अनसुलझी मौत-पिपरिया मड़ई से लौट रहे दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत
- पत्थरों पर पड़ी मिली बाइक, दादर गांव में छाया मातम
- मड़ई की खुशियां मातम में बदलीं
- देवडोंगरी के पास दुर्घटना में दो युवकों की गई जान
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। निवास-मंडला मार्ग पर स्थित ग्राम देवडोंगरी के पास बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान ग्राम दादर गांव निवासी शिवकुमार यादव 20 वर्ष पिता बालचंद और दीपक यादव 18 वर्ष पिता धन सिंह के रूप में हुई है।
निवास थाने में पदस्थ एएसआई मायाराम धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताई कि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना स्थल पर किसी प्रत्यक्षदर्शी के न होने के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि बाइक किसी वाहन से टकराई या अनियंत्रित होकर पलटी। राहगीरों ने देखा कि दोनों युवकों के शव सड़क किनारे पड़े थे और उनकी बाइक पास ही पत्थरों के ऊपर पड़ी हुई थी।
मड़ई से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया गया है कि दोनों युवक शनिवार को पास के ग्राम पिपरिया में आयोजित मड़ई मेला देखने गए थे। मेले का आनंद लेने के बाद देर रात जब वे अपनी बाइक से वापस अपने गांव दादर लौट रहे थे, इसी दौरान देवडोंगरी के पास वे हादसे का शिकार हो गए। रात में 112 डायल को सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को निवास मर्चुरी लाया गया।
गांव में हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को निवास पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद उनके गृह ग्राम दादर गांव में गमगीन माहौल में रीति-रिवाजों के साथ दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ दो युवकों की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। निवास पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
⇓
दर्दनाक सड़क हादसा-पिपरिया मड़ई से लौट रहे दो युवकों की मौत – Mahaveer News 29










