपये की राशि तत्काल उपलब्ध करा दी गई है। वहीं गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को 2-2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। साथ ही घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराने का आश्वासन दिया गया है।
बीमारी से बेटी को खोने वाले पिता को मिला बीमा राशि का चेक
- शाखा प्रबंधक ने की योजना का लाभ लेने की अपील
- शोक संतप्त परिवार को मिली आर्थिक सुरक्षा की संजीवनी
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच साबित हो रही है । इसी योजना के तहत बबलिया क्षेत्र के ग्राम सिमरिया निवासी राजेन्द्र सिंह कुलस्ते को उनकी दिवंगत पुत्री पुष्पलता कुलस्ते के बीमा दावे के रूप में 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है।
जानकारी अनुसार राजेन्द्र सिंह कुलस्ते की पुत्री पुष्पलता का निधन लगभग 4 माह पूर्व इलाज के दौरान एक बीमारी के कारण हो गया था। बेटी के असमय निधन के बाद पिता ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बबलिया में बीमा दावा प्रस्तुत किया था। बैंक द्वारा दावे की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
शाखा प्रबंधक ने सौंपा चेक
मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बबलिया के प्रबंधक ललित सिंगौर ने हितग्राही राजेन्द्र सिंह कुलस्ते को चेक सौंपते हुए योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह योजना संकट के समय परिवारों को वित्तीय संबल प्रदान करती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक फैलाएं जिससे हर पात्र परिवार इसका लाभ उठा सके। इस अवसर पर बैंक के कार्यालय सहायक हिमांशु परस्ते और बुद्धभूषण निकुंबे उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति में यह राशि लाभार्थी को प्रदान की गई।
मंडला में बिखरेगा प्रतिभाओं का जलवा
- मंडला गॉट टैलेंट के ऑडिशन शुरू, कलेक्टर पहुंचे ऑडिशन स्थल
- प्रतिभागियों का बढ़ाया आत्मविश्वास
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की छुपी हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से नमामि नर्मदे महा आरती ट्रस्ट के तत्वाधान में ‘मंडला गॉट टैलेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रतियोगिता के लिए गायन और नृत्य की विधाओं के ऑडिशन 19 एवं 20 जनवरी को जिला न्यायालय रोड स्थित झंकार भवन में आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि मंडला के युवाओं, बच्चों और कलाकारों के सपनों को उड़ान देने वाला मंच बनकर सामने आया है, जहां हर प्रतिभागी को अपनी कला दिखाने का आत्मविश्वास और अवसर मिल रहा है।
प्रतिभाओं की दिखी शानदार झलक
आयोजन के अनुसार गायन विधा के ऑडिशन 19 जनवरी को संपन्न हुए, जिसमें जिलेभर से आए प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया। वहीं नृत्य विधा के ऑडिशन 20 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर पहुंचे ऑडिशन स्थल, प्रतिभागियों का बढ़ा आत्मविश्वास
ऑडिशन कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। कलेक्टर श्री मिश्रा के अचानक पहुंचने से न केवल आयोजन को प्रोत्साहन मिला, बल्कि प्रतिभागियों का उत्साह भी कई गुना बढ़ गया। प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मंडला की युवा प्रतिभाएं जिले की पहचान हैं और ऐसे मंचों के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। कलेक्टर श्री मिश्रा की प्रेरणादायक मौजूदगी से बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास साफ नजर आया और कई प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रस्तुति दी।
कलेक्टर के प्रयासों से मिल रहा मंच, प्रतिभाओं को मिलेगा नया रास्ता
यह आयोजन जिले में कला-संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कलेक्टर श्री मिश्रा के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से मंडला में प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए ऐसे आयोजनों को गति मिल रही है। ‘मंडला गॉट टैलेंट’ जैसे कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास, करियर और पहचान को मजबूत करने वाले प्लेटफॉर्म साबित हो रहे हैं।
इस आयोजन के माध्यम से मंडला के कलाकारों को जिला स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ आगे बड़े मंचों तक पहुंचने की प्रेरणा भी मिल रही है। अब मंडला की प्रतिभाएं अपनी कला के दम पर चमकेंगी और जिले का नाम रोशन करेंगी। ऑडिशन स्थल पर बड़ी संख्या में प्रतिभागियों एवं कला प्रेमियों की उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना
चैनसिंह भांडे की बदली तकदीर, खेती के साथ डेयरी से बने आत्मनिर्भर
- मंडला के किसान चैनसिंह को मिली नई पहचान
- मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना से हर माह कमा रहे ₹14 हजार
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक क्रांति का सूत्रधार बन रही है। किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना अब धरातल पर रंग लाने लगी है। इसका ताजा उदाहरण मंडला विकासखंड के ग्राम ग्वारा में देखने को मिला है, जहाँ किसान श्री चैनसिंह भांडे ने पशुपालन को अपनाकर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुधारी है, बल्कि समाज में एक नई पहचान भी बनाई है।
खेती की चुनौतियों के बीच चुना नया रास्ता
श्री चैनसिंह भांडे लंबे समय से पारंपरिक खेती पर निर्भर थे। मौसम की अनिश्चितता और खेती की बढ़ती लागत के कारण उन्हें परिवार चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने आय का एक स्थायी स्रोत विकसित करने का संकल्प लिया और पशुपालन के क्षेत्र में कदम रखा। शासन के मार्गदर्शन और ‘मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना’ ने उनके इस संकल्प को हकीकत में बदल दिया।
सरकारी सहायता ने दी सपनों को उड़ान
योजना के तहत चैनसिंह को 2.95 लाख रुपये का स्वीकृति लाभ प्राप्त हुआ। 13 सितंबर 2025 को उन्हें योजना के माध्यम से दो उन्नत नस्ल की भैंसें प्रदान की गईं। बेहतर पशु प्रबंधन, चारा व्यवस्था और उचित देखरेख के चलते उनका डेयरी व्यवसाय तेजी से पटरी पर आ गया।
आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता की ओर कदम
आज चैनसिंह भांडे डेयरी व्यवसाय से प्रतिमाह 13 से 14 हजार रुपये की शुद्ध आय प्राप्त कर रहे हैं। इस अतिरिक्त कमाई से उनके परिवार के जीवनस्तर में बड़ा सुधार आया है। बच्चों की शिक्षा और घर की जरूरतों को पूरा करने में अब उन्हें कोई आर्थिक तंगी नहीं होती।
“यह योजना मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस पहल ने मुझे आत्मनिर्भर बनाया है। अब मैं खेती के साथ-साथ एक सफल डेयरी व्यवसायी के रूप में सम्मान के साथ जी रहा हूँ।” — चैनसिंह भांडे, लाभार्थी किसान
गाँव के लिए बने प्रेरणास्रोत
चैनसिंह की सफलता केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे आज ग्राम ग्वारा के अन्य किसानों के लिए एक रोल मॉडल बन चुके हैं। उनकी सफलता को देख गाँव के अन्य युवा और किसान भी अब कृषि के साथ-साथ पशुपालन को एक व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
कान्हा से नौरादेही के लिए रवाना हुआ नया राजा
- रिवाइल्डिंग में प्रशिक्षित नर बाघ अब वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में भरेगा दहाड़
- पेंच से रेस्क्यू और कान्हा में ट्रेनिंग
- 35 माह का पूर्णत: स्वस्थ बाघ नए ठिकाने के लिए रवाना
- रेडियो कॉलर से होगी निगरानी
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र के वन्यजीव संरक्षण इतिहास में आज एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा एक युवा और पूर्णत: प्रशिक्षित नर बाघ को सुरक्षित रूप से वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व (नौरादेही) के लिए रवाना किया गया। यह स्थानांतरण न केवल बाघों के क्षेत्रीय विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि एक अनाथ शावक के सफल रिवाइल्डिंग की प्रक्रिया का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी है।
जानकारी अनुसार इस नर बाघ को पेंच टाइगर रिजर्व के रूखड़ परिक्षेत्र सिवनी से तब रेस्क्यू किया गया था, जब इसकी उम्र महज 4 से 5 माह थी। उस समय यह शावक असुरक्षित और असहाय था। इसके बाद इसे कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की स्थित घोरेला रिवाइल्डिंग बाड़ा में लाया गया। यहां विशेषज्ञों की देखरेख में इसे प्राकृतिक शिकार करने और स्वतंत्र रूप से जंगल में विचरण करने का कड़ा प्रशिक्षण दिया गया। लगभग 30 माह के कठिन परिश्रम के बाद वर्तमान में 33 से 35 माह की उम्र का यह बाघ अब पूरी तरह आत्मनिर्भर और स्वस्थ है।
बाघ को सेटेलाईट रेडियों कॉलर पहनाया
स्थानांतरण से पूर्व वन्यप्राणी चिकित्सकों और वैज्ञानिकों द्वारा बाघ को निश्चेत किया गया। इस दौरान उसके शरीर के आवश्यक जैविक मापदंडों का परीक्षण कर उन्हें अभिलेखित किया गया। विशेषज्ञों के परामर्श पर बाघ को सेटेलाईट रेडियों कॉलर पहनाया गया है, जिससे नए आवास में उसकी गतिविधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा सकेगी। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 11(1)(ए) के तहत प्राप्त अनुमति और निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के अनुरूप इसे वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व भेजा गया है, जहां बाघों का घनत्व कम होने के कारण इसके लिए पर्याप्त आवास और शिकार उपलब्ध है।
कुशल नेतृत्व में हुआ सफल ऑपरेशन
यह पूरी कार्यवाही कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस टीम में उप संचालक (कोर) पुनीत गोयल, उप संचालक (बफर) अमीथा केबी, वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल, फील्ड बायोलॉजिस्ट अजिंक्य देशमुख, राज्य वन अनुसंधान संस्थान के डॉ. अनिरूद्ध मजूमदार और भारतीय वन्यजीव संस्थान के रोहन देसाई सहित अन्य विशेषज्ञ एवं कर्मचारी शामिल रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्थानांतरण से वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघों की आबादी संतुलित होगी और भविष्य में पारिस्थितिक तंत्र को मजबूती मिलेगी।
कान्हा के बारासिंगा सतपुडा टायगर रिजर्व में करेंगे चहल कदमी
- कान्हा से सतपुडा पार्क भेजे गए 12 बारासिंगा
- अब तक 127 बारासिंगा को भेजा जा चुके सतपुड़ा
- कान्हा में ही विलुप्त प्रजाति के बारासिंगा
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टायगर रिजर्व के बारासिंघा को प्रदेश के अन्य नेशनल पार्कों में आबाद करने के उद्देश्य से इन्हें सफलतापूर्वक स्थानातंरण किया जा रहा है। बारासिंगा विश्व की अति संकटग्रस्त प्रजाति है। एक समय कड़ी भूमि (हार्ड ग्राउंड) का बारासिंघा सिर्फ कान्हा नेशनल पार्क में ही शेष रह गए थे। इस प्रजाति के विलुप्त होने की आशंका और बचाव के उद्देश्य से 2015 में इनको अन्य नेशनल पार्कों में आबाद करने की कार्ययोजना बनाई गई। जिसके बाद कान्हा से बारासिंघा का ट्रांसलोकेशन किया जा रहा है। अभी तक बारासिंघा को कान्हा से बांधवगढ़, सतपुड़ा और वन विहार भोपाल शिफ्ट किया गया है।
बताया गया कि 17 जनवरी को कान्हा नेशनल पार्क से सतपुड़ा टायगर रिजर्व नर्मदापुरम के लिए 12 बारासिंगा भेजे गए है। यह पूरा अभियान क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान कान्हा प्रबंधन की पूरी टीम मुस्तैद रही, जिसमें उप संचालक पुनीत गोयल, वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संदीप अंग्रवाल, डॉ. आरके चतुर्वेदी, सहायक संचालक बंजर, परिक्षेत्र अधिकारी सरही एवं अन्य वनकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
जानकारी अनुसार प्रदेश का राजकीय पशु बारहसिंघा कान्हा नेशनल पार्क में आबाद है। कान्हा में ही विलुप्त प्रजाति मौजूद है। यहां करीब 1100 की संख्या में बारासिंगा है। बारहसिंघा की प्रजाति को प्रदेश के अन्य नेशनल पार्क में बसाया जा रहा है। बारासिंगा की प्रजाति के विलुप्त होने की आशंका को देखते हुए प्रदेश के अन्य नेशनल पार्कों में इन्हें आबाद करने के उद्देश्य से वर्ष 2015 में कार्य योजना बनाई गई, जिसके बाद कान्हा से बारासिंगा का ट्रांसलोकेशन किया जा रहा है। बारासिंघा को आबाद करने के उद्देश्य से सतपुड़ा टायगर रिजर्व में बसाने की तैयारी वर्ष 2015 से चल रही है। इसके लिए मंडला के कान्हा नेशनल पार्क के सरही परिक्षेत्र स्थित सौंफ मैदान से 12 बारासिंगा (04 शावक एवं 08 मादा) को सफलता पूर्वक केप्चर कर विशेष वाहन से सतपुड़ा टायगर रिजर्व की ओर रवाना किया गया। जहां उन्हें विशेष रूप से बनाए गए बाड़े में छोड़ा जाएगा।
कान्हा से अभी तक 182 बारासिंघा हुए शिफ्ट
बताया गया कि सतपुड़ा टायगर रिजर्व में बारासिंघा को आबाद करने के लिए शासन द्वारा दिए गए आदेशानुसार बारासिंघा भेजने का प्लान है। जिसमें 12 शिफ्ट में अभी तक 127 बारासिंगा सतपुड़ा टायगर रिजर्व नर्मदापुरम भेजे जा चुके है। इन बारासिंगा को कान्हा टायगर रिजर्व समेत सरही परिक्षेत्र से सफलता पूर्वक कैप्चर किया गया। इसके साथ ही अभी तक कान्हा से वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में 07 बारासिंगा और बांधवगढ़ टाईगर रिजिर्व उमरिया में अभी तक 48 मध्य भारतीय हार्ड ग्राउंड बारासिंगा शिफ्ट किये गये है। प्रदेश के नेशनल में पार्क को बारासिंगा से आबाद करने का प्लान है। जिसके चलते बारासिंघा की कान्हा से शिफ्टिंग की जा रही है। अभी तक बाधवगढ़, वन विहार भोपाल और सतपुड़ा टायगर रिजर्व में 182 बारासिंघा भेजे जा चुके है।
ऐसे किया गया बारहसिंघा को बोमा से कैप्चर
बताया गया कि हिरण और बारासिंगा बेहद नाजुक वन्य प्राणी होते हैं। जिन्हें पकडऩा या टेंक्यूलाइज करना खतरे से खाली नहीं होता। जिसके कारण बारासिंगा को बिना हाथ लगाए और बेहोश किए कैप्चर करने का प्रयास किया जाता है। इसके लिए वाई के आकार का एक अपारदर्शी बाड़ा तैयार किया जाता है, जिसका एक हिस्सा काफी चौड़ा और सामने से खुला होता है, वहीं दूसरा हिस्सा पतली गली सा होता है। पतली गली वाले हिस्से के मुहाने पर उस वाहन को लगा दिया जाता है जिसमें बारासिंगा परिवहन किए जाने हैं। बाड़े के चौड़े वाले खुले हिस्से से बारासिंगा अंदर प्रवेश कर जाते हैं और फिर उन्हें हांककर पतली गली वाले हिस्से की तरफ ले जाया जाता है, जिसके मुहाने पर खड़े वाहन में बारासिंगा सवार हो जाते हैं।
बारासिंगा की घटती संख्या को बढ़ाने का प्रयास
बताया गया कि प्रदेश में कान्हा नेशनल पार्क ही हार्ड ग्राउंड बारासिंगा की बड़ी संख्या में प्रजाति थी लेकिन सन 1970 तक बारहसिंघा की संख्या कम हो गई। यहां सिर्फ 68 बारासिंगा बचे थे। कान्हा प्रबंधन द्वारा बेहतर संरक्षण के चलते अब कान्हा में इनकी संख्या लगभग 1100 तक हो गई है। इसके बाद बारासिंगा की संख्या बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाई गई। यहां बारासिंगा को बाड़े में रखा गया। इसके बाद विशेष देख रेख की गई। यहां के स्थाईकर्मी जोधा सिंह का बारहसिंघा की प्रजाति बढ़ाने में विशेष योगदान रहा। बारहसिंघा का कुनबा बढ़ाने के लिए यहां के करीब 250 अजगर बाड़े से बाहर निकाले गए, जिसके बाद बारहसिंघा की संख्या बढऩे लगी। अब कान्हा में बारहसिंघा की संख्या करीब 1100 के आसपास है। यहां के अलावा अब प्रदेश के दूसरे पार्कों में भी बारासिंगा की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के चलते अब बांधवगढ़ पार्क में भी बारासिंगा को भेजने की कार्ययोजना शुरू हो गई है, जिसके बाद बांधवगढ़ पार्क में भी पर्यटकों को बारासिंगा के दीदार होंगे।

नैनपुर में सिस्टम की भेंट चढ़ीं नहरें, कागजों पर हर खेत को पानी
- धरातल पर प्यासे हैं किसानों के खेत
- सिल्ट और झाडिय़ों में गुम हुई माइनर नहरें
- बदहाली के कारण अंतिम छोर तक नहीं पहुँच पा रहा सिंचाई का पानी
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश की मोहन सरकार जहाँ एक ओर हर खेत को पानी पहुँचाने का दावा कर रही है, वहीं नैनपुर क्षेत्र में सिंचाई विभाग की लापरवाही इन दावों की पोल खोल रही है। क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली मुख्य नहरें और उनकी उप-नहरें (माइनर) रख-रखाव के अभाव में दम तोड़ रही हैं। आलम यह है कि नहरें अब कूड़ेदान और झाडिय़ों के झुरमुट में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे टेल एंड पर स्थित गाँवों तक पानी पहुँचना असंभव हो गया है।
बताया गया कि गाद और कटाव से बढ़ा खतरा नहरों की वर्तमान स्थिति की पड़ताल करने पर डरावनी तस्वीर सामने आती है। सालों से सफाई न होने के कारण नहरों की तलहटी में भारी सिल्ट (गाद) जमा हो गई है। कई स्थानों पर झाडिय़ों और खरपतवार ने पानी के बहाव को पूरी तरह रोक दिया है। इसके अलावा, नहरों की पटरियाँ कई जगह से क्षतिग्रस्त हैं, जिससे पानी का दबाव बढ़ते ही नहर टूटने और फसलों के डूबने का खतरा हमेशा बना रहता है।
किसानों की बढ़ रही मुश्किलें
नहरों में पानी होने के बावजूद खेतों तक न पहुँचने से किसान आक्रोशित हैं। स्थानीय किसान अवनीश ठाकुर ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया नहर विभाग केवल कागजों पर सफाई का कोरम पूरा करता है। पानी के अभाव में हमें निजी ट्यूबवेलों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे खेती की लागत दोगुनी हो गई है। अन्य किसानों का आरोप है कि अधिकारी केवल मॉनसून में बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर ही जागते हैं, शेष वर्ष कोई सुध नहीं ली जाती।
अधिकारियों का रटा-रटाया जवाब
जब इस संबंध में सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने हमेशा की तरह बजट की कमी का रोना रोया। हालांकि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि रोस्टर के अनुसार सफाई कार्य प्रस्तावित है और जल्द ही विशेष अभियान चलाकर अंतिम छोर तक पानी पहुँचाया जाएगा।
“आरंभ – एक नई उड़ान 2026″: द ऑर्किड फन स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा
- आरंभ-एक नई उड़ान 2026, नन्हे कलाकारों ने मोहा मन
- द ऑर्किड फन स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा की छटा
- वार्षिकोत्सव में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और कलेक्टर रहे मौजूद
- द ऑर्किड फन स्कूल का भव्य वार्षिक समारोह
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
- कैबिनेट मंत्री ने की शैक्षणिक गुणवत्ता की प्रशंसा
द ऑर्किड फन स्कूल का भव्य वार्षिक समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह, मंत्री ने की शैक्षणिक गुणवत्ता की प्रशंसा
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान ‘द ऑर्किड फन स्कूल’ का वार्षिक समारोह “आरंभ – एक नई उड़ान 2026” रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से न केवल मंच पर आत्मविश्वास दिखाया, बल्कि उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती संपतिया उइके (कैबिनेट मंत्री, म.प्र. शासन) द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कलेक्टर सोमेश मिश्रा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने की। इसके अलावा उप संचालक (IFS) पुनीत गोयल और डीएफओ ईस्ट प्रीथा एस. एम. ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
संस्कृति और प्रतिभा का संगम
वार्षिक समारोह के दौरान स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य, प्रेरणादायक नाट्य मंचन और सुमधुर समूह गीतों की श्रृंखला पेश की। बच्चों की हर प्रस्तुति में कड़ी मेहनत और विद्यालय के बेहतर मार्गदर्शन की झलक दिखाई दी। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नन्हे कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने सराहा विद्यालय का प्रयास
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि, “द ऑर्किड फन स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्ट शिक्षा की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।” कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बच्चों के आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में संस्कार और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए आवश्यक हैं।
आभार प्रदर्शन और समापन
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के संचालक सौरभ तिवारी एवं प्राचार्या आकांक्षा तिवारी ने सभी अतिथियों का सम्मान किया और अभिभावकों व स्कूल स्टाफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामूहिक वंदे मातरम् के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के गौरव से भर उठा।
बीजाडांडी बम्होरी के मजदूरों को कार ने रौंदा
- 2 महिलाओं की मौत, तीन महिला गंभीर, 11 घायल
- प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही ने ली निर्दोषों की जान
- गोर बायपास पर मजदूरों के साथ दिल दहला देने वाला हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर मार्ग नेशनल हाईवे 30 के गोर बायपास पर एक भीषण और हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम बम्होरी के मजदूरों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 2 श्रमिकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी अनुसार बीजाडांडी के ग्राम बम्होरी के ये श्रमिक अपनी आजीविका के लिए कार्य कर रहे थे, तभी बेकाबू क्रेटा कार मौत बनकर आई और पलक झपकते ही उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो महिला मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और तीन महिलाएं गंभीर घायल हुई और 11 लोग घायल हुए है। गंभीर घायलों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
कार्य स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी
इस घटना ने शासन-प्रशासन और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई। ठेकेदार द्वारा मजदूरों की सुरक्षा के लिए न तो पर्याप्त संकेतक लगाए गए थे और न ही सुरक्षा घेरा बनाया गया था। स्थानीय लोगों और परिजनों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि ठेकेदार की लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता ने निर्दोष श्रमिकों की बलि ले ली।
मातम में डूबा ग्राम बम्होरी
हादसे की खबर मिलते ही ग्राम बम्होरी में मातम पसर गया है। मृतक और घायल श्रमिक अत्यंत गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी कार चालक के साथ लापरवाह ठेकेदार पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए और पीडि़त परिवारों को तत्काल उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। वर्तमान में पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।
मंडला पुलिस का महा-जागरूकता अभियान
- खेल के मैदान से लेकर पंचायतों तक गूंजा सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश
- हेलमेट की अनिवार्यता और साइबर ठगी से बचने के लिए ग्रामीणों व छात्रों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में जन-जागरूकता का विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत यातायात नियमों, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, नशा मुक्ति, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर ग्रामीणों व युवाओं को विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान थाना बिछिया पुलिस ने ग्राम लपती में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के बीच पहुँचकर खिलाडिय़ों को खेल के साथ जीवन की सुरक्षा का संदेश दिया। उपनिरीक्षक प्रवीण मालवीय ने खिलाडिय़ों को नशे से दूर रहने और दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई। वहीं थाना कोतवाली द्वारा कटरा स्थित शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
पंचायतों और सार्वजनिक मंचों पर जागरूकता कार्यक्रम
पिंडरई चौकी के महावीर चौक रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड और महिला अपराधों से बचने के तरीके बताए गए। नैनपुर थाना के ग्राम पंचायत निवारी में लोकल फॉर वोकल और नशा विरोधी अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित कर ग्रामीणों को सामाजिक सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया। चाबी चौकी और मोहगांव के ग्राम चाबी और खैरी मॉल में पुलिस ने ग्रामीणों को यातायात नियमों और नशा मुक्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर उन्हें जागरूक नागरिक बनने की अपील की। बताया गया कि मंडला पुलिस का यह अभियान जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचकर आम जनता के बीच सुरक्षा और सतर्कता का वातावरण निर्मित करने में सफल रहा है।
मैली चौराहे पर हेलमेट न पहनने वालों पर चालानी कार्रवाई, नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम
- सड़क सुरक्षा और जागरूकता के साथ छात्रों को दी साइबर अपराध से बचने की सीख
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशानुसार थाना टिकरिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी गोपाल भोंसले के नेतृत्व में नारायणगंज के मैली चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
नारायणगंज पुलिस टीम ने मैली चौराहे पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 15 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले दो नाबालिग वाहन चालकों के भी 1000-1000 रुपये के चालान काटे गए। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि नाबालिगों को वाहन थमाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है।
नशे से दूरी है जरूरी अभियान का किया प्रचार प्रसार
कार्रवाई के साथ-साथ टिकरिया पुलिस ने नशे से है दूरी, जरूरी अभियान के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार किया। टीआई गोपाल भोंसले एवं उनकी टीम ने जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाकर नागरिकों को जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने चौराहे पर एकत्रित नवयुवकों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, विशेषकर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के प्रति आगाह किया।
छात्रों को साइबर अपराध की दी जानकारी
पुलिस टीम ने स्कूलों में पहुँचकर छात्रों को साइबर अपराधों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि कैसे वे इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करें और साइबर ठगी का शिकार होने से बचें। साथ ही, युवा वर्ग को नशे की लत से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने की सलाह दी गई। इस अभियान के दौरान टिकरिया पुलिस बल के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने हर चौराहे पर पहुँचकर आम जनता को सुरक्षित यातायात और नशा मुक्त समाज का संकल्प दिलाया।
आध्यात्मिक चेतना का महासंगम
- बीजाडांडी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- सत्संग से मिला नशामुक्ति और नैतिकता का संदेश
- हजारों भक्तों ने ली नाम दीक्षा
- सत्संग के माध्यम से समाज को कुरीतियों से दूर रहने का किया आह्वान
मंडला महावीर न्यूज 29. सत्संग की आधी घड़ी, तप के वर्ष हजार कबीर साहेब की इस अमृतवाणी को साकार करते हुए बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय पर जिला स्तरीय एक दिवसीय सत्संग एवं नाम दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। संत रामपाल महाराज के अनुयायियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से आए लगभग 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने शिरकत कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इस जिला स्तरीय समागम में मंडला जिले के विभिन्न ब्लॉकों और सुदूर ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्गों की उपस्थिति रही। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो गया था। पूरा वातावरण भजनों और आध्यात्मिक चर्चाओं से भक्तिमय बना रहा।
सत्संग के दौरान वक्ताओं ने मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को त्यागने, नशामुक्त जीवन जीने, पारिवारिक संस्कारों को सहेजने और आपसी भाईचारे को बढ़ाने का संदेश दिया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि सत्संग केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और नैतिक मूल्यों से जोडऩे का एक सशक्त माध्यम है।
बड़ी संख्या में हुआ नाम दान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नाम दीक्षा सत्र रहा, जिसमें बड़ी संख्या में नए श्रद्धालुओं ने दीक्षा ग्रहण कर भक्ति मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। दीक्षा प्राप्त करने वाले भक्तों ने साझा किया कि इस सत्संग से उन्हें मानसिक शांति और जीवन के प्रति एक नई सकारात्मक दृष्टि प्राप्त हुई है। कार्यक्रम स्थल पर सेवादारों द्वारा की गई अनुशासन, स्वच्छता और बैठने की व्यवस्था की सभी ने सराहना की। पेयजल से लेकर श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन तक, हर व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की गई। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और समाज में आध्यात्मिक जागृति लाना है।
सुरक्षा का नया माइक्रो प्लान
- मंडला पुलिस ने माइक्रोबीट सिस्टम से 300 से अधिक नागरिकों को बनाया जागरूक
- मनेरी और टिकरिया के गांवों में चौपाल लगाकर सिखाए यातायात नियम और साइबर सुरक्षा के गुर
- गांव-गांव पहुंचे माइक्रोबीट अधिकारी
- नशा मुक्ति, हेलमेट और साइबर फॉड के विरुद्ध चलाया जनसंवाद अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मंडला जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लागू की गई माइक्रोबीट सिस्टम के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। पुलिस अधीक्षक मंडला के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया, जिसके माध्यम से 300 से अधिक ग्रामीणों को सीधे पुलिस संवाद से जोड़ा गया।
चौकी मनेरी के अंतर्गत माइक्रोबीट अधिकारियों ने अलग-अलग बीट ग्रामों में मोर्चा संभाला। आरक्षक मुकेश शांडिल्य, आनंद कोरी और महिला आरक्षक प्रियंका मिश्रा ने मनेरी बाजार में 110 व्यक्ति, ग्राम गडरा में 100, भवेरा में 50 और ताकवेली में 40 ग्रामीणों को एकत्रित किया। संवाद के दौरान ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता, नशे के दुष्प्रभाव और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही, सामाजिक सतर्कता बढ़ाते हुए अवैध गतिविधियों (जुआ, सट्टा, शराब) की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
टिकरिया में चौपाल लगाकर किया जागरूकता
थाना टिकरिया के ग्राम कुड़ामैली में माइक्रोबीट प्रभारी आरक्षक रामरतन मस्करे ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने वाहन चलाने के दौरान लाइसेंस, बीमा और अन्य दस्तावेज पूर्ण रखने की समझाइश दी। विशेष रूप से बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों और किराएदारों की सूचना थाने में दर्ज कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
अपराधियों पर सतत निगरानी
इस अभियान का एक मुख्य उद्देश्य बीट स्तर पर आदतन अपराधियों और निगरानीशुदा बदमाशों की गतिविधियों को बीट बुक में दर्ज करना भी है। माइक्रोबीट प्रणाली के सक्रिय होने से अब छोटी-छोटी सूचनाएं भी सीधे पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा बन रही हैं, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
किड्जी प्ले स्कूल, सिविल लाइन्स के बच्चों ने स्टेट बैंक, यातायात थाना, पुलिस थाना, रेल्वे स्टेशन, नगर पालिका का किया भ्रमण
नन्हे बच्चों ने जाना कैसे चलता है शहर
- किड्जी प्ले स्कूल की फील्ड ट्रिप में बैंक से लेकर थाने तक का भ्रमण
- स्कूली बच्चों ने सीखे यातायात के नियम और समझी बैंकिंग व रेलवे की कार्यप्रणाली
- फील्ड ट्रिप के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत हुए बच्चे
मंडला महावीर न्यूज 29. किड्जी प्ले स्कूल सिविल लाइन्स मंडला द्वारा नन्हे विद्यार्थियों के लिए एक विशेष फील्ड ट्रिप का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को समुदाय सहायकों और पब्लिक सेक्टर के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से व्यावहारिक रूप से अवगत कराना था। भ्रमण की शुरुआत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से हुई, जहाँ ब्रांच मैनेजर शेखर कोल्हे ने बच्चों को पैसा जमा करने, निकालने और एफडी जैसी बैंकिंग गतिविधियों के महत्व को समझाया। इसके बाद बच्चे महाराजपुर रेलवे स्टेशन पहुँचे। स्टेशन मास्टर आरके श्रीवास्तव के निर्देशन में बच्चों ने टिकट कलेक्शन, रेल इंजन को जोडऩे की प्रक्रिया और आधुनिक पैनल रूम के संचालन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
बताया गया कि यातायात थाने के भ्रमण के दौरान प्रभारी ललित धुर्वे और सूबेदार योगेश राजपूत ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियम बताए और दुर्घटनाओं से बचने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कोतवाली थाने में नगर निरीक्षक शफीक खान के निर्देशन में बच्चों को थाने के लॉकर और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया दिखाई गई। बच्चों को पुलिस से निर्भीक रहने और आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की सीख दी गई।
नगर पालिका और फायर ब्रिगेड का कराया भ्रमण
नगर पालिका मंडला में सीएमओ गजानन नाफडे के मार्गदर्शन में बच्चों ने फायर शाखा डायल 101 की कार्यप्रणाली देखी। आग लगने पर विभाग को सूचित करने से लेकर आग बुझाने तक की गतिविधियों का जीवंत प्रदर्शन बच्चों को दिखाया गया। इस ट्रिप ने न केवल बच्चों के ज्ञानवर्धन में मदद की, बल्कि उनमें टीम वर्क और सामाजिक संपर्क की भावना को भी बढ़ाया। इस सफल आयोजन में स्कूल के डायरेक्टर निशांत शुक्ला, प्राचार्या शालिनी शुक्ला, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी सहित स्कूल प्रबंधन का विशेष योगदान रहा।
मंडला की बेटी ने जयपुर में लहराया परचम: अंशिका राय ने जीता ‘मिस ब्यूटी विथ ब्रेन’ का नेशनल टाइटल
- नेशनल टीवी रियलिटी शो में सिझौरा की अंशिका का जलवा
- इंडियास टॉप मॉडल में हासिल किया बड़ा खिताब
ग्रामीण अंचल की प्रतिभा अंशिका राय को मिला ‘मिस ब्यूटी विथ ब्रेन’ का नेशनल टाइटल
मंडला महावीर न्यूज 29. मण्डला जिले के सुदूर ग्रामीण अंचल सिझौरा की बेटी अंशिका राय ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। अंशिका ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित ‘अग्रवाल प्रोडक्शन हाउस’ के प्रतिष्ठित टीवी रियलिटी शो ‘इंडियास टॉप मॉडल’ में हिस्सा लेकर ‘मिस ब्यूटी विथ ब्रेन’ का नेशनल टाइटल अपने नाम किया है।
कठिन प्रतिस्पर्धा में दिखाया हुनर
देशभर से उभरते हुए मॉडल्स को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस शो में विभिन्न राज्यों के सैंकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के दौरान अंशिका राय ने अपनी बुद्धिमानी, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार किया। उनके संतुलित प्रदर्शन और प्रभावशाली व्यक्तित्व को देखते हुए निर्णायकों ने उन्हें ‘मिस ब्यूटी विथ ब्रेन’ के प्रतिष्ठित खिताब से नवाजा।
सफलता का श्रेय परिवार को
अंशिका राय, अमित कुमार राय की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी इस गौरवमयी सफलता का पूरा श्रेय अपने परिवार और विशेष रूप से अपनी माँ को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। ग्रामीण अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के मंच पर सफलता प्राप्त करने वाली अंशिका आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी इस उपलब्धि पर सिझौरा सहित पूरे मण्डला जिले में हर्ष की लहर है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
केहरपुर में सजेगा कबड्डी का मैदान: बसंत पंचमी पर ‘गोंडवाना कप 2026’ का भव्य आयोजन
- कबड्डी प्रेमियों के लिए खुशखबरी
- केहरपुर में जुटेंगे खिलाड़ी
- विजेता टीम को मिलेगा 3001 रुपये का इनाम
गोंडवाना कप कबड्डी प्रतियोगिता 23 जनवरी को, डॉ. अशोक मर्सकोले होंगे मुख्य अतिथि
मंडला महावीर न्यूज 29. खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत केहरपुर (विकासखंड मंडला) में आगामी बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर एक दिवसीय ‘गोंडवाना कप कबड्डी प्रतियोगिता 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 23 जनवरी 2026 को शिव मंदिर के पास, उपरटोला केहरपुर में संपन्न होगी।
नियम और पुरस्कार
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर रात 10 बजे तक चलेगी। खेल को निष्पक्ष और अनुशासित बनाने के लिए प्रो-कबड्डी के नियम लागू रहेंगे। समिति ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में पाए जाने पर टीम को तत्काल बाहर कर दिया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹3001, द्वितीय पुरस्कार ₹1501 और तृतीय पुरस्कार ₹501 रखा गया है। प्रवेश शुल्क मात्र ₹201 निर्धारित है।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत मंडला अध्यक्ष सोनू भलावी, ग्राम पंचायत पोड़ी सरपंच राजेन्द्र धुर्वे और हाईस्कूल केहरपुर के प्राचार्य धनीराम मरावी उपस्थित रहेंगे। इनके साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पत्रकार और खेल शिक्षक भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
पंजीयन के लिए करें संपर्क
आयोजन समिति के सदस्य प्रयाग टेकाम, राजेन्द्र भलावी, रविन्द्र कोकड़िया और रवि धुर्वे ने क्षेत्र के सभी कबड्डी खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। पंजीयन हेतु खिलाड़ी 8120257177 या 7723920191 पर संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क सूत्र
प्रयाग टेकाम – 8120257177
राजेन्द्र भलावी – 7723920191
रविन्द्र कोकड़िया – 9109886654
रवि धुर्वे – 9329815103
भगवामय हुआ मंडला, हिंदू एकता के जयघोष के साथ निकली विशाल वाहन रैली
- पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
- कुंभ स्थल पर हिंदू संगम आज
- कैबिनेट मंत्री ने किया स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन से पूर्व शनिवार को मंडला की सड़कों पर उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वावधान में निकाली गई भव्य वाहन रैली के माध्यम से समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक चेतना जाग्रत करने का संदेश दिया गया।
वाहन रैली का शुभारंभ अष्ट विनायक लॉन डिंडोरी नाका से हुआ। रैली में हजारों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हुए, जिन पर लहराते भगवा ध्वज और गूंजते जयकारों ने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया। यह रैली कटरा, बिंझिया, देवदरा और महाराजपुर मार्ग जैसे नगर के प्रमुख हिस्सों से होते हुए माहिष्मति घाट पहुँची।
मातृशक्ति और जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
रैली का स्वागत नगर में जगह-जगह भव्य रूप से किया गया। नेहरू स्मारक के समीप प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपत्तिया उइके के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्तियों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। रैली के समापन पर माहिष्मति घाट के तट पर भारत माता एवं माँ नर्मदा की विधि-विधान से आरती की गई।
आज कुंभ स्थल पर महासंगम
आयोजन समिति के संयोजक सुधीर कांसकार ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य आज 18 जनवरी रविवार को कुंभ स्थल पर आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन हेतु जनजागरण करना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, युवाओं और बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुँचकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के इस संकल्प का हिस्सा बनें।
मंडला पुलिस का अनूठा अभियान
- नियम मानने वालों को मिला सम्मान, बिना हेलमेट वालों को मिली सुरक्षा
- मंडला पुलिस ने सिझौरा हाईवे पर चलाया जागरूकता अभियान, बांटे नि:शुल्क हेलमेट
- सुरक्षित सफर की पाठशाला, मनेरी के स्कूल में बच्चों को सिखाए यातायात नियम
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले में यातायात जागरूकता और सड़क सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को थाना बिछिया और निवास के चौकी मनेरी के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
बताया गया कि थाना बिछिया के अंतर्गत नेशनल हाईवे रोड, सिझौरा में आयोजित शिविर में एसडीओपी बिछिया सौरव तिवारी और थाना प्रभारी रंजीत सिंह सैयाम ने ग्रामीणों को संबोधित किया। इस दौरान ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत नशा मुक्ति और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में सिझौरा, मंगावेली, करंजिया और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हेलमेट किये वितरित
इस अभियान की खास बात यह रही कि कल्पतरु प्रोजेक्ट के सहयोग से उन लोगों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे। वहीं, नियमों के प्रति सजग रहने वाले महिला-पुरुषों को, जो नियमित हेलमेट पहनते हैं, प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
स्कूली बच्चों को दी हेल्पलाइन की जानकारी
इसी क्रम में चौकी मनेरी के अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल गडरा में एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। यहाँ लगभग 100 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों जैसे सीट बेल्ट, सीमित गति और नशा मुक्ति की जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों को वर्तमान समय की चुनौतियों से निपटने के लिए मानस हेल्पलाइन (1933) और साइबर हेल्पलाइन (1930) के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक प्रवीण मालवी, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश विजयवार, उपेंद्र यादव सहित विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुंबई से आया पार्सल हितग्राही को मिला नहीं, रिकॉर्ड में दिखाया डिलीवर
- डाक विभाग की लापरवाही
- नारायणगंज उप डाकघर की मनमानी, कागजों में पहुँच गया पार्सल
- असलियत में दस्तावेजों के लिए भटक रहा ग्रामीण परिवार
मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील मुख्यालय नारायणगंज में डाक विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहाँ एक महत्वपूर्ण पार्सल हितग्राही तक पहुँचे बिना ही रिकॉर्ड में वितरित दिखा दिया गया। आधुनिक सुविधाओं के दावों के बीच विभाग की इस कोताही ने आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सूत्रों के अनुसार नारायणगंज उप डाकघर पड़रिया नारायणगंज एसओ के अंतर्गत आने वाले ग्राम मैली के एक हितग्राही का पार्सल यूटीआई कोंकण भवन, मुंबई से 6 जनवरी को बुक किया गया था। ट्रैकिंग रिकॉर्ड के अनुसार इस पार्सल को 9 जनवरी को बीओ चंदहेरा में डिलीवर दिखा दिया गया, जबकि वास्तविकता में यह संबंधित हितग्राही परिवार तक पहुँचा ही नहीं।
परेशान हो रहे ग्रामीण
महत्वपूर्ण दस्तावेज न मिलने के कारण पीडि़त परिवार दर-दर भटकने को मजबूर है। जब इस संबंध में डाककर्मियों से जानकारी माँगी गई, तो उनकी ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण ग्रामीणों में जागरूकता की कमी है, जिसका लाभ उठाकर कर्मचारियों द्वारा नियमों की अनदेखी करने की आशंका जताई जा रही है।
जांच और कार्रवाई की मांग
नारायणगंज क्षेत्र के ग्रामीणों ने डाक विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाए। इसके साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पार्सल वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य नागरिक को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बीजाडांडी के मजदूरों को गुजरात में बनाया बंधक, मंडला कलेक्टर की पहल पर सुरक्षित हुई वापसी
- टाइल्स फैक्ट्री में कैद थे मंडला के श्रमिक
- जनपद सभापति और प्रशासन की तत्परता से मिली मजदूरी और आजादी
मंडला महावीर न्यूज 29. रोजगार की तलाश में गुजरात गए विकासखंड बीजाडांडी के मजदूरों को बंधक बनाए जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से इन मजदूरों को न केवल फैक्ट्री के चंगुल से मुक्त कराया गया, बल्कि उन्हें उनकी पूरी मजदूरी दिलवाकर सुरक्षित घर वापस लाया गया।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत मगरधा से शुभम, बरौंची से संतोष और मानिकसरा से विनीता सहित मंडला जिले के अन्य मजदूर गुजरात के जिला मोरबी के ग्राम पावडिय़ा स्थित स्काइप नामक टाइल्स फैक्ट्री में काम करने गए थे। वहाँ फैक्ट्री संचालक और ठेकेदार द्वारा मजदूरों को न तो मजदूरी दी जा रही थी और न ही उन्हें घर वापस आने दिया जा रहा था। मजदूरों ने आरोप लगाया कि वहां से आने की कोशिश करने वालों के साथ मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा था। मजदूरों की इस विपदा की जानकारी फोन के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनपद पंचायत बीजाडांडी के सभापति राजेन्द्र पुट्टा को प्राप्त हुई। श्री पुट्टा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मंडला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा को वस्तुस्थिति से अवगत कराया।
सकुशल वापसी और मजदूरी का कराया भुगतान
कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई और सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार सिन्हा के समन्वय से गुजरात प्रशासन व संबंधित फैक्ट्री प्रबंधन से संपर्क साधा। दबाव के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी बंधक मजदूरों को मुक्त किया और उनकी मेहनत की पूरी राशि का भुगतान किया। बंधक मुक्त हुए सभी मजदूर अब सकुशल अपने घर लौट आए हैं। मजदूरों और उनके परिजनों ने इस मानवीय मदद के लिए जिला प्रशासन और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सवारी ऑटो पलटा, एक की मौत, 6 घायल
- साप्ताहिक बाजार आ रहे ग्रामीणों के साथ दर्दनाक हादसा
- टक्कर मार अज्ञात वाहन फरार, एक गंभीर घायल जबलपुर रेफर
- निवास के साहू मोहल्ला में रफ्तार का कहर, ऑटो पलटने से मची चीख-पुकार
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास-बरेला मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। निवास के साहू मोहल्ला के पास सवारियों से भरे एक ऑटो को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हाथीतारा से सवारियां लेकर एक ऑटो निवास के साप्ताहिक बाजार की ओर आ रहा था। जैसे ही ऑटो साहू मोहल्ला के पास पहुँचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया।
बताया गया कि इस सड़क हादसे में भागीरथ पिता दशरथ 62 वर्ष, निवासी ग्राम हाथीतारा रैयत की घटना स्थल पर ही दुखद मृत्यु हो गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए और एक गंभीर घायल हो गया। गंभीर घायल में धर्मेंद्र पिता सुखलाल 35 वर्ष, निवासी देवगांव की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में अन्य घायलों में रोहणी बाई 35 वर्ष, नान बाई 45 वर्ष, नेकी बाई 50 वर्ष और नन्हे लाल 46 वर्ष का इलाज निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
उदयपुर, नारायणगंज में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा का अल्प प्रवास
- शहीद स्मारक पहुंचे सांसद विवेक तन्खा, सांसद ने सुनी जनसमस्याएं
- उदयपुर में शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण और मंच निर्माण की उठी मांग
- राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा अपने अल्प प्रवास के दौरान शुक्रवार शाम मंडला जिले के उदयपुर स्थित शहीद स्मारक स्थल पहुंचे। यहाँ उन्होंने अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुँवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सांसद श्री तन्खा ने कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से भेंट की। उन्होंने लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद निवास विधायक चैन सिंह वरकडे को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
स्मारक के विकास की मांग
कार्यक्रम के दौरान शहीद स्मारक समिति के सदस्यों ने सांसद को क्षेत्र की प्रमुख मांगों से अवगत कराया। ग्रामीणों ने शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह प्रांगण में बाउंड्री वॉल और एक स्थायी मंच निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में होने वाले आयोजनों में सुविधा हो सके।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर निवास विधायक चैन सिंह वरकडे, सम्मति सैनी, अरविंद तिवारी, अजमेर गौठरिया, राजेंद्र पु_ा, जिला सदस्य भूपेंद्र वरकडे, आरएस जैसवाल, जिला उपाध्यक्ष इकबाल अहमद, बलदेव सिंह परते, राम जी मरावी, चुंगन मार्को, गोविन्द कछवाहा, शंकर मरावी, जीतू परते, कमल परते और उपराव सिंह सहित ब्लॉक कार्यकारिणी के समस्त कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नारायणगंज में सांसद विवेक तन्खा का स्वागत, कुम्हा घाट के नवनिर्माण का हुआ भूमिपूजन
- नर्मदा तट के विकास को मिली गति
- विधायक चैन सिंह बरकड़े ने कुम्हा घाट के लिए दी 5 लाख की राशि
- राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने किया कुम्हा घाट का शिलान्यास
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा का मंडला प्रवास से लौटते समय नारायणगंज क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नारायणगंज के मैली चौराहे पर बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने सांसद का अभिनंदन किया।
सांसद श्री तन्खा ने क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के केंद्र कुम्हा घाट पहुंचकर मां नर्मदा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने घाट के नवनिर्माण के लिए शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मौजूद निवास विधायक चैन सिंह बरकड़े ने घाट निर्माण के लिए तत्काल 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की और आश्वासन दिया कि भविष्य में घाट के विस्तार और सुविधाओं के लिए और भी निधि उपलब्ध कराई जाएगी।
घाट निर्माण से मिलेगी सुविधा
कुम्हा घाट का नारायणगंज क्षेत्र में विशेष महत्व है। यहाँ प्रतिवर्ष नर्मदा जयंती और मकर संक्रांति के अवसर पर मेले का आयोजन होता है, जिसमें जिले के विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पक्के घाट के निर्माण से यहाँ आने वाले भक्तों को काफी सुविधा होगी।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सांसद विवेक तन्खा और विधायक चैन सिंह बरकड़े के साथ जिला अध्यक्ष अशोक मर्सकोले, मगनलाल सोनी, रघुनंदन विश्वकर्मा, संदीप सोनी, जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकड़े, विपिन रामकुमार सोनी, विपिन छत्रपाल सोनी, नरेश सोनी, हिरदेश साहू, रितेश सोनी, रुपेश अग्रवाल, राजकुमार तेकाम, अखिलेश मरावी, दीपचंद साहू सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नारायणगंज में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान का आगाज
- 26 जनवरी तक चलेगा ग्राम विकास पखवाड़ा
- सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए ग्रामोंत्सव शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद विकासखंड नारायणगंज के तत्वावधान में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा द्वारा स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार 12 से 26 जनवरी तक संचालित होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना और पात्र हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए एक सकारात्मक वातावरण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामोंत्सव मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम विकास के विभिन्न पहलु जिसमें ग्राम चौपाल एवं ग्राम रैली का आयोजन, सामूहिक श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण, परिवार संपर्क एवं सामाजिक समरसता का आयोजन इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को विकास कार्यों से जोड़ा जाएगा।
नशा मुक्ति की दिलाई शपथ किया सम्मान
विकासखंड समन्वयक संतोष झरिया ने इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान और विकासखंड में संचालित अन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों, समितियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने में परामर्शदाता राकेश अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, सुरेश सोनी, इंद्रा उइके, सुमित हथाले सहित नवांकुर संस्था के कमलेश पावले, अमरनाथ मरकाम और कृष्ण कुमार झरिया का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
फिजियोथेरेपी के दौरान छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को एक वर्ष का कारावास
- मंडला न्यायालय ने सुनाया फैसला
- आदिवासी महिला से बदसलूकी करने वाले आरोपी को जेल
- एससी, एसटी एक्ट और छेड़छाड़ की धाराओं में सजा
- इलाज के नाम पर मर्यादा लांघने वाले आरोपी को न्यायालय ने दी सजा
मंडला महावीर न्यूज 29. विशेष न्यायाधीश एससी, एसटी एक्ट न्यायालय, जिला मंडला द्वारा छेड़छाड़ के एक मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। न्यायालय ने आरोपी सुधीर साहू 30 वर्ष, निवासी करियागांव अंजनिया को धारा 354 (क) भादस एवं एससी, एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 01 वर्ष के सश्रम कारावास और 2000 रुपये के जुर्माने से दंडित किया है।
अभियोजन के अनुसार पीडि़ता जो आंशिक रूप से लकवाग्रस्त थी, अपना उपचार कराने के लिए बिंझिया स्थित मां नर्मदा फिजियोथेरेपी सेंटर जा रही थी। 20 अगस्त 2021 को जब वह थेरेपी करवा रही थी, तब आरोपी सुधीर साहू ने चेहरे की थेरेपी करने के बहाने पीडि़ता के साथ अत्यंत आपत्तिजनक और अश्लील हरकत की। पीडि़ता के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने यह जानते हुए भी कि वह आदिवासी समुदाय से है, बुरी नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की।
बताया गया कि पीडि़ता की लिखित शिकायत पर थाना कोतवाली मंडला ने अपराध दर्ज कर विवेचना के बाद चालान न्यायालय में पेश किया। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने सशक्त साक्ष्य और तर्क प्रस्तुत किए। न्यायालय ने प्रस्तुत सबूतों और गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया। प्रकरण में शासन की ओर से सफल पैरवी सहायक निदेशक अभियोजन एसएस ठाकुर द्वारा की गई। उनके तर्कों से सहमत होते हुए न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने का आदेश जारी किया।
18 जनवरी को भोपाल में जुटेगा ओबीसी, एससी, एसटी समाज
- संवैधानिक अधिकारों के लिए महासम्मेलन का आह्वान
- आरक्षण और सामाजिक न्याय की लड़ाई
- मंडला जिले से हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. ओबीसी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की ज्वलंत समस्याओं और संवैधानिक अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए आगामी 18 जनवरी को भोपाल के गोविंदपुरा (भेल) स्थित दशहरा मैदान में एक विशाल महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में प्रदेश भर से लाखों लोगों के जुटने की संभावना है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विमलेश सोनी और अपाक्स प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह सम्मेलन इन वर्गों के साथ हो रहे वर्षों पुराने अन्याय और उपेक्षा के विरुद्ध एक निर्णायक संघर्ष है।
महासम्मेलन के माध्यम से शासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी जाएंगी, जिनमें ओबीसी वर्ग को जनसंख्या के अनुपात में 52 प्रतिशत आरक्षण देना और पदोन्नति में आरक्षण का लाभ प्रदान करना। एससी, एसटी, ओबीसी के सभी बैकलॉग पदों को विशेष भर्ती अभियान चलाकर भरना। आउटसोर्स, संविदा और निजी क्षेत्रों में भी आरक्षण व्यवस्था लागू करना। विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना और छात्रावासों की संख्या बढ़ाना। सफाई कर्मियों को ठेका प्रथा से मुक्त कर नियमित करना और पुरानी पेंशन योजना बहाल करना। पेसा अधिनियम और पांचवीं अनुसूची को प्रभावी ढंग से लागू कर आदिवासियों को उनके संसाधनों व रोजगार का हक दिलाना।
दमनात्मक कार्रवाई का विरोध
नेताओं ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सामाजिक न्याय की आवाज उठाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई लोकतंत्र के विरुद्ध है। आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई को तत्काल वापस लेने की मांग भी इस मंच से उठाई जाएगी।
मंडला जिले से शामिल होने की अपील
मंडला जिले के अजाक्स जिलाध्यक्ष गजराज मरावी, अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी, ओबीसी महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष कुंजबिहारी पटेल और जिलाध्यक्ष सी.बी. पटेल ने संयुक्त रूप से जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम जनता से अपील की है। उन्होंने कहा कि यह महासम्मेलन केवल एक सभा नहीं, बल्कि संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय की गारंटी को लागू कराने का संकल्प है। अत: अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर इस लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।
कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघ से आपसी द्वंद्व में मादा तेंदुए की मौत
- किसली परिक्षेत्र की घटना, कान्हा नेशनल पार्क में गश्ती दल को मिला शव
- पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार, बाघ द्वारा शिकार की आशंका
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत किसली परिक्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक मादा तेंदुए की मौत का मामला सामने आया है। सुबह लगभग 8.30 बजे गश्ती दल को डिगडोला बीट के कक्ष क्रमांक 696 (20) स्थित साजानाला नामक स्थान पर तेंदुए का शव दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने डॉग स्क्वाड की मदद से घटना स्थल का निरीक्षण किया। जाँच के दौरान मौके पर बाघ के पदचिन्ह, विष्ठा और घसीटने के निशान पाए गए हैं। मृत मादा तेंदुए के शरीर पर बाघ के दांतों के निशान मिले हैं और चेहरे के पास खून जमा था। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि बाघ के साथ हुए संघर्ष या हमले के कारण तेंदुए की मृत्यु हुई है। हालांकि तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं।
बताया गया कि मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम डॉ. संदीप अग्रवाल कान्हा टाइगर रिजर्व, डॉ. आशीष कुमार वैध पशु चिकित्सक बैहर और डॉ. सुनील गोयल पशु चिकित्सक मोचा के दल द्वारा किया गया। निर्धारित प्रोटोकॉल और एनटीसीए के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए क्षेत्र संचालक रवीन्द्रमणि त्रिपाठी, उपसंचालक पुनीत गोयल और अन्य अधिकारियों व प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शवदाह की कार्यवाही पूर्ण की गई। वन विभाग ने निर्धारित नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम जाँच जारी है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है।
रोटरी क्लब का पदस्थापना समारोह
- जिला अस्पताल में लिफ्ट के लिए मंत्री और सांसद ने दिए 20 लाख
- प्रसन्न सराफ बने रोटरी क्लब मंडला के अध्यक्ष, समाजसेवियों का हुआ सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय झंकार भवन में रोटरी क्लब मंडला का वार्षिक पदस्थापना समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और विशेष अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नवपदस्थ अध्यक्ष प्रसन्न कुमार सराफ ने की। इस अवसर पर जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट निर्माण के लिए मंत्री संपतिया उइके ने 10 लाख रुपये और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने 10 लाख रुपये का स्वीकृति पत्र सीएमएचओ को सौंपा।
कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने रोटरी को मानवता की सेवा में समर्पित बताते हुए कार्यों की प्रशंसा की, वहीं सांसद तन्खा ने मानव सेवा को राजनीति से ऊपर बताया। कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल को प्रदान किए गए शव वाहन का लोकार्पण भी किया गया।
नई टीम ने संभाला दायित्व
पदस्थापना समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष गीता कालपीवार ने नवअध्यक्ष प्रसन्न कुमार सराफ को और निवर्तमान सचिव प्रसन्न सराफ ने नव सचिव सुरेश चौधरी को कॉलर पहनाकर पदभार सौंपा। इसके साथ ही रोटरी क्लब नैनपुर जंक्शन की टीम को भी पदभार ग्रहण कराया गया। स्वागत उद्बोधन डॉ. संजय तिवारी ने दिया और गीता कालपीवार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सम्मान और सामाजिक सरोकार समारोह में 50 वर्षों से सक्रिय वरिष्ठ सदस्य बलदीव सिंह मैनी, नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी हर्षवर्धन बृजपुरिया, राइफल शूटर अमर्त्य दुबे और रक्तदान क्षेत्र के अजय वंशकार को सम्मानित किया गया। चार जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट की गई और दिव्यांग विद्यार्थियों को स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय और आभार प्रदर्शन प्रसन्न सराफ ने किया।
राष्ट्रीय स्तर पर चमका मंडला का नाम: छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रथम ‘रोवर रेंजर राष्ट्रीय जम्बूरी’ में मध्यप्रदेश को मिला दूसरा स्थान
- एक भारत-श्रेष्ठ भारत की झलक
- 33 राज्यों के बीच मंडला के स्काउट-गाइड्स ने जीतीं 14 प्रतियोगिताएं
- लोकनृत्य की हुई चौतरफा प्रशंसा
राष्ट्रीय जम्बूरी में मंडला के स्काउट-गाइड्स ने फहराया सफलता का परचम, मध्यप्रदेश को दिलाया द्वितीय स्थान
मंडला महावीर न्यूज 29. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित ‘प्रथम रोवर रेंजर राष्ट्रीय जम्बूरी’ में मंडला जिले के प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। 9 से 13 जनवरी 2026 तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के दल ने कुल 16 विधाओं में से 14 में जीत दर्ज कर देश भर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
33 राज्यों के बीच मंडला का दबदबा
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला (जिला कमिश्नर स्काउट) वंदना गुप्ता के निर्देशानुसार, अशोक वरकड़े के नेतृत्व में मंडला जिले के 40 प्रतिभागियों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया। इस जम्बूरी में देश के सभी राज्यों, रेलवे और नवोदय विद्यालय सहित कुल 33 राज्यों के 15,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए थे।
14 विधाओं में मिली सफलता मंडला के दल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कैंप फायर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मार्च पास्ट, फूड प्लाजा, फोक डांस, फैशन शो, झांकी, राज्य प्रदर्शनी, गेट सजावट और कैंप सजावट जैसी 13 अन्य प्रतियोगिताओं में द्वितीय स्थान हासिल किया। विशेष रूप से मंडला के पारंपरिक लोकनृत्य की राष्ट्रीय मंच पर सराहना की गई, जिसने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को चरितार्थ किया।
इन्होंने किया प्रतिनिधित्व
मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले दल में पीएम श्री विद्यालय सिंगारपुर के 24 छात्र-छात्राएं, क्रमांक-2 मंडला के 8 और बिछिया विद्यालय के 2 छात्र शामिल रहे। इस दौरान जिला स्काउट सचिव लोक सिंह पदम, डीओसी गाइड प्रीति मसराम और अन्य वरिष्ठ लीडर्स ने दल का मार्गदर्शन किया।
हर्ष की लहर
जिले की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला मुख्य आयुक्त डॉ. संजय तिवारी, जिलाध्यक्ष अजय खोत, गीता काल्पीवार, डॉ. स्वल्पा बड़गैया सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिले के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️













































































