पिपरिया मड़ई में उमड़ा जनसैलाब

पिपरिया मड़ई में उमड़ा जनसैलाब

कंबलों की गर्माहट और जलेबी की मिठास के बीच दूसरे दिन भी रही रौनक

  • पिपरिया मड़ई में दूसरे दिन जमकर हुई खरीदारी
  • सुरक्षा के लिए पुलिस रही मुस्तैद

मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील की सबसे बहुप्रतीक्षित पिपरिया मड़ई का आगाज शनिवार को चंडी पूजन के साथ हुआ। मड़ई के दूसरे दिन भी उत्साह का माहौल चरम पर रहा। साफ मौसम और सुहावनी धूप ने मड़ई की रौनक में चार चांद लगा दिए, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु मड़ई स्थल पर पहुंचे।बताया गया कि पिपरिया मड़ई अपनी खास परंपराओं और व्यापार के लिए जानी जाती है। विशेष रूप से यह मड़ई कंबलों के व्यापार के लिए प्रसिद्ध है, जहां अन्य राज्यों और जिलों से आए व्यापारियों के पास लोग विशेष तौर पर कंबल खरीदने पहुंचते हैं। दूसरे दिन कंबलों की जमकर बिक्री हुई। वहीं, मड़ई की पारंपरिक मिठाई जलेबी का स्वाद चखने के लिए हर उम्र के लोग कतारबद्ध नजर आए। इसके अलावा बर्तनों और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की।

मनोरंजन के साधनों का लिया लुत्फ 

मड़ई स्थल पर मनोरंजन के विविध साधनों ने बच्चों और युवाओं को आकर्षित किया। श्रद्धालुओं ने ड्रेगन झूला, क्रॉस झूला, ब्रेक डांस, नाव झूला, आकाशवाणी झूला और बच्चों के प्रिय मिक्की माउस का भरपूर आनंद उठाया। सुबह से लेकर देर रात तक झूला परिसर में लोगों की भारी भीड़ बनी रही।

पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद 

हजारों की भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। थाना प्रभारी वर्षा पटेल अपने पूरे दलबल के साथ स्वयं मोर्चा संभाले हुए थीं। मड़ई स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस कर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था।

रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles